कंगना रनौत पर शिकंजा कसने की तैयारी में महाराष्ट्र सरकार

कंगना रनौत 9 सितंबर को मुंबई लौट रही हैं। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार ने कंगना पर शिकंजा कसने की अपनी तैयारी पूरी कर ली है। बीएमसी ने अवैध निर्माण बता कर मणिकार्णिका फिल्म्स के दफ्तर को सील कर नोटिस लगा दिया है, तो वहीं शिवसेना के आईटीसेल ने कंगना पर राजद्रोह का मुकदमा दायर कर दिया है। इसके अलावा बीएमसी कंगना को 14 दिन के लिए आते ही क्वारैंटाइन करने की तैयारी में भी है।

Shivsena demand Action against Kangana Ranaut after returning Mumbai

संजय राउत और कंगना के बीच शुरू हुई ज़बानी जंग अब 'इगो प्रॉब्लम' में तब्दील हो गई है। जहां कंगना ने 9 सितंबर को मुंबई आने की बात कही है, तो वहीं अब महाराष्ट्र सरकार ने उन पर शिकंजा कसने के लिए अलग-अलग मोर्चों पर तैयारियां कर रखी हैं।

सबसे पहले कंगना पर शिवसेना की आईटी सेल ने ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत की है। आईटी सेल की मांग है कि कंगना पर राजद्रोह का केस दर्ज किया जाए, क्योंकि उन्होंने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी। फिलहाल इस मामले पुलिस अभी भी विचार-विमर्श कर रही है। कानूनी राय लेने के बाद ही यह मामला दर्ज किया जाएगा।

वहीं बीएमसी ने कंगना प्रोडक्शन हाउस मणिकार्णिका फिल्म्स के दफ्तर पर अवैध निर्माण का नोटिस चिपका कर 24 घंटे में जवाब मांगा है।

कंगना ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'सोशल मीडिया पर मेरे दोस्तों ने बीएमसी के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया था। इसलिए वे आज बुल्डोजर लेकर नहीं आए, लेकिन ऑफिस में नोटिस चिपका दिया। दोस्तो मेरे लिए बहुत खतरा हो सकता है, लेकिन आपका प्यार और सपोर्ट मिल रहा है।'


कंगना के ऑफिस में अवैध निर्माण

1. ग्राउंड फ्लोर के टॉयलेट को ऑफिस का केबिन बना दिया।
2. स्टोर रूम में किचन बना दी गई।
3. स्टोर में सीढ़ियों के पास और पार्किंग एरिया में नए टॉयलेट बनाए जा रहे हैं।
4. ग्राउंड फ्लोर पर पेन्ट्री बनाई जा रही है।
5. फर्स्ट फ्लोर पर लिविंग रूम में लकड़ी का पार्टिशन कर रूम/केबिन बनाया जा रहा है।
6. फर्स्ट फ्लोर पर पूजा वाले कमरे में पार्टिशन कर मीटिंग रूम/केबिन बनाया गया।
7. फर्स्ट फ्लोर पर खुले चौक में टॉयलेट बनाए गए।
8. सैकेंड फ्लोर पर सीढ़ियों की स्थिति बदली गई।
9. फर्स्ट फ्लोर पर सामने की तरफ हॉरिजॉन्टल तरीके से 2.बाय 6.का स्लैब बढ़ाया गया।
10. सैकेंड फ्लोर पर दीवार हटाकर बालकनी बना दी गई।

कंगना होगी क्वारैंटाइन

कंगना रनौत 9 सितंबर को 'वाय' कैटेगरी की सिक्योरिटी के साथ मुंबई पहुंचेंगी। इस मामले में मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा है कि कंगना को कोरोना की गाइडलाइंस फॉलो करते हुए 14 दिनों के लिए होम क्वारैंटाइन होना पड़ेगा। एयरपोर्ट पर ही उनके हाथ पर क्वारैंटाइन की मुहर लगा दी जाएगी। वे दूसरे राज्य से आ रही हैं। इसलिए इन नियमों का पालन करना पड़ेगा।

वहीं सूत्रों का यह भी कहना है कि यदि कंगना 7 दिनों के अंदर वापस जाने का टिकट दिखाती हैं, तो क्वारैंटाइन अवधि में छूट भी मिल सकती है।

संबंधित खबरें 

टिप्पणियाँ