Lockdown : रणदीप हुड्डा ने कहा, 'पुलिस आल्या नै स्प्रै मारकै लट्ठ राख रखे हैं...'

संजीदा अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले रणदीप हुड्डा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो अपने नैटिव प्लेस हरियाणा के लोगों को हरियाण्वी में लॉकडाउन को सपोर्ट करने का संदेश दे रहे हैं। साथ ही पुलिसिया इंतज़ाम के बारे में भी बता रहे हैं। घर पर दिन कैसे बिताना है, उसके बारे में भी रणदीप जानकारी दे रहे हैं। 
randeep hooda urges people to follow lockdown
इन दिनों देशभर में लॉकडाउन है। कोरोना वायरस के बढ़ते ख़तरे को कम करने के लिए प्रधानमंत्री ने देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणी की थी। प्रधानमंत्री के इस फैसले को बॉलीवुड सितारों का खूब साथ मिल रहा है। 

सभी अपने-अपने सोशल मीडिया पर लॉकडाउन को सपोर्ट करने के लिए गुज़ारिश कर रहे हैं। अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन, कंगना रनौत, ऋतिक रोशन आदि के बाद अब रणदीप हुड्डा ने भी अपने खाटी देसी अंदाज़ में वीडियो मैसेज शेयर किया है। 

रणदीप का यह वीडियो मैसेज सोशल मीडिया यूज़र्स को काफी पसंद आ रहा है और यह वीडियो वायरल हो चुका है। 

रणदीप ने अपने वीडियो में कहा, ' हां भाई गाम आल्यो राम-राम। यो वीडियो स्पेशल मैं हरियाणा आल्या खातर बणाऊ सूं। भाई-बहन, ताऊ-काका सारे घरा रहो। यो प्रशासन की तरफ तै कर्फ्यू ना है, यो म्हारी सबकी भलाई के लिए है। दुनिया मैं म्हामारी फैली होई है। इब इसमैं के करोगे, सारा दिन घरा रहणा मुश्किल हो जै है।' 

बुजुर्गों से गुज़ारिश, 'बड़े-बुढ्या तै गुजारिश है, थोड़े दिन तई ताश अर हुक्का छोड़ दो। थोड़ी सेहत भी सुधर जै गी, थोड़े फेफड़े फेरतै काम करण लाग जेंगे। जै बोर होंदे हो तो अपने पोता नै, बालका नै राग बताओ, रागणी बताओ, इसी चीज बताओ या तकनीक आण तै पहलै के होया करता, म्हारा कल्चर, म्हारी सभ्यता। म्हारी लिपी कोन्या, किते ना किते म्हारी संस्कृति मरती जा है। यो 21 दिन का मौका है, एक दूसरे नै बात बताओ।'

वहीं नौजवानों से कहते हैं, 'अर बालको बड़े-बुढ्या की सुणो, उनतै सवाल पूछो, उनके वीडियो बनाओ, सोशल मीडिया पै डालो। कई काम हो सकै हैं। अर अपणी मां तै, भाभी तै उनकी तकलीफ पूछो। क्यूकर उनकी मदद कर सको हो। रांडे बणे मत हांडो, घर तै बाहर मत लिकड़ो। बस याहे गुजारिश है थारे भाई की एक बात सुण लो।'

इसके बाद चेतावनी देते हुए रणदीप हुड्डा कहते हैं, ' अर जो घर तै बाहर लिकड़ोगे हरियाणा पुलिस आल्या नै स्प्रै मारकै लट्ठ राख रखे हैं, सीधा कर देगी। पर इसकी नौबत नी आणी चहिए। अपणे घरा रहो, घर की बात, अपनी सभ्यता-संस्कृति के बारे मैं सीखो। पर घरां रहो। राम-राम, जय हिंद।'


ग़ौरतलब है कि रणदीप हुड्डा हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं । इसलिए उन्होंने लोगों को हरियाण्वी में लॉकडाउन के समर्थन करने की गुहार की है। 

यदि रणदीप के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वर्क फ्रंट की बात करें, तो उनकी पिछली फिल्म 'लव आज कल 2' रही। इसके अलावा नेटफ्लिक्स की एक हॉलीवुड फिल्म में भी रणदीप नज़र आने वाले हैं। जबकि सलमान खान की फिल्म 'राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई' में विलेन के रूप में रणदीप दिखाई देंगे। फिलहाल फिल्म की शूटिंग रूकी हुई है।