हैप्पी बर्थडे मल्लिका

बॉलीवुड ने इन्हें 'सेक्स सिंबल' से लेकर 'हॉट डिवा' तक के उपनामों से नवाज़ा, जी हां, हम बात कर रहे हैं मल्लिका शेरावत की। मल्लिका के बारे में कई तरह की कहानियां और क़िस्से मशहूर हैं। लेकिन इस अदाकारा ने बड़ी बेफ़िक्री से अपना सफ़र तय किया है। तभी तो वो बॉलीवुड के साथ हॉलीवुड की भी कई फ़िल्मों में काम कर चुकी है। आइए, इस अदाकारा के जीवन के कुछ ख़ास पहलुओं पर नज़र दौड़ाते हैं।

मल्लिका शेरावत अपना जन्मदिन मना रही हैं
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत अपना 39 वां जन्मदिन मना रही हैं। 24 अक्टूबर, 1976 हरियाणा के हिसार में जन्मी मल्लिका की वर्ष 2004 में आई फ़िल्म 'मर्डर' से सुर्खियों में छाईं में।

उनकी गिनती बॉलीवुड की बोल्ड एक्ट्रेसेस में होती है। उन्होंने 'प्यार के साइड इफेक्ट्स', 'शादी से पहले', 'अगली और पगली', 'वेलकम' जैसी फ़िल्मों में काम किया। इसी साल आई फ़िल्म 'डर्टी पॉलिटिक्स' को दर्शकों ने कुछ ख़ास पसंद नहीं किया। 

ख़बर तो यह भी है कि यह सिंगल एक्ट्रेस जल्द ही अपने फ्रांसिसी प्रेमी के साथ सात जन्मों के बंध में बंधने जा रही है। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड में अपना नाम चकमाने वाली अदाकारा को बेबाक और बेफ़िक्र कहा जाता है।

शादी और सगाई

मल्लिका के बारे में कहा जात है कि वे फ़िल्म इंडस्ट्री में आने से पहले शादीशुदा थीं और एक बच्चे की मां भी हैं। लेकिन जब भी उनके बारे में यह सवाल किया जाता, वे इस बात से इंकार कर देती थीं। कई बार मल्लिका ने कहा कि न तो वे शादीशुदा हैं और ना ही उनका कोई बच्चा है।

 खै़र, फिलहाल वे एक फ्रांसिसी व्यक्ति को डेट कर रही हैं और एक साक्षात्कार में अपने खुश होने की बात भी कही थी। काफी अरसे से बड़े परदे से गायब मल्लिका की आख़िरी फ़िल्म 'डर्टी पॉलिटिक्स' थी, जिसमें उन्होंने ओमपुरी के साथ काफ़ी गर्मागर्म सीन्स भी दिए थे।

वैसे, तोअदाकारा ने एक रिएलिटी शो 'द बेचलरेट इंडिया-मेरे ख्यालों की मल्लिका' में धर्मशाला के विजय सिंह को मिस्टर परफेक्ट चुना था। लेकिन यह तो सिर्फ़ एक शो ही बन कर रह गया, रियलिटी में कुछ नहीं हुआ।

ताज़ा ख़बरों की माने, तो फिलहाल इस सुंदरी का दिल किसी फ्रांसिसी बंदे पर आया है और दोनों एक-दूसरे के प्यार में डूबे हैं। ख़बरों को सच माने तो उनके जन्मदिन के दिन ही वो फ्रांसिसी प्रेमी मल्लिका को शादी के लिए प्रपोज़ करेगा।

समाजिक कार्यकर्ता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी

मल्लिका शेरावत की इमेज हमेशा ग्लैमरस ही रही है। लेकिन उनका नाता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और समाजिक कार्यकर्ताओं के खानदान से है।

वे हरियाणा के मशहूर समाजिक कार्यकर्ता और स्वतंत्रता संग्राम सेना सेठ छज्जूराम के परिवार से ताल्लुक रखती हैं। मल्लिका का पैतृक गांव हरियाणा का भिवानी है। यहीं उनके पुरखे रहा करते थे। छज्जू राम (सन् 1861-1943) ने अपने पैतृक पेशे यानी खेती-बाड़ी को छोड़कर कोलकाता जाने का फैसला किया और वहां जाकर वे जूट का व्यापार करने लगे।

कोलकाता में कमाए धन को उन्होंने हरियाण में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने और शिक्षा क्षेत्र के कार्य को आगे लाने में लगा दिया। मल्लिका उन्हीं छज्जू राम के छोटे भाई त्रिखा राम की पड़पोती हैं। उनके पिता मुकेश लांबा, त्रिखा राम के पोते हैं।

