डांसिंग डीवा माधुरी दीक्षित के दस सदाबाहार गाने

माधुरी दीक्षित का आज जन्मदिन है। वो न सिर्फ एक्टिंग के लिए बल्कि अपने जबरदस्त डांस के लिए मशहूर हैं। माधुरी के फैन्स एक्टिंग के साथ उनके डांस के दीवाने भी हैं। इस खास मौके पर लाए हैं उनके एवरग्रीन सॉन्ग्स की लिस्ट। 

madhuri dixit best songs
आज माधुरी दीक्षित की सालगिरह है। 15 मई 1967 को मुंबई में जन्मी माधुरी ने अपने एक्टिंग और डांसिंग से बॉलीवुड में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। 

अपने अब तक के करियर में कई शानदार फिल्में तो उन्होंने दी ही हैं, लेकिन इसके साथ ही उनके कई एवरग्रीन सॉन्ग्स का खजाना भी फैन्स के पास है। ऐसे ही कुछ गाने माधुरी दीक्षित के जन्मदिन पर उनके प्रशंसकों के लिए ले कर आए हैं। 

तेजाब का 'एक दो तीन'

माधुरी दीक्षित के करियर में फिल्म 'तेजाब' फ्लॉप का सूखा खत्म करने वाली फिल्म के रूप में देखी जाती है। इस फिल्म का गाना 'एक दो तीन' ने उनको लोकप्रियता दी थी। इस फिल्म के बाद सब उन्हें 'मोहिनी' कहने लगे थे। 

साजन का 'तू शायर है मैं तेरी शायरी'

साल 1991 में आई फिल्म 'साजन' का यह गाना भी लोगों को खूब पसंद आया था। आज भी इस गाने को संगीतप्रेमी सुनते और देखते हैं। फिल्म 'साजन' में माधुरी के अलावा सलमान खान और संजय दत्त मुख्य भूमिका में थे। इसी फिल्म से संजय और माधुरी के अफेयर की ख़बरें तेज़ हुई थीं। 

बेटा का 'धक धक करने लगा'

साल 1992 में आई फिल्म 'बेटा' के गाने 'धक धक करने लगा' के बाद माधुरी को नया नाम मिला और वह था 'धक धक गर्ल' का। माधुरी के अपोजिट फिल्म में अनिल कपूर थे। 

खलनायक का 'चोली के पीछे क्या है'

साल 1993 में आई फिल्म 'खलनायक' का यह गाना विवादों में घिरा। इसे लेकर काफी विरोध प्रदर्शन हुए, लेकिन माधुरी का यह गाना भी सुपरहिट रहा। फिल्म में माधुरी के अलावा संजय दत्त और जैकी श्रॉफ अहम भूमिका में थे। 

हम आपके हैं कौन का 'दीदी तेरा देवर दीवाना'

साल 1994 में आई इस फिल्म के कई गाने काफी लोकप्रिय हैं, लेकिन 'दीदी तेरा देवर दीवाना' को सलमान और माधुरी के डांस और मस्ती ने खास बना दिया। यह गाना भी माधुरी के एवरग्रीन सॉन्ग में से है। 

अंजाम का 'चने के खेत में'

साल 1994 में आई इस फिल्म में शाहरुख खान नेगेटिव कैरेक्टर में थे। माधुरी दीक्षित के अपोजिट फिल्म में दीपक तिजोरी थे। इस फिल्म का गाना 'चने के खेत में' काफी फेमस हुआ था। इस गाने की कॉरियोग्राफी सरोज खान ने की थी, जो अधितकर माधुरी की फिल्मों की कॉरियोग्राफी करती थीं। 

राजा का 'अखियां मिलाऊं'

संजय कपूर और माधुरी दीक्षित की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'राजा' का गाना 'अंखियां मिलाऊं' भी एवग्रीन सॉन्ग्स में से है। इस गाने में माधुरी डांसिंग के साथ फेशियल मूवमेंट भी कमाल के हैं। साल 1995 में आई इस फिल्म में संजय कपूर और माधुरी के अलावा परेल रावल, मुकेश खन्ना सरीखे कलाकार थे। 

याराना का 'मेरा पिया घर आया'

साल 1995 में आई माधुरी दीक्षित और ऋषि कपूर स्टारर फिल्म 'याराना' का सॉन्ग 'मेरा पिया घर आया' भी काफी पॉपुलर है। एक बार फिर से लोगों को 'एक दो तीन' वाला फ्लेकवर देखने को मिला था। 

देवदास का 'मार डाला'

शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'देवदास' का गाना 'मार डाला' भी सिने प्रेमियों को खूब पसंद आया था। कथक की ट्रेंड डांसर माधुरी ने बिरजू महाराज द्वारा कॉरियोग्राफ किए स्टेप्स किए थे। साथ में तीस किलो की ड्रेस के साथ हैवी ज्वेलरी भी उन्होंने कैरी किया था और वो भी पूरे ग्रेस से। अबकी बार गाना देखें, तो इन फैक्ट को एक बार दिमाग में ज़रूर दोहराएं। 

ये जवानी है दीवानी का 'घाघरा'

रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की मुख्य़ भूमिका वाली इस फिल्म में माधुरी ने सिर्फ एक गाना किया था, और वह था 'घाघरा', लेकिन इस गाने ने फिल्म से ज्यादा तबाही मचाई थी। रणबीर के माधुरी के साथ स्टेप्स मिलाने की कोशिश करने में कितनी मेहनत करते दिखते हैं। कभी गौर से देखिएगा। 

डांसिंग डीवा के यह बस कुछ गाने ही आपके सामने लाए हैं। बाकी आप भी अपनी लिस्ट बनाइए। सुनिए भी, देखिए भी और थोड़ा सी थिरक भी लीजिए। हैप्पी बर्थडे माधुरी बोल कर। 

संबंधित ख़बरें

टिप्पणियाँ