अन्नू कपूर के 'वो' दमदार किरदार

हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री के बेहतरीन अभिनेताओं में शुमार अन्नू कपूर आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 20 फरवरी 1956 में जन्में अन्नू कपूर बॉलीवुड में अपनी अलहदा अदायगी और हाजिर जवाबी के लिए मशहूर हैं। कभी 23 साल की उम्र में 70 साल के बुजुर्ग की भूमिका निभा कर निर्देशक श्याम बेनेगल की आंखों में चढ़ गए और उन्हें झट से फिल्म भी मिल गई थी। आज भी कॉमेडी हो या फिर क्रूर खलनायक, संजीदा किरदार सभी को बड़ी सहजता से निभा ले जाते हैं। ऐसे में आज उनकी सालगिरह पर उनके चुनिंदा किरदारों का गुलदस्ता....

annu kapoor in film jolly llb 2
अन्नू कपूर ने फिल्मों से लेकर टीवी शो, एंकरिंग और वेब सीरीज़ तक में हाथ आजमाया है और सभी जगह सफलता भी पाई है। आज अन्नू कपूर के बर्थ-डे पर उनकी आगामी फिल्म 'चेहरे' का लुक रिलीज़ किया गया है। पगड़ी बांधे अन्नू कपूर की इस तस्वरी से नेटीजन्स को उनके दमदार किरदार की झलक मिल रही है। जब बात उनके किरदार की हो रही है, तो फिर हम आज आपको उनके कुछ दमदार किरदारों रे रू-ब-रू करवाते हैं। 

मंडी 
अन्नू कपूर की यह पहली फिल्म थी। इस फिल्म में उन्होंने एक डॉक्टर के किरदार को निभाया था। हालांकि, किरदार कुछ खास नहीं था, लेकिन अन्नू कपूर की अदायगी ने इस किरदार को अलग से खड़ा कर दिया था। बता दें कि फिल्म 'मंडी' को श्याम बेनेगल ने निर्देशित किया था और अन्नू कपूर को श्याम बेनेगल में एक नाटक में देखा था, जहां पर उनकी परफॉर्मेंस काफी पसंद आई और उनको फिल्म में कास्ट कर लिया। यहीं से शुरू हुआ था अन्नू कपूर का सिने करियर। 

एक रूका हुआ फैसला 
फिल्म की कहानी साल 1957 की अमेरिकी मूवी '12 एंग्री मैन' से इंस्पायर्ड थी। बासु चटर्जी इस फिल्म के निर्माता निर्देशक थे और फिल्म में अन्नू कपूर ने एक छोटी लेकिन अहम भूमिका निभाई थी। इस बार भी फिल्म में उनो बुजुर्ग का किरदार करने को मिला, जिसे उन्होंने बेहतरीन तरीके से निभाया। 

कंधार
इस फिल्म में अन्नू कपूर ने अनिल नाम का किरदार अदा किया था। इस फिल्म में अन्नू के अलावा शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह सरीखे अदाकार थे, जिनकी रंगमंच की दुनिया में तूती बोलती है। अन्नू के लिए यह फिल्म काफी अहम रही, क्योंकि उस समय के बड़े कलाकारों के बीच अपने-आप का लोहा मनवाने में वो कामयाब रहे। इस फिल्म के बाद उन्होंने साबित कर दिया कि वो लंबी रेस के घोड़े हैं। 

उत्सव
फिल्म 'उत्सव' में अन्नू कपूर ने मसाज करने वाला यानी मालिश करने वाले व्यक्ति का किरदार निभाया था। शंकर नाग, रेखा, अनुराधा पटेल, अमजद खान, शशि कपूर, शेखर सुमन सरीखे कलाकारों से सजी फिल्म में अन्नू कपूर की भूमिका यादगार रही। गिरिश कर्नाड के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अन्नू कपूर का किरदार मालिश करने वाले व्यक्ति का था, जिसे तपस्वी बनना था। उनका किरदार था न, 'जरा हट कर'। 

चमेली की शादी 
अनिल कपूर और अमृता सिंह की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में अन्नू कपूर ने 'छदम लाल' का किरदार निभाया था, जो 'चमेली' का मामा रहता था। 'छदम लाल' गुंडागर्दी और धौंस जमाने वाला किरदार है, जिसकी फिल्म के हीरो से जमकर हाथापाई भी होती है। 

मिस्टर इंडिया 
फिल्म 'मिस्टर इंडिया' के किरदारों की बात ही अलग है। अब चाहे, अरूण हो या सीमा, डग्गा हो या फिर तेजा, या मोगेंबो हो, कैलेंडर हो या फिर गायतोंडे, सभी के सभी दर्शकों को आज भी याद हैं। फिल्म 'मिस्टर इंडिया' में अन्नू कपूर ने अखबार के संपादक 'गायतोंडे' का किरदार निभाया है। श्रीदेवी के अन्नू कपूर की केमिस्ट्री लोगों को काफी पसंद आई थी। ख़ासतौर पर उनके ओपनिंग सीन को तो आज भी याद करके लोग हंस पड़ते हैं। 

विक्की जोनर
फिल्म 'विक्की डोनर' में अन्नू कपूर ने डॉकटर बलदेव चड्ढा का किरदार निभाया था, जो स्पर्म डोनेट करवाता है। इस फिल्म में उनके अंदाज़ से लेकर अदाकारी ने सबका मन मोह लिया था, तभी तो उनको फिल्मफेयर पुरस्कार से लेकर राष्ट्रीय पुरस्कार तक से नवाजा गया। 

सात खून माफ
प्रियंका चोपड़ा की अहम भूमिका वाली इस फिल्म में अन्नू कपूर न एक छोटी सी भूमिका निभाई थी, लेकिन उस किरदार से भी लोगों को अपना मुरीद बना ले गए। फिल्म में अन्नू कपूर ने प्रियंका के पांचवें पति की भूमिका निभाई थी।

शौकीन 
इस कॉमेडी से लबाबल फिल्म में अन्नू कपूर, अनुपम खेर और पीयूष मिश्रा की तिकड़ी नज़र आई थी। इस फिल्म में तीनों ही चंचल बुजुर्ग व्यक्तियों की भूमिका में थे। अन्नू ने इसमें कमलधीर सिंह नाम के एक अविवाहित बुजुर्ग का किरदार निभाया था। फिल्म में अक्षय कुमार और लीसा हेडन भी थे। 

जॉली एलएलबी-2
अक्षय कुमार स्टारर इस फिल्म में अन्नू कपूर ने लखनऊ के एक मशहूर वकील प्रमोद माथुर की भूमिका में दिखे थे। कोर्टरूम में उनकी लखनवी अंदाज़ में बहस ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। 

ड्रीम गर्ल 
आयुष्मान खुराना की इस फिल्म में अन्नू कपूर पिता की भूमिका में दिखे। 'ड्रीम गर्ल' में अन्नू ने जिस प्रकार पिता का हाव-भाव और अभिनय दिखाया था उसने दर्शकों को पेट पकड़कर हंसने पर मजबूर कर दिया।