मनीष पॉल की गुज़ारिश पर सालों बाद संगीतकार प्यारेलाल ने बजाई पियानो

बरसों बाद संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के प्यारेलाल रामप्रसाद शर्मा ने पियानो बजाई। यह कारनामा 'सुल्तान ऑफ स्टेज' कहे जाने वाले मनीष पॉल ने कर के दिखाया। प्यारेलाल को पियानो बजाते सिंगिग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' के सेट पर देखने को मिलेगा।

pyarelal playing piano
हिन्दी सिनेमा जगत की सफल संगीतकार जोड़ियों में लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का नाम शीर्ष पर आता है। इस जोड़ी ने बॉलीवुड को बेजोड़ तरानों का नज़राना दिया है, लेकिन इस जोड़ी के लक्ष्मीकांत के निधन के बाद से प्यारेलाल ने खुद को व्यवसायिक संगीत से कुछ दूरी बना ली है, लेकिन समय-समय पर हिन्दी सिने जगत उनको याद करता रहता है। 

ग़ौरतलब है कि लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की जोड़ी ने साल 1963 से साल 1998 तक बॉलीवुड में बेजोड़ संगीत दिया। इस संगीतकार जोड़ी ने राज कपूर, देव आनंद, मनमोहन देसाई, यश चोपड़ा और कई फिल्मकारों के साथ लगभग 750 हिन्दी फिल्मों के लिए संगीत बनाया है।

एल-पी के नाम से मशहूर इस जोड़ी के लक्ष्मीकांत का साल 1998 में निधन हो गया और यह जोड़ी टूट गई और पीछे रह गए प्यारेलाल रामप्रसाद शर्मा। अब प्यारेलाल गाहे-बगाहे अपने दोस्त और जोड़ीदार के साथ बनाये संगीत को याद करते रहते हैं। हालांकि, व्यवसायिक संगीत से वो दूरी बना चुके हैं, लेकिन संगीतकार का संगीत से वास्ता कभी खत्म नहीं होता। 

समय-समय पर प्यारेलाल संगीत के मंच या फिर किसी बॉलीवुड कार्यक्रम में नज़र आते हैं। हाल ही में वो रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' के एक आगामी एपिसोड में नज़र आने वाले हैं। इस म्यूज़िक रियलिटी शो के होस्ट मनीष पॉल हैं। 

अपनी कॉमिक टाइमिंग और सहजता के लिए पहचाने जाने वाले मनीष पॉल सिंगिग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' के इस सीज़न को होस्ट कर रहे हैं। अपने ख़ास अंदाज़ और वन-लाइनर्स की वजह से मनीष ऑडियंस का दिल तो जीत ही लेते हैं, लेकिन शो के जजेस और मेहमानों को भी अपना मुरीद बना लेते हैं। इसलिए तो मनीष को 'सुल्तान ऑफ स्टेज' भी कहा जाता है। 

ख़ैर, जब प्यारेलाल इस म्यूज़िक रियलिटी शो के सेट पर पहुंचे, तो मनीष पॉल ने उनसे पियानो बजाने की गुज़ारिश की। दरअसल, प्यारोलाल पियानो बजाने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, वर्षों से उन्होंने पियानो बजाना छोड़ रखा है। 

अब जबकि मनीष ने उनसे गुज़ारिश की, तो वो टाल नहीं पाए। फिर क्या स्टेज पर रखे पियानो को बजाने लगे। प्यारेलाल जब पियानो बजाने लगे, तो शो में मौजूद कुमार शानू, उदित नारायण और अलका याज्ञिक ने माइक थामा और गान लगे। गाना था, 'ज़िंदगी हर कदम एक नई जंग' है। फिर क्या था, इस शो में मौजूद कंटेस्टेंट से लेकर ऑडियंस भी साथ में गाने लगे और कुछ की पलके भींग गईं। 

इस वाकये के बारे में मनीष ने कहा, 'जैसा कि हम सभी जानते हैं कि प्यारेलाल जी को पियानो बजाने के लिए जाना जाता है. उन्होंने बीते कुछ सालों से पियानो बजाना बंद कर दिया है। हम सभी ने प्यारेलाल जी से अनुरोझ किया कि वो मंच पर हमारे साथ शामिल हों। उन्होंने हमारी बात का सम्मान रखा। साथ ही उन्होंने मेरी पसंदीदा धुन बजाई। उसके बाद सभी प्रतियोगियों ने जजेस के साथ मिलकर उनका साथ दिया। फिल्म 'मेरी जंग' का गाना 'ज़िंदगी हर कदम एक नई जंग है' गाया। हम सभी रोमांचित और उत्साहित थे। प्यारेलाल जी को लाइव में देखना बेहद खास अनुभव था।'