YRF का बड़ा धमाका, 5 फिल्मों की रिलीज़ डेट आई सामने

अक्षय कुमार की 'पृथ्वीराज', रणबीर कपूर की 'शमशेरा', रणवीर सिंह की 'जयेशभाई जोरदार', रानी मुखर्जी की 'बंटी बबली 2' और अर्जुन कपूर-परिणीति चोपड़ा की 'संदीप और पिंकी फरार' की रिलीज़ डेट की घोषणा यशराज फिल्म्स ने कर दिया है। YRF ने बुधवार को एक ट्वीट करते हुए इन फिल्मों की रिलीज़ डेट की जानकारी दी है। यह सभी फिल्म्स साल 2021 में सिनेमाघरों में उतरेंगी।

Prithviraj, Shamshera, Bunty aur Babali 2, Jayeshbhai Jordar, release date

मनोरंजन जगत धीरे-धीरे अपनी रफ्तार पकड़ने लगा है। तभी तो एक के बाद एक फिल्मों की रिलीज़ डेट की जानकारी सामने आ रही है। इसी कड़ी में बॉलीवुड के बड़े प्रोडक्शन हाउस में से एक यशराज फिल्म्स ने भी साल 2021 की रिलीज़ स्लेट को लेकर जानकारी दी है।

बुधवार को यशराज फिल्म्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया, जिसमें साल 2021 में अपने प्रोडक्शन हाउस की रिलीज़ होने वाली फिल्मों की जानकारी दी है।

YRF ने अपनी 5 बड़ी फिल्मों की रिलीज़ डेट की घोषणा कर दी है, जिसमें में 'बंटी और बबली 2', 'जयेश भाई जोरदार', ‘पृथ्वीराज’, 'संदीप और पिंकी फरार' और 'शमशेरा' के नाम मुख्य रूप से शामिल हैं।

ग़ौरतलब है कि इन फिल्मों में से कुछ मेगाबजट फिल्म्स हैं, तो कुछ अरसे से रिलीज़ को तरस रही हैं। चलिए जानते हैं उन फिल्मों के बारे में...

संदीप और पिंकी फरार

अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा स्टारर यह फिल्म 19 मार्च, 2021 को रिलीज़ होगी। दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर काफी पहले आ गया है, लेकिन फिल्म सिनेमाघरों में अभी उतर नहीं पाई। हालांकि, लॉकडाउन के दौरान इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बेचने की भरसक कोशिश की गई, लेकिन अफसोस इसके लिए कोई खरीदार नहीं मिल पाया। अब सिनेमाघर में उतरने के बाद दर्शकों को कितनी रास आती है, वो तो समय ही ही बताएगा।

बंटी और बबली 2

यह फिल्म 23 अप्रैल, 2021 में रिलीज़ होने वाली है। यह फिल्म साल 2005 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बंटी और बबली' की सीक्वल है। जहां पहली फिल्म में रानी मुखर्जी के साथ अभिषेक बच्चन और अमिताभ बच्चन दिखे थे। वहीं इस फिल्म के सीक्वल में रानी के साथ सैफ अली खान की जोड़ी जमेगी और साथ में सिद्धांत चतुर्वेदी और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

शमशेरा

रणबीर कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'शमशेरा' 25 जून, 2021 को सिनेमाघरों में उतरेगी। फिल्म में रणबीर के अलावा संजय दत्त और वाणी कपूर अहम किरदारों में नज़र आएंगे। इस फिल्म का डायरेक्शन 'अग्निपथ' और 'ब्रदर्स' के डायरेक्टर करण मल्होत्रा ने किया है।

जयेश भाई जोरदार

रणवीर सिंह की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' 27 अगस्त, 2021 को रिलीज़ हो रही है। वहीं इस फिल्म में रणवीर के अपोजिट शालिनी पांडेय होंगी। शालिनी पांडेय की यह डेब्यू मूवी है। शालिनी तेलगु की सुपरहिट फिल्‍म 'अर्जुन रेड्डी' में नजर आ चुकी हैं।

पृथ्वीराज

यशराज फिल्म्स की इस मेगा बजट फिल्म पर सभी की निगाहें हैं। यह फिल्म इस साल की दिवाली रिलीज़ है। डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में बन रही अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'पृथ्वीराज' 5 नवंबर, 2021 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

दिलचस्प बात यह है कि इस साल की बड़ी बॉलीवुड क्लैश भी यह फिल्म होगी। इसी दौरान शाहिद कपूर की 'जर्सी' भी रिलीज़ हो रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या रिलीज़ डेट आने के बाद शाहिद की फिल्म की रिलीज़ डेट में कोई बदलाव होता है या फिर बॉक्स ऑफिस पर भिड़ंत देखने को मिलेगी।

संबंधित ख़बरें
पिता यश चोपड़ा की याद में आदित्य चोपड़ा ने लिखा भावुक नोट

टिप्पणियाँ