फिल्मफेयर में छाई रही ‘बाजीराव मस्तानी’

61वें फिल्मफेयर अवार्ड्स की घोषणा की शुक्रवार शाम यानी 15 जनवरी को की गई। इसमें फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' ने बाजी मारी। फिल्म को 4 बड़े अवॉर्ड मिले।

फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' में रणवीर सिंह
मुंबई। अपने काम का मेहनाता तो सबको मिलता है, लेकिन जब पुरस्कार से नवाजा जाता है, तो खुशी कुछ और ही होती है। आइए तो जानते हैं, किन सितारों के साल 2015 में किए काम को सराहा गया। शुक्रवार यानी 15 जनवरी को हुए फिल्मफेयर अवार्ड पर डालते हैं एक नज़र...
  • बाजीराव मस्तानी' को साल की सबसे बेहतरीन फिल्म का अवॉर्ड दिया गया है। 
  • रणवीर सिंह बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से नवाजे गए। 
  • संजय लीला भंसाली को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का अवॉर्ड दिया गया। 
  • प्रियंका चोपड़ा को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। 
मस्तानी का किरदार को जीवंत करने वाली दीपिका पादुकोण को भी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया, लेकिन यह अवॉर्ड उन्हें 'पीकू' में पीकू का किरदार निभाने के लिए दिया गया।

साथ ही 'पीकू' को क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड भी दिया गया और अमिताभ बच्चन को क्रीटिक्स चॉइस बेस्ट एक्टर अवॉर्ड दिया गया। कंगना रनौत को भी फिल्म 'तनु वेड्स मनु रिटर्नस' के लिए सर्वश्रेष्ठ एक्ट्रेस का क्रिटिक चॉइस का अवॉर्ड मिला।

अन्य पुरस्कार

सर्वश्रेष्ठ फिल्म- बाजीराव मस्तानी
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता- रणवीर सिंह (फिल्म बाजीराव मस्तानी)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री- दीपिका पादुकोण (फिल्म पीकू)
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक- संजय लीला भंसाली (फिल्म बाजीराव मस्तानी)
सर्वश्रेष्ठ फिल्म (क्रिटिक चॉइस)- पीकू
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (क्रिटिक चॉइस)- अमिताभ बच्चन (फिल्म पीकू)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (क्रिटिक चॉइस)- कंगना रनौत (तनु वेड्स मनु रिटर्नस)
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड- मौसमी चटर्जी
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता- अनिल कपूर (दिल धड़कने दो)
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री- प्रियंका चोपड़ा (फिल्म बाजीराव मस्तानी)
सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक- नीरज घेवन (मसान)
सर्वश्रेष्ठ कहानी- विजयेंद्र प्रसाद (बजरंगी भाईजान)
सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले- जूही चतुर्वेदी (पीकू)
सर्वश्रेष्ठ संगीत- अंकित तिवारी और मीत ब्रदर्स (रॉय)
सर्वश्रेष्ठ गीत- इरशाद कामिल ('अगर तुम साथ हो', फिल्म-तमाशा)
सर्वश्रेष्ठ गायक- अरिजीत सिंह ( सूरज डूबा है- फिल्म रॉय)
सर्वश्रेष्ठ गायिका- श्रेया घोशाल (बाजीराव मस्तानी के गीत ‘दिवानी मस्तानी’)
सर्वश्रेष्ठ बैकग्राउंड स्कोर- अनुपम रॉय (पीकू)
सर्वश्रेष्ठ एक्शन- शाम कौशल (बाजीराव मस्तानी) 

साहिर पर बनाएंगे भंसाली फिल्म

अब अपने नए प्रोजेक्ट पर काम करना शुरू कर दिया है निर्देशक संजय लीला भंसाली ने। अबकी बार वे जाने माने कवि-गीतकार साहिर लुधियानवी पर आधारित फिल्म बनाने जा रहे हैं। 'गुस्ताखियां' नाम से बन रही इस फिल्म का निर्माण उनके भंसाली प्रोडक्शन के बैनर तले होगा।

भंसाली ने यहां एक बयान में कहा, साहिर का गुरूर, उनकी नज्में और उनकी नजाकत ना केवल मुझे बल्कि पूरे फिल्म उद्योग को प्रभावित करती है। वह अपनी मां के साथ रहते थे। उनकी प्रेमकहानी अधूरी ही रही और जिस दर्द से वह गुजरे उसने उन्हें कुछ चमत्कारिक लिखने में मदद की।

उन्होंने कहा, मैं उनसे खास लगाव महसूस करता हूं, बाजीराव से लेकर अब तक की सभी फिल्मों में मेरे सारे मुख्य पात्र उनसे प्रभावित हैं और इनमें से कोई भी प्यार से महरूम नहीं है।

फिल्मकार ने अभी फिल्म के सितारों और अन्य विवरण की घोषणा नहीं की है। भंसाली की पिछली फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' को जबर्दस्त सफलता मिली।

संबंधित ख़बरें
कुछ इस अंदाज़ में नज़र आई संजय की 'मस्तानी'
बाजीराव-मस्तानी मील का पत्थर होगी-प्रियंका