ऋषि कपूर के नाम है एक अनोखा रिकॉर्ड

ऋषि कपूर बॉलीवुड के ऐसे अभिनेता हैं, जिनके साथ सबसे ज्यादा अभिनेत्रियां लॉन्च हुई हैं। इसकी शुरुआत फिल्म 'बॉबी' की डिंपल कपाड़िया से होते हुए ज़ेबा बख्तियार और अश्विनी भावे तक पहुंची। तकरीबन बीस अभिनेत्रियां है, जिन्होंने अपने सिने करियर की शुरुआत ऋषि कपूर की फिल्म से की। 

rishi kapoor's unique record
बॉलीवुड में डेब्यूटेंट एक्टर और एक्ट्रेस को लेकर ख़बरें आती रहती हैं। इन दिनों कोई पूछे, तो शायद सलमान खान का नाम सबसे पहले लेकर कहा जाएगा कि इन्होंने सबसे ज्यादा अभिनेत्रियों को लॉन्च किया है। 

अब ऐसे में हम कहें कि बॉलीवुड में सबसे ज्यादा डेब्यूटेंट एक्ट्रेस के साथ काम करने का रिकॉर्ड ऋषि कपूर के पास है, तो आप ज़रूर चौंक जाएंगे, लेकिन आंकडों की माने, तो यह सच है। 

ऋषि कपूर के अपोजिट 20 से अधिक अभिनेत्रियों ने अपने करियर की शुरुआत की है। इसमें डिंपल कपाड़िया, जया प्रदा, ज़ेबा बख्तियार, अश्विनी भावे, गौतमी कपूर जैसे नाम शामिल हैं।

अभिनेता ऋषि कपूर के साथ लॉन्च होने वाली पहली अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया हैं। डिंपल ने साल 1973 में आई फिल्म 'बॉबी' से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसमें डिंपल के हीरो ऋषि कपूर थे। यह फिल्म उस दौर की सुपरहिट फिल्म साबित हुई। 

डिंपल के बाद साल 1977 में आई फिल्म 'हम किसी से कम नहीं' में काजल किरण ने करियर की शुरुआत की। बाद में काजल को लगभग 20 फिल्मों में बतौर हीरोइन तुरंत साइन कर लिया गया। 

अभिनेत्री सोमा आनंद के करियर की शुरुआत भी ऋषि कपूर के साथ हुई। साल 1976 में आई फिल्म 'बारूद' उनकी पहली फिल्म थी, तो वहीं फिल्म 'कूली' में भी वो ऋषि के अपोजिट नजर आईं।

इसी तरह फिल्म 'दो जासूस' से भावना भट्ट, तो वहीं फिल्म 'सरगम' से जया प्रदा ने ऋषि कपूर की फिल्म से सिने करियर का आगाज़ किया। फिल्म 'सरगम' के बाद ऋषि के साथ जया प्रदा की कई फिल्में आईं और फिर वो बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस बन गईं। 

फिल्म 'नसीब अपना अपना' से तमिल एक्ट्रेस राधिका ने अपने हिन्दी सिने करियर की शुरुआत की। इस फिल्म में राधिका के अपोजिट ऋषि कपूर थे। 

अभिनेत्री नसीम ने अपने जीवन में एक ही फिल्म की और वो भी ऋषि कपूर के साथ। फिल्म 'कभी-कभी' में वो अमिताभ और वहीदा की बेटी बनी हैं, जिन्हें ऋषि कपूर से प्यार हो जाता है, लेकिन ऋषि पहले से नीतू सिंह से प्यार करते हैं। 

फिल्म 'सांभर सालसा' में प्रियंका, फिल्म 'लैला मजनू' में रंजीता, फिल्म 'चांदनी' में मीता वशिष्ट हों, 'नकाब' में गौतमी, 'हिना' में जेबा बख्तियार और अश्विनी भावे, फिल्म 'दरार' में शीला शर्मा, फिल्म 'कुछ तो है' में नताशा ने अपनी पहली फिल्म ऋषि कपूर के साथ की है। 

ऐसा नहीं था कि जब ऋषि जवान थे, तभी ऐसा हो रहा था। सिनेमा में तीस साल के करियर के बाद भी कई अभिनेत्रियों ने अपने करियर की पहली फिल्म ऋषि के साथ ही की। फिल्म 'विजय' में सोनम ने, फिल्म 'कुछ तो है' में कुसुमिता सना, फिल्म 'फना' में गौतमी कपूर तक ने अपने सिने करियर की पहली फिल्म ऋषि कपूर के साथ की। फिल्म 'फना' में आमिर, काजल के अलावा ऋषि और गौतमी कपूर मुख्य भूमिका में थे, जबकि 'फना' से ही सनाया ईरानी ने भी अपने करियर की शुरुआत की थी।

यह लिस्ट और भी लंबी हो जाती, क्योंकि पद्मिनी कोल्हापुर, दिव्या भारती और तब्बू ने भी अपनी पहली फिल्म ऋषि कपूर के साथ साइन की थी, लेकिन इन तीनों की फिल्म किसी और अभिनेता के साथ पहले रिलीज़ हो गई। 
अभी तक यह रिकॉर्ड ऋषि कपूर के नाम रहा, लेकिन अब वो थम चुका है। आने वाले वक्त में यह रिकॉर्ड किसके नाम बनता है। कब बनता है, वो तो वक्त ही बताएगा।

टिप्पणियाँ