ए. आर. रहमान को मिलेगा हृदयनाथ अवॉर्ड

ऑस्कर अवॉर्ड के विजेता संगीतकार ए आ रहमान को अब हृदयनाथ मंगेशकर अवॉर्ड से नवाज़ा जाएगा। 5 वें हृदयनाथ अवॉर्ड रहमान को फ़िल्मकार सुभाष घई देंगे।

ए आर रहमान को मिला हृदयनाथ मंगेशकर पुरस्कार
मुंबई। अपनी रूमानी धुनों से अलग पहचान बनाने वाले संगीतकार ए आर रहमान को वर्ष 2015 का हृदयनाथ मंगेशकर पुरस्कार दिया जाएगा। पांचवां हृदयनाथ पुरस्कार रहमान को फ़िल्माकार सुभाष घई सौपेंगे।

यह पुरस्कार स्वर कोकिला कही जाने वाली गायिका लता मंगेशकर के भाई और संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर के नाम पर पिछले 5 सालों से हर साल दिया जा रहा है। 

हृदयनाथ मंगेशकर का जन्मदिन 26 अक्टूबर को होता है और यह पुरस्कार समारोह भी उसी दिन आयोजित किया जाता है। इस मौक़े पर पूरा मंगेशकर परिवार मुम्बई में मास्टर दीनानाथ मंगेशकर हॉल में इकट्ठा होता है। 

इस कार्यक्रम में खास तौर पर संगीत की महफिल सजाई जाती है। इसमें कई गायक अपना हुनर ​​दिखाते हैं। साथ ही यहां संगीत और कला क्षेत्र में योगदान देने वालों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाता है।

किन किन को मिला यह सम्मान

लता, आशा, अमिताभ और सुलोचना के बाद रहमान को यह पुरस्कार प्राप्त हो रहा है। पहला हृदयनाथ पुरस्कार लता मंगेशकर को मिला था और दूसरा पुरस्कार हासिल किया था आशा भोसले ने। 

इसके बाद तीसरा मिला था अमिताभ बच्चन को और चौथा हासिल किया था अभिनेत्री सुलोचना ने। अब पांचवें पुरस्कार की घोषणा हो गई है और ए आर रहमान के नाम पर मुहर लग गई है। इस पुरस्कार को लेने के लिए वे 26 अक्टूबर को मुंबई आएंगे।