पर्ल वी पुरी मामले में नाबालिग के पिता का बयान आया सामने

एक्टर पर्ल वी पुरी मामले में एक नया मोड़ आ गया है। अब पीड़िता के पिता का बयान आया है। वकील के द्वारा जारी किए गए इस बयान में कहा गया है, 'मैं, श्री आशीष ए दुबे, पर्ल वी पुरी मामले में 5 साल की बच्ची के पिता के वकील, अपने मुवक्किल की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी करना चाहता हूं। 5 साल की बच्ची मां की कस्टडी में थी और 5 महीने तक पिता का बच्चे से कोई संपर्क नहीं था।' फिलहाल पर्ल वी पुरी नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं।

pearl-v-puri-case-victims-father-statement-issued

एक्टर पर्ल वी पुरी एक नाबालिग लड़की से बलात्कार और छेड़छाड़ के आरोप में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। यह मामला पुराना बताया गया है, जिसमें एक्टर के खिलाफ एफआईआऱ दर्ज की गई है।

वहीं पर्ल पर लगे इन आरोपों को टीवी इंडस्ट्री के उनके साथी गलत बता रहे हैं। एकता कपूर, अनीता हसनंदानी, हिना खान, अली गोनी समेत कई एक्टर्स पर्ल के समर्थन में आगे आ चुके हैं। कलाकारों का कहना है कि एक साजिश के तहत एक्टर को फंसाया जा रहा है।

एकता कपूर ने तो नाबालिग लड़की के पेरेंट्स के आपसी मामले की उपज बता दिया। उन्होंने एक ऑडियो क्लिप भी शेयर की थी, जिसमें लड़की मां पर्ल को बेकसूर बता रही है।

अब पहली बार इस मामले में पीड़िता के पिता का बयान सामने आया है। उन्होंने अपने वकील के जरिये यह बयान एंटरटेनमेंट पोर्टल के साथ साझा किया है। बयान में कहा गया है, 'मैं, श्री आशीष ए।दुबे, पर्ल वी पुरी मामले में 5 साल की बच्ची के पिता के वकील, अपने मुवक्किल की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी करना चाहता हूं। 5 साल की बच्ची मां की कस्टडी में थी और 5 महीने तक पिता का बच्चे से कोई संपर्क नहीं था।'

बयान में आगे कहा, 'एक दिन जब पिता फीस देने के लिए स्कूल गया, तो बच्ची दौड़ते हुए अपने पिता के पास आई और कहा कि वह डरी हुई है और वह उसके साथ जाना चाहती है। बच्चे के चेहरे पर डर देखकर पिता उसे घर ले गया। घर पहुंचने पर बच्चे ने बताया कि उसके साथ क्या हुआ। पिता ने तुरंत पुलिस को बुलाया और नायर अस्पताल में बच्चे की मेडिकल जांच के बाद, यह पुष्टि हुई कि बच्ची सच बोल रही है उसके साथ छेड़छाड़ हुई है।'

आगे कहा गया है,'बच्ची ने आरोपी का नाम अपने उनके स्क्रीन किरदार रघबीर से रखा। पिता टीवी सीरियल नहीं देखते हैं इसलिए वह उसे बिल्कुल नहीं जानता थे, न ही उसे पता था कि रघबीर किसी का स्क्रीन नाम है। आगे पड़ताल के बाद पता चला कि रघबीर एक एक्टर का स्क्रीन नाम और उसका असली नाम पर्ल वी पुरी है। जब लड़की को अन्य एक्टर्स की तस्वीरें दिखाई गईं, तो लड़की ने कहा नहीं। जब रघबीर (पर्ल वी पुरी) की तस्वीर दिखाई गई तो लड़की ने पुष्टि की कि यह वही है।'

साथ ही बयान में कहा गया है कि पति-पत्नी के आपसी रिश्तों का बच्ची के साथ हुए दुर्व्यवहार से कोई संबंध नहीं। बयान के मुताबिक, 'यह एक खराब शादी है। पति में कमी है। इन लोगों का रिलेशनशिप बर्बाद हो चुका है। ये सभ अफवाहें उड़ाई जा रही हैं ताकि लोगों के सामने सच न आ सके। शादी का इस समय क्या हाल है इस बात का बच्ची के साथ हुई घटना से कोई लेना देना नहीं है। बच्ची ने सच बोला है। मेडिकल रिपोर्ट से पुष्टि हो चुकी है। हाथ जोड़कर विनती है कि पीड़िता को लेकर किसी तरह की अफवाहें न फैलाई जाए।'

संबंधित खबरें
पीड़िता की मां ने कहा कि इनोसेंट हैं पर्ल वी पुरी

टिप्पणियाँ