म्यूजिक कम्पोज़र राम-लक्ष्मण से 'लक्ष्मण' का निधन

'मैंने प्यार किया', 'हम साथ-साथ हैं' और 'हम आपके हैं कौन' सरीखी बड़ी म्यूज़िकल हिट फिल्मों को संगीत से सजाने वाली जोड़ी राम-लक्ष्मण के 'लक्ष्मण' उर्फ विजय पाटिल का बीती रात नागपुर में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने कोविड 19 वैक्सीन के दोनों डोज़ लगवा लिए थे, लेकिन उसके बाद उन्हें काफी कमजोरी हो गई थी।

music-composer-raamlaxman-aka-vijay-patil-passed-away-at-nagpur-lata-mangeshkar-pays-tribute

संगीतकार जोड़ी राम-लक्ष्मण के 'लक्ष्मण' का निधन हो गया है। लक्ष्मण का असली नाम विजय पाटिल था। उन्होंने करीब 75 फिल्मों में संगीत दिया है। इनमें हिंदी के अलावा मराठी और भोजपुरी फिल्में भी शामिल हैं।

लक्ष्मण ने अपने म्यूजिक पार्टनर सुरेन्द्र के साथ मिलकल संगीत रचना शुरू किया था। साल 1976 में सुरेन्द्र उर्फ राम का देहांत हो गया। दरअसल, साल 1977 में आई फिल्म 'एजेंट विनोद' के एक गाने को पूरा करने के बाद अचानक उनका निधन हो गया। इसके बाद लक्ष्मण ने अपना पूरा नाम राम-लक्ष्मण रख लिया।

सूरज बड़जात्या की फिल्मों में राम-लक्ष्मण ने संगीत दिया। साल 1988 में आई सलमान खान की फिल्म 'मैंने प्यार किया' से उन्हें बड़ा ब्रेक मिला। फिल्म के गाने सुपरहिट रहे। बाद में उन्होंने साल 1994 में आई सूरज बड़जात्या की फिल्म 'हम आपके हैं कौन' और साल 1999 में आई मल्टीस्टारर फिल्म 'हम साथ साथ हैं' को संगीत से सजाया।

'हम आपके हैं कौन', 'मैंने प्यार किया', 'हम साथ-साथ है' के अलावा रामलक्ष्मण ने 'पत्थर के फूल', '100 डेज', 'प्रेम शक्ति', 'मेघा' में भी संगीत दिया।

उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लता मंगेशकर ने लिखा, 'मुझे अभी पता चला कि बहुत गुणी और लोकप्रिय संगीतकर राम लक्ष्मण जी (विजय पाटिल) का स्वर्गवास हुआ। ये सुनके मुझे बहुत दुख हुआ। वो बहुत अच्छे इंसान थे। मैंने उनके कई गाने गाए जो बहुत लोकप्रिय हुए मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पण करती हूं।'

संबंधित खबरें
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार वनराज भाटिया का निधन

टिप्पणियाँ