हिसार में छज्जू राम के नाम पर कई स्कूल और कॉलेज हैं। उनके परोपकारी कार्यों के लिए ब्रिटिश सरकार द्वारा उन्हें 'सर' की उपाधि दी गई थी। मुकेश लांबा के अनुसार छज्जू राम ने हिसार में जाट एजुकेशन सोसाइटी की स्थापना की थी, जो उनके क्षेत्र में स्कूल और कॉलेज चलाने में मदद करती थी।

छज्जू राम ने भिवानी में एक अस्पताल भी बनवाया था, जिसे बाद में भारत सरकार ने अपने अधीन कर लिया और आज इसे सिविल अस्पताल के नाम से जाना जाता है।

सरनेम क्यों बदला

मल्लिका शेरावत का असली नाम रीमा लांबा है। फ़िल्म 'जीना सिर्फ़ मेरे लिए' में भी उन्होंने इसी नाम से काम किया इसके बाद अपना नाम बदल दिया। उनके नाम बदलने को लेकर कई बातें कही जाती हैं।

फैशन शो के दौरान मलिका शेरावत

मल्लिका के पिता मुकेश कुमार लांबा ने एक साक्षात्कार में कहा था कि मैं उसे आईएएस बनाना चाहता था, लेकिन उसे तो एक्टिंग में रूचि थी। मैं नहीं चाहता था कि वो एक्टिंग करे। इसलिए मैं नाराज हो गया और कह दिया कि अपने नाम के आगे से मेरा सरनेम हटा दे।

वहीं दूसरी कहानी यह है कि मल्लिका की मां का शादी से पहले सरनेम 'शेरावत' था, जिसे उन्होंने अपना लिया।
शेरावत सरनेम रख लेने के पीछे मल्लिका का तर्क है कि उनकी मां ने उनका हर कदम पर साथ दिया और अपनी मां का सरनेम अपना लेने में उन्हें गर्व है।

एक तथ्य यह भी कहा जाता है कि उनका नाम रीमा लांबा बाकी अभिनेत्रियों की तरह नहीं मिलता लगा, तो उन्होंने अपना नाम ही बदल लिया।

मल्लिका शेरावत की शिक्षा दिल्ली में हुई है। दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस से उन्होंने फिलोसॉफी में डिग्री ली है। और वे मॉडलिंग और अभिनेत्री बनने से पहले एयर होस्टेस थीं।

दिलचस्प तथ्य:

मल्लिका के जीवन में और भी कई दिलचस्प मोड़ हैं। उन दिलचस्प तथ्यों को आइए पढ़ते हैं ...

