Coronavirus Outbreak : फिल्म '83' की रिलीज़ डेट टली

कोरोना वायरस की चपेट में अब कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म '83' भी आ चुकी है। फिल्म के मेकर्स ने फिल्म की रिलीज़ डेट को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है। बता दें कि साल 1983 में भारतीय क्रिकेट टीम के पहली बार विश्व विजेता बनने की कहानी पर फिल्म आधारित है। फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय ऑलराउंडर और तब के कप्तान कपिल देव की भूमिका निभाई है। 
ranveer singh playing kapil dev role in film 83
विश्व में इन दिनों कोरोना वायरस ने कोहराम मचाया हुआ है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए तरह-तरह के उपाय किए जा रहे हैं। इसी के चलते हाल में कई संस्थानों जैसे कॉलेज, स्कूल और ऑफिसेस को बंद कर दिया गया है। वहीं फिल्म इंडस्ट्री भी इसकी चपेट में आ चुका है। 31 मार्च तक फिल्म और टीवी की शूटिंग पर फिलहाल रोक लगा दी है। 

सिर्फ शूटिंग पर ही रोक नहीं लगाया गया है, बल्कि कई फिल्मों की रिलीज़ भी टाल दी गई। फिल्मों की रिलीज़ डेट पोस्टपोन होने वाली फिल्मों में अब रणवीर सिंह की आगामी फिल्म भी शामिल हो गई है। 

कबीर खान के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह की मुख्य भूमिका वाली फिल्म '83' की रिलीज़ डेट को अनिश्चकाल के लिए टाल दिया गया है। फिल्म के मेकर्स ने यह फैसला लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए लिया है। 

रणवीर ने फिल्म की रिलीज़ डेट को पोस्टपोन करने की ख़बर अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिये दिया। रणवीर ने लिखा, ' फिल्म '83' सिर्फ हमारी फिल्म नहीं, बल्कि पूरे देश की फिल्म है, लेकिन राष्ट्र का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमेशा सबसे पहले आता है। सुरक्षित रहें, ध्यान रखें। हम जल्द ही वापस आ जाएंगे।'


इस ट्वीट के साथ रणवीर ने अपनी टीम की तरफ से कोरोना वायरस को लेकर लोगों को जागरूक करता हुआ एक नोट भी लिखा है।

बता दें कि साल 1983 में भारतीय क्रिकेट टीम के पहली बार विश्व विजेता बनने की कहानी पर आधारित इस फिल्म में रणवीर सिंह ने ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान कपिल देव का किरदार निभाया है। वहीं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी फिल्म में कैमियो करती नज़र आएंगी। दीपिका, कपिल देव की पत्नी रोमी देव की भूमिका में होंगी।

अपनी भूमिका के बारे में दीपिका ने कहा था कि खेल के इतिहास से सबसे प्रतिष्ठित क्षणों में से एक फिल्म में एक छोटा, लेकिन महत्वपूर्ण हिस्सा निभाना सम्मान की बात है। एक पति के पेशेवर और व्यक्तिगत आकांक्षाओं की सफलता में पत्नी कितनी अहम भूमिका निभाती है, इसे मेरी मां ने बेहद करीब से देखा है और मेरे लिए कई मायनों में '83' हर महिला को समर्पित है, जो अपने पति के सपने को अपने सपनों से पहले रखती है।

फिल्म '83' के कलाकार

फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा साकिब सलीम, आर बद्री, हार्डी संधू, चिराग पाटिल, पंकज त्रिपाठी, अम्मी विर्क और साहिल खट्टर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। पहली बार कबीर खान और रणवीर सिंह काम कर रहे हैं।