फिल्म समीक्षा : स्ट्रीट डांसर 3D

रेमो डिसूजा की फिल्म ‘स्ट्रीट डांसर 3D’ इस सप्ताह रिलीज़ हो गई है। वरुण धवन, श्रद्धा कपूर, प्रभुदेवा और नोरा फतेही जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म में डांस के अलावा और क्या देखने को मिलेगा, चलिए आपको बताते हैं। 

स्ट्रीट डांस थ्रीडी
फिल्म : स्ट्रीट डांसर 3D

निर्माता : किशन कुमार, भूषण कुमार, लिजेल डिसूजा

निर्देशक : रेमो डिसूजा

कलाकार : वरुण धवन, श्रद्धा कपूर, प्रभुदेवा, अपारशक्ति खुराना, नोरा फतेही, सलमान युसुफ खान, राघव जुयाल, मुरली शर्मा, पुनीत पाठक, धर्मेश येलंडे, सुशांत पूजन

संगीत : सचिन-जिगर, तनिष्क बागची, बादशाह, गुरु रंधावा

जॉनर : डांस ड्रामा 

रेटिंग : 3/5

बतौर कॉरियोग्राफर अपनी छाप छोड़ने के बाद निर्देशन में लगातार हाथ आजमा रहे रेमो डिसूजा की अगली पेशकश है ‘स्ट्रीट डांसर 3D’। फिल्म में वरुण धवन, श्रद्धा कपूर, प्रभुदेवा और नोरा फतेही अहम किरदारों में नज़र आ रहे हैं। डांस के बैकग्राउंड पर रेमो इससे पहले भी फिल्में बना चुके हैं। इस बार उन्होंने क्या कुछ किया है, आइए करते हैं पड़ताल। 

कहानी 

कहानी की पृष्ठभूमि लंदन है। जहां भारतीय मूल के सहज (वरुण धवन) और पाकिस्तानी मूल की इनायत (श्रद्धा कपूर) अलग-अलग डांस ग्रुप से जुड़े हुए हैं। इनायत ‘रूल ब्रेकर्स’, जबकि सहज ‘स्ट्रीट डांसर’ नाम के डांस ग्रुप्स से हैं। ये दोनों एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते और एक-दूजे को नीचा दिखाने के लिए हर संभव प्रयास करते दिखाई देते हैं।

इन दो ग्रुप्स के अलाव एक डांस ग्रुप है, ‘राइट रॉयल’, जिसके सभी डांसर्स अव्वल हैं, उसी ग्रुप में सहज की गर्लफ्रेंड बुबु (नोरा फतेही) है। अब इन सभी डांस ग्रुप्स को पता चलता है कि डांस का सबसे बड़ा कॉम्पिटिशन होने वाला है। ऐसे में सभी के सभी इस कॉम्पिटिशन को जीतना चाहते हैं, क्योंकि इसकी प्राइज़ मनी काफी बड़ी है। 

जहां इनायत ईनाम में मिली राशि से अप्रवासी भारतीय-पाकिस्तानियों को अपने-अपने मुल्क वापस भेजना चाहती है, तो वहीं सहज इस डांस कॉम्पिटिशन को जीत कर अपने बड़े भाई का सपना साकार करना चाहता है। अब किसका सपना साकार होता है, क्या कुछ होता है, जानने के लिए सिनेमाघर का रूख करना होगा। 

समीक्षा 

रेमो डिसूजा डांस को एक अलग आयाम पर लेकर गए हैं। पॉप, जैज, कॉन्टेम्पररी, एफ्रो, लिंकिंग एंड पॉपिंग को ऑडियंस खूब एंजॉय कर पाई, लेकिन फिल्म कुछ खास कमाल करती नहीं दिखी। हालांकि, डांस के दीवानों के लिए रेमो की तरफ से तोहफा है। 

अब कहानी खुद रेमो ने लिखी है और भर-भरकर मसाला डालने की कोशिश भी खूब की है। जैसे परिवार, देशभक्ति, समाज सेवा, इंडिया-पाकिस्तान, डांस, दुश्मनी आदि-अनादि। अब इतने सारे मसालों को डालकर कहानी लिखी तो गई है, लेकिन किसी एक पर भी पूरा फोकस नहीं हो पाया है। 

सिनेमोटोग्राफी अच्छी है, लेकिन फिल्म की लंबाई काफी है। एख के बाद एक डांस आइटम कहानी के फ्लो को रोकते हैं। 

अभिनय के मामले में वरुण धवन और श्रद्धा कपूर अच्छे रहे और यहां तक कि दोनों ने डांस के पटल पर भी कमाल किया है।

वहीं नोरा फतेही को स्क्रीन स्पेस काफी कम मिला है, लेकिन उन्होंने अपने डांस से भरपूर मौजूदगी दर्ज करवाई है। प्रभुदेवा मे अपनी छोटी सी भूमिका को भी जबरदस्त बना दिया। अपारशक्ति खुराना भी इंप्रेसिव रहे हैं। बाकी के डांसर्स से एक्टर बने पुनीत पाठक, धर्मेश, सलमान युसुफ, राघव आदि ने अच्छा काम किया है। कुल मिलाकर क्लाइमैक्स में जबरदस्त डांस का जलवा बिखेरा है।

म्यूजिक के मामले में फिल्म बाजी मार ले जाती है और उस पर प्रभुदेवा का ‘मुकाबला सॉन्ग’ पर डांस आपको मुग्ध कर देगा। 

ख़ास बात

यदि आप डांस के दीवाने हैं, तो यह फिल्म आपके लिए ही है, लेकिन फिल्म में कहानी खोजने और कंटेंट की तलाश है, तो और भी विकल्प हैं।