रणबीर कपूर पर लगा है करोड़ों का दांव

भले ही बीते कुछ सालों से रणबीर कपूर की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन न कर पा रही हों, लेकिन अभी भी उन पर बॉलीवुड का भरोसा कायम है। तभी तो रणबीर पर तकरीबन 400 करोड़ का दांव खेला गया है। यह अविश्वसनीय, लेकिन तथ्य है। 

रणबीर कपूर की आने वाली फिल्में
मुंबई। बॉलीवुड की नई पीढ़ी के कलाकारों में रणबीर कपूर को अव्वल माना जाता है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस के नंबर्स इस बात की गवाही नहीं देते। लगातार बॉक्स ऑफिस पर ढहने वाली फिल्में देने के बाद भी बॉलीवुड का रणबीर कपूर पर भरोसा कायम है। तभी तो उनकी आने वाली महज चार फिल्मों पर 400 करोड़ का दांव लगाया गया है। 

अपने डीएनए में ही एक्टिंग लेकर आने वाले अभिनेता रणबीर कपूर के लिए बीते साल कुछ ख़ास नहीं रहे। पर्सनल से लेकर प्रोफेशनल परेशानियों से जूझते नज़र आए। लेकिन अब लगता है कि परेशानी के बादल छट चुके हैं और उनके लिए उम्मीद का सूरज भी निकल चुका है। 

फिलहाल रणबीर की फिल्मा किट्टी में चार बड़ी फिल्में हैं और चारों बड़े और सफल बैनर की फिल्में है। दिलचस्प बात यह है कि इन चारों फिल्मों के बजट को मिलाएं, तो तकरीबन 400 करोड़ होते हैं। एक अभिनेता पर फिल्म इंडस्ट्री में इतना बड़ा दांव खेलना इस ओर ईशारा करता है कि रणबीर पर फिल्म इंडस्ट्री को अभी भी विश्वास है। 

ख़ैर, आइए करते हैं चर्चा, रणबीर की आगामी फिल्म्स और बजट के बारे में। 

संजय दत्त की रणबीर कपूर स्टारर बायोपिक ‘संजू’ 29 जून को रिलीज़ हो रही है। कुछ दिनों पहले आए टीज़र ने ही दर्शकों के साथ आलोचकों को रणबीर ने अपना दीवाना बना दिया। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म पर कोई 100-110 करोड़ का दांव लगाया गया है। रणबीर के अलावा फिल्म में मनीषा कोईराला, दिया मिर्जा, पेरश रावल, सोनम कपूर और विक्की कौशल मुख्य भूमिका में हैं। 

‘संजू’ के अलावा अपने दोस्त आयान मुखर्जी की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में भी रणबीर कपूर अहम भूमिका निभा रहे हैं। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म धर्मों प्रोडक्शन की महंगी फिल्मों में से एक है। बताया जा रहा है कि फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ तीन फिल्मों की श्रृंखला है, जिसकी पहली किश्त 15 अगस्त 2019 में रिलीज़ होगी। वहीं इस फिल्म की पहली किश्त के निर्माण में ही 100 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। आलिया और रणबीर के अलावा फिल्म में अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय भी नज़र आएंगे। 

इसके अलावा हाल ही यशराज फिल्म्स ने ‘शमशेरा’ नाम की फिल्म की घोषणा की है। तकरीबन 120-130 करोड़ की बजट वाली फिल्म में रणबीर कपूर ‘डाकू’ की भूमिका में नज़र आएंगे। जबरदस्त एक्शन सीन्स की भरमार वाली इस फिल्म में संजय दत्त ग्रेशेड में नज़र आएंगे, तो वहीं रणबीर के अपोज़िट वाणी कपूर होंगी। फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत से शुरू होने की संभावना है। 

इन तीन फिल्मों के अलावा लव रंजन की आगामी प्रोजोक्ट के लिए भी रणबीर कपूर ने हामी भर दी है। इस फिल्म में रणबीर कपूर और अजय देवगन नज़र आएंगे। फिल्म में अजय देवगन भी पैसा लगा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने, तो 70-80 करोड़ का बजट फिल्म के लिए निर्धारित किया गया है। फिल्म की शूटिंग साल 2019 में शुरू होगी। 

अब आप यदि रणबीर के चारों प्रोजेक्ट के बजट को जोड़ेंगे, तो पाएंगे कि इन दिनों सबसे ज्यादा पैसा रणबीर कपूर पर बॉलीवुड ने लगाया है। उम्मीद है, इस बार बॉक्स ऑफिस रणबीर कपूर को निराश नहीं करेगा। 

संबंधित ख़बरें
अजय देवगन को हुआ ‘टेनिस एल्बो’, जिससे कभी सचिन तेंदुलकर भी थे ग्रसित