फ़िल्म के दृश्य में मल्लिका शेरावत

  1. मल्लिका शेरावत का असली नाम रीमा लांबा है। उनका जन्म हरियाणा के हिसार जिले के एक छोटे गांव मोथ में हुआ था।
  2. उनका परिवार पारंपरिक जाट परिवार है और उनके फ़िल्मी दुनिया में आने के ख़िलाफ़ था।
  3. उन्होंने दिल्ली युनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस कॉलेज से फिलॉसफी में ग्रेज्युएशन की डिग्री है।
  4. फ़िल्मी दुनिया में अपने लिए जगह बनाते हुए मल्लिका ने हमेशा कहा कि उनका परिवार बेहद पारंपरिक है, जबकि उनके परिवार ने कहा कि मल्लिका ने अपनी एक खास इमेज बनाने के लिए ऐसी बातें फैलाईं।
  5. फ़िल्मों में आने से पहले ही मल्लिका को अमिताभ बच्चन के साथ बीपीएल और शाहरुख़ ख़ान के साथ सैंट्रो का विज्ञापन मिल चुका था।
  6. वह अपनी पहली फ़िल्म के पहले ही, निर्मल पांडे के म्यूजिक वीडियो 'मार डाला' और सुरजीत बिंद्राकिया के वीडियो 'लक तुनो' में नजर आ चुकी थीं।
  7. ख़्वाहिश फ़िल्मों से मल्लिका को चर्चा मिली क्योंकि इसमें उनहोंने रिकॉर्डतोड़ चुंबन दिए थे।
  8. सफलता मल्लिका को 'मर्डर' से मिली जो हॉलीवुड फ़िल्म 'अनफैथफुल' से प्रेरित होकर बनाई गई थी।
  9. फ़िल्म 'मर्डर' के लिए मल्लिका को जी बेस्ट सिने अवार्ड के लिए नामांकित किया गया था।
  10. अपनी हॉलीवुड फ़िल्मों की पारी में, मल्लिका ने इंटरनेशनल स्टार जैकी चैन के साथ फ़िल्म 'मिथ' काम किया था। इसमें उनकी भूमिका एक भारतीय लड़की की थी, जो जैकी चैन के पात्र को एक नदी में से बचाती है।
  11. 'मिथ' के प्रमोशन के लिए, मल्लिका कान फिल्म फेस्टीवल में गई थीं जहां टाइम मैग्जीन के रिचर्ड कोर्लिस ने उन्हें उभरती हुई अभिनेत्री बताया था।
  12. वर्ष 2012 में मल्लिका शेरावत, अमेरिका के पॉप स्टार ब्रुनो मार्स के साथ पैरोडी वीडियो साल्ट एन पैपा वाटा मैन फॉर द कॉमेडी में नजर आ चुकी हैं।
  13. वर्ष 2013 में, मल्लिका का कार्यक्रम बैचलोरेट इंडिया टीवी पर आया था। इस कार्यक्रम के माध्यम से मल्लिका स्वयं के लिए सही वर की तलाश कर रही थीं।
  14. अपनी उम्र हमेशा ग़लत बताने की वजह से वे सुर्खियों में रही हैं।
  15. फ़िल्मों में करियर बनाने के पहले, मल्लिका एयर होस्टेस थीं। इसके बाद वह मॉडलिंग की तरफ मुड़ गईं और फिर उन्होंने फ़िल्मों में काम किया।
  16. साल 2000 में मल्लिका शेरावत ने जेट एयरवेज के पायलट करन सिंह गिल से शादी की थी, जिनके साथ उनका तलाक हो गया।
  17. मल्लिका शेरावत ऐसी पहली भारतीय अभिनेत्री थीं, जिसे प्रसिद्ध 'प्लेबॉय' मैग़ज़ीन के कवर पर न्यूड पोज करने का प्रस्ताव मिला था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया क्योंकि उन्हें डर था कि उन्हें बॉलीवुड में ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
  18. मल्लिका को उनके कार्यक्रम 'बैचलोरेट इंडिया' के हर एपीसोड के लिए एक करोड़ रुपये दिए गए थे।
  19.  वर्ष 2005 में उन्होंने कान फ़िल्म फैस्टीवल में 45 मिलियन रुपए कीमत के हीरे पहने थे। 
  20. ओरा कंपनी ने खास तौर पर उनके नेकलेस लिए, ब्रेसलेट और कान के टॉप्स तैयार करवाए थे।
  21. प्रसिद्ध म्यूजिशियन यन्नी ने लांस एंजिलस् में हुए एक कांसर्ट के दौरान एक गाना मल्लिका को डेडीकेट किया था। ऐसा उन्होंने पहली बार किसी के लिए किया था।
  22. मर्डर और ख्वाहिश के बाद, मल्लिका शेरावत ने अपनी फीस में जबरदस्त इजाफा किया था। माना जाता है, हिमेश रेशमिया की फिल्म आप का सुरूर के लिए अपने 10 मिनिट के रोल के लिए मल्लिका 1.5 ने करोड़ रुपए चार्ज किए।
  23. मल्लिका को उनके बड़बोलेपन के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने खुद को ऐसी पहली भारतीय अभिनेत्री कहती हैं, जिसने ऑनस्क्रीन चुंबन दृश्य दिए हैं। बावजूद इसके कि उनसे पहले देविका रानी 1933 में ऑनस्क्रीन किंसिंग सीन कर चुकी हैं।
  24. मल्लिका शेरावत के मुताबिक उन्हें सुपीरियोरिटी कॉम्प्लेक्स है। उनके मुताबिक उनका सबसे अधिक हिम्मतवाला काम, उनका घर से गहने चोरी करके भागना था। 
  25. मल्लिका शेरावत वैजिटेरियन हैं। यहां तक ​​कि वे डेयरी उत्पाद भी इस्तेमाल नहीं करती्। उनके मुताबिक डेयरी उत्पाद भी नुकसानदेह होते हैं।
  26. बॉलीवुड के बड़े बैनर और सुपरस्टार्स ने मल्लिका से सदैव दूरी बना कर रखी। हो सकता है कि यदि बड़े सितारों और बैनर का साथ मिला होता, तो मल्लिका आज किसी और मुक़ाम पर होतीं।
संबंधित खबरें
आगे बिग बॉस 9 से रुपल बाहर