अश्विनी अय्यर तिवारी के लिए कंगना रनौत खेलेंगी ‘कबड्डी’

इन दिनों कंगना रनौत लंदन में फिल्म ‘मेंटल है क्या’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन जल्दी ही वो अश्विनी अय्यर तिवारी की फिल्म में ‘कबड्डी’ प्लेयर की भूमिका में नज़र आने वाली हैं। अभी तक फिल्म का नाम तो तय नहीं हो पाया है, लेकिन इसकी शूटिंग अक्टूबर-नवंबर में शुरू हो जाएगी। 

कंगना बनेंगी कबड्डी प्लेयर
मुंबई। कंगना रनौत उन अभिनेत्रियों में से हैं, जो जुदा किरदारों को चुनने के लिए जानी जाती है। हर बार अपने किरदारों के वेरिएशन का ध्यान रखती हैं, ताकि वो टाइपकास्ट की शिकार न हो जाएं। परदे पर अपने प्रशंसकों के लिए एक नए अवतार में आने की उनको कोशिश हमेशा रहती है। 

उन्हीं कोशिशों के तहत एक बार फिर वो नेवरीसीन बिफोर रोल में परदे पर आने वाली हैं। ‘बरेली की बर्फी’ फेम निर्देशिका अश्विनी अय्यर तिवारी की अगली फिल्म में कंगना एक कबड्डी खिलाड़ी की भूमिका निभाती नज़र आएंगी। 

सूत्रों की माने, तो अश्विनी की इस फिल्म की शूटिंग कंगना अक्टूबर से दिसंबर के बीच करेंगी। फिलहाल फिल्म का नाम तय नहीं हो पाया है। 

फिलहाल कंगना लंदन में ‘मेंटल है क्या’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसके 11 जुलाई तक पूरी होने की संभावना है। इसके बाद वो अपनी बहुप्रतिक्षित फिल्म ‘मणिकार्णिका : द क्वीन ऑफ झांसी’ का पैचवर्क निबटाएंगी। फिर पहले से तय दो ब्रांड शूट का काम करेंगी। 

इन सभी कमिटमेंट को पूरा कर वो अश्विनी अय्यर की फिल्म के लिए तैयारियों में जुट जाएंगी। इस किरदार के लिए कंगना को फिजिकली काफी काम करना है। कबड्डी के खेल में सांस पर नियंत्रण की काफी आवश्यकता होती है, जिसके लिए कंगना ने योगा सेशंस लेना शुरू कर दिया है। 

इसके अलावा अश्विनी कबड्डी कोच की खोज में जुट गई हैं, जो कंगना को खेल की बारीकी सीखा सके। प्रोडक्शन हाउस से जुड़े सूत्रों की माने, तो राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ियों की अश्विनी स्क्रीनिंग कर रही हैं, ताकि कंगना के लिए एक बेहतरीन कोच मुहैया करवाया जा सके। 

ख़ैर, कंगना जल्दी ही अपनी फिल्म ‘मणिकार्णिका : द क्वीन ऑफ झांसी’ में नज़र आएंगी। इस पीरियड ड्रामा फिल्म में कंगना रानी लक्ष्माबाई के किरदार में दिखाई देंगी। फिर कंगना, एकता कपूर की थ्रिलर फिल्म ‘मेंटल है क्या’ में नज़र आएंगी। इस फिल्म में कंगना के साथ राजकुमार राव भी अहम भूमिका में होंगे।

संबंधित ख़बरें