नहीं रहे पद्मश्री तारक मेहता

देश के प्रसिद्ध नाटककार और पद्मश्री तारक मेहता का आज सुबह 87 साल की उम्र में निधन हो गया। तारक मेहता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बता दें कि सब टीवी का मशहूर धारावाहिक इन्हीं के कॉलम ‘दुनिया ने ओंधा चश्मा’ पर आधारित है।

indian humorist and playwright Taarak Mehta passes away no cremation after body donation

मुंबई। पद्मश्री तारक मेहता का लंबी बीमारी के बाद 87 साल की उम्र में निधन हो गया। मशहूर लेखक और नाटककार तारक मेहता के कॉलम ‘दुनियां ने ओंधा चश्मा’ पर ही सब टीवी का धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ बना गया था। इस धारावाहिक में तारक मेहता का किरदार हास्य कवि शैलेष लोढ़ा निभा रहे हैं।

साल 2008 में असित कुमार मोदी ने तारक मेहता के कॉलम ‘दुनिया ने ओंधा चश्मा’ की कहानी पर आधारित ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ का निर्माण किया। यह धारावाहिक सब टीवी पर प्रसारित किया जाता है।

इस धारावाहिक के किरदार जेठालाल, दया बेन और बाबू जी काफी मशहूर हैं। यह धारावाहिक अपने नौवें साल में चल रहा है। हाल में इस धारावाहिक ने दो हज़ार एपीसोड पूरे किए हैं। यह देश का सबसे लंबा कॉमेडी शो भी बन चुका है।

इस शो में दिलीप जोशी, दिशा वकानी और अमित भट्ट प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। यह शो गोकुलधाम सोसायटी में रहने वाले छह परिवारों की कहानी है। इसके हर एपीसोड में सामाजिक संदेश भी होता है।

शो में सबसे मजेदार किरदार पोपटलाल हैं, जो कि एक पत्रकार हैं। वो हमेशा अपने छाते के नीचे रहते हैं। साथ ही अपनी शादी के लिए भी चिंतित हैं।

साल 2015 में हुए पद्मश्री

तारक मेहता के निधन की ख़बर मिलते ही उनके प्रशंसक दुख में डूब गए। बता दें कि तारक मेहता को साल 2015 में देश के नागरिक सम्मान से नवाज़ा जा चुका है। वे कई प्रकार की हास्य कहानियों का गुजराती में अनुवाद कर चुके हैं।

अंतिम संस्कार नहीं, देहदान होगा

तारक मेहता का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। दरअसल, उनका परिवार उनका देहदान करना चाहता है। देहदान करने का फैसला तारक ने ही लिया था। उनकी इच्छा थी कि उनका देहदान किया जाए।

गुजरात के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजली

तारक मेहता के निधन पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने उन्हें ट्विटर पर श्रद्धांजली दी है। उन्होंने लिखा है कि तारक मेहता के निधन से दुखी हूं। हास्य-रस के लेखक और स्तंभकार। वे हमेशा ही हमारे चेहरे पर मुस्कान लेकर आए। उनके परिवार के सदस्‍यों के प्रति मेरी संवेदनाएं।