'फितूर' से आगे 'सनम रे'

वैलेंटाइन डे के दो दिन पहले यानी 12 फरवरी को बॉलीवुड की इश्क़ में डूबी दो फिल्में रिलीज़ हुईं। कश्मीर की वादियों में दोनों ही फिल्मों को शूट किया गया है। एक में कटरीना कैफ़ और आदित्य रॉय कपूर का रोमांस था, तो दूसरे में पुलकित सम्राट और यामी गौतम की कैमिस्ट्री थी। लोकेशन एक था, लेकिन कहानियां जुदा थीं। बजट और स्टारकास्ट के मामले में 'फितूर', 'सनम रे' से बड़ी फिल्म थी। लेकिन पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के हिसाब से 'सनम रे', 'फितूर' से ज़्यादा कामयाब बताई जा रही है। इसी बीच एक हॉलीवुड फिल्म ने भी मैदान मार लिया है।

ऑदित्य रॉय कपूर और कटरीना कैफ फिल्म 'फितूर' में और 'सनम रे' के कलाकार यामी गौतम के पुलकित सम्राट
मुंबई। कटरीना कैफ़ और आदित्य रॉय कपूर की फिल्म 'फितूर' और पुलकित सम्राट और यामी गौतम की फिल्म 'सनम रे' एक ही दिन रिलीज़ हुईं। दोनों ही फिल्म में कश्मीर की खूबसूरत वादियों को जबरदस्त तरीक़े से फिल्माया गया है। इस खूबसूरत वादी में पनपती प्रेम कहानी को निर्देशकों ने अपने - अपने चश्में से दिखाने की कोशिश की है।

जहां 'रॉक ऑन' और 'काई पो छे' के निर्देशक अभिषेक कपूर ने चार्ल्स डिकेंस के उपन्यास पर आधारित कहानी को परदे पर दिखाने की कोशिश की है। वहीं दिव्या कुमार ने भी अलग प्रेम कहानी को रुपहले परदे पर दिखाने की कोशिश की है।

वैलेंटाइन वीक का पूरा फायदा लेने की कोशिश में लगे दोनों निर्देशकों को उम्मीद के मुताबिक तो कामयाबी नहीं मिली, लेकिन दिव्या की फिल्म ने अभिषेक की फिल्म से कमाई के मामले में बाज़ी मार ली है।

आपको बता दें कि 'फितूर' 70 करोड़ लागत से बनी है और इसमें कटरीना कैफ़, आदित्य रॉय कपूर और तब्बू सरीखे कलाकार हैं। क्रिटिक्स ने इसे उलझी हुई फिल्म करार दिया। फिल्म क्रिटिक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट करके बताया कि इस फिल्म ने पहले दिन सिर्फ़ 3.61 करोड़ का बिजनेस किया।

वहीं दूसरी तरफ 'सनम रे' को भी क्रिटिक्स ने नकार दिया। लेकिन यदि इसकी तुलना 'फितूर' से की जाए, तो इस फिल्म का बजट काफी कम है। 'सनम रे' 15 करोड़ में बनी है और इसमें सितारे के रूप में पुलकित सम्राट और यामी गौतम हैं।

कुछ देर के लिए ऋषि कपूर भी हैं। इस फिल्म की कमाई के बारे में तरण आदर्श ने ट्वीट कर बताया कि इसने पहले दिन 5.04 करोड़ का बिजनेस किया।

दोनों फिल्म के पहले दिन की कमाई से साफ हो गया है कि 'सनम रे', 'फितूर' पर भारी पड़ गई है। लोग कटरीना कैफ़ - आदित्य रॉय कपूर की जोड़ी के बदले यामी गौतम - पुलकित सम्राट की कैमिस्ट्री देखना ज़्यादा पसंद कर रहे हैं। खै़र, यह तो पहले दिन का हाल है। अभी वीकेंड बाकी है और वैलेंटाइन डे का दिन भी है। उम्मीद का दामन पकड़ कर रखना चाहिए।

इन दोनों फिल्मों के अलावा हॉलीवुड की फिल्म 'डेडपूल' भी भारत में रिलीज़ हुई है। इस फिल्म का फर्स्ट डे कलेक्शन भी 'फितूर' से ज्यादा रहा। 'डेडपूल ने शुक्रवार को भारत में 4 करोड़ रुपए का बिजनेस किया। पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के हिसाब से पहले नंबर पर 'सनम रे', दूसरे नंबर पर 'डेडपूल' और तीसरे नंबर पर 'फितूर' काबिज़ है।