'रामायण' के 'राम' ने किया ट्विटर पर डेब्यू आते ही कहा, 'जय श्री राम'

रामानंद सागर के धारावाहिक 'रामायण' में 'राम' की भूमिका निभाने वाले कलाकार अरुण गोविल अब ट्विटर पर भी आ गए हैं। ट्विटर पर आते ही उनके फैन्स काफी खुश हो गए हैं और उनका खुले दिल से स्वागत कर रहे हैं।

arun govil 'ram' joined twitter
लॉकडाउन में पब्लिक डिमांड पर 'रामायण', 'महाभारत', 'ब्योमकेश बख्शी', 'चाणक्य' सरीखे कई पुराने हिट सीरीयल्स एक बार फिर दूरदर्शन पर शुरू कर दिये गए हैं।

इन धारावाहिकों को अब दर्शकों का उतना ही प्यार मिल रहा है, जितना पहले मिला था। ख़ासतौर पर 'रामायण' को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। 

यह देखने के बाद 'रामायण' में मुख्य भूमिका में नज़र आ चुके कलाकार भी काफी खुश हैं और अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। 

ऐसे में 'रामायण' में 'राम' की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल भी अपने फैन्स से जुड़ने के लिए ट्विटर पर आ गए हैं। 

अरुण गोविल ने ट्विटर पर अपने आने की घोषणा करते हुए लिखा, 'आखिरकार मैंने ट्विटर जॉइन कर लिया है। जय श्री राम'


अरुण के सोशल मीडिया पर जुड़ने से उनके प्रशंसक बहुत प्रसन्न हैं। अपनी प्रसन्नता लगातार पोस्ट कर के व्यक्त कर रहे हैं। 

साथ ही उनके फॉलोवर्स की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जहां अरुण 6 लोगों को फॉलो कर रहे हैं। वहीं उनके फॉलोवर्स की संख्या 40 हजार के पार हो गई है।

बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण सभी फिल्मों और सीरियल्स की शूटिंग को बंद कर दिया गया है। ऐसे में लोगों को बेहतर मनोरंजन देने के उद्देश्य से पुराने और पसंदीदा धारावाहिकों का दोबारा प्रसारण शुरू किया गया। इनमें अरुण गोविल का पौराणिक सीरियल 'रामायण' भी शामिल है। 

'रामायण' का टीवी पर 33 साल बाद दोबारा प्रसारण हो रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर अरुण की परिवार के साथ 'रामायण' देखते हुए तस्वीर भी वायरल हुई थी। इस तस्वीर में अरुण पत्नी, बेटा बहू और पोते के साथ 'रामायण' देख रहे थे। अभिनेता की इस तस्वीर को खूब पसंद किया गया था।

'रामायण' के दोबारा प्रसारण पर अरुण गोविल ने कहा था, 'मैं इसे लेकर काफी उत्साहित हूं। रामानंद सागर की 'रामायण' तब भी दर्शकों को बहुत पसंद आई थी और अब भी दर्शकों को पसंद आ रही है। इसके पीछे ईश्वर का आशीर्वाद है, जो 'रामायण' दर्शकों के सामने है।' 

'रामायण' ने टीआरपी के मामले में भी रिकॉर्ड कायम कर लिया है। इस तीन दशक से पुराने धारावाहिक ने साल 2015 के बाद से हिंदी जीईसी शो के लिए उच्चतम रेटिंग प्राप्त किया है। यह वाकई ऐतिहासिक उपलब्धि है। ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) की एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘रामायण’ ने पिछले सप्ताहांत के चार शो में 170 मिलियन दर्शकों की भागीदारी की है। वही लगातार इस शो की लोकप्रियता बढ़ती ही जा रही है।

संबंधित ख़बरें