'रॉक ऑन' को हुए आठ साल

अभिनेता फरहान अख्तर की बतौर अभिनेता आई पहली फिल्म को आठ साल हो गए हैं। उनकी पहली फिल्म थी 'रॉक ऑन'। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की निर्माता जोड़ी ने बनाया था। एक्सेल इंटरटेंटमेंट के तले बनी इस फिल्म का सीक्वेल भी आने वाला है। इस फिल्म को फरहान अपने लिए बेहद खास मानते हैं। 'रॉक ऑन 2' में पहले भाग के लगभग सारे किरदार है बस श्रद्धा कपूर इस भाग में जुड़ी हैं। 

फिल्म 'रॉक ऑन' को रिलीज़ हुए आठ साल हो गए हैं और अब इसके सीक्वेल की तैयारी जोरो पर है
मुंबई। आठ साल पहले आई 'रॉक ऑन' ने दर्शकों के दिल में जो जगह बनाई थी वो आज भी कायम है। फिल्म में तीन दोस्तों की म्यूजिकल कहानी थी, जो जिंदगी को पैशन के साथ जीने का संदेश देती थी। लीक से हटकर इस फिल्म ने न केवल क्रिटिक्स से प्रशंसा पाई बल्कि शानदार बिजनेस भी किया। जबकि मसाला फॉर्मूला से बनाई जाने वाली इस तरह की अन्य फिल्में दर्शकों पर अधिक प्रभाव पैदा नहीं कर पाती। 

'रॉक ऑन' ने कई महत्वपूर्ण अवार्ड जीते। फिल्म में कॉलेज के दोस्त म्यूजिक के प्रति अपने चाहत को बरकार रखते हुए अपना बैंड फिर से शुरू करते हैं, जो जिंदगी के झंझावातों में फंसकर वे भुला चुके थे।

फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की निर्माता जोड़ी ने बनाया था। इसमें फरहान अख्तर ने ही मुख्य किरदार निभाया था, जबकि अर्जुन रामपाल, पूरब कोहली, श्रद्धा गोस्वामी और प्राची देसाई को भी उनके अभिनय के लिए प्रशंसा मिली थी। 

निर्माता रितेश सिधवानी ने बताया कि उनकी दो नेशनल अवार्ड जीतने वाली इस फिल्म के आठ साल पूरे होने और इसके सीक्वल पर काम होना दोनों ही उनके लिए स्पेशल है। उन्होंने बताया कि हम एक्सेल इंटरटेंटमेंट के 15 साल पूरे होने के अवसर पर 'रॉक ऑन-2' की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

हम इसके लिए बेहद उत्साहित हैं। रितेश का कहना है 'हम एक सही स्क्रिप्ट का इंतजार कर रहे हैं जिससे यह फ्रेंचाइस आगे बढ़ सके। इसकी स्क्रिप्ट का बेस्ट पार्ट यह है कि आपकी जेनेरेशन की कहानी कहती है'।

'रॉक ऑन' ने दोस्तों के बीच की रिलेशनशिप और बांड को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया था और शायद इसलिए यह फिल्म एवरग्रीन मानी जाती है। 8 साल पहले इस फिल्म के कालाकारों ने जो लुक अपनाया था वो आज तक चलन में है।

इसी तरह फिल्म का संगीत खूब चर्चा में आया था, इसके अलग फील ने बहुत से नए संगीत प्रेमियों को प्रोत्साहित किया था। इसलिए 'रॉक ऑन' के गानों ने चार्ट नंबर्स पर टॉप की रैंकिग बनाई थी। इसने लोगों के दिलों में भी यही जगह बनाई थी।

इस फिल्म से फरहान अख्तर ने अपने एक्टिंग करियर का डेब्यू किया था। फरहान ने बड़ी हिट फिल्मों के निर्देशन के बाद एक्टिंग के क्षेत्र में कदम रखा और बराबरी की प्रशंसा पाई।

फरहान कहते हैं ' 'रॉक ऑन' मेरे लिए सबसे खास फिल्म रहेगी क्योंकि इसी फिल्म से मेरी जिंदगी में अभिनय नया अध्याय जुड़ा था। इसके बाद मुझे कई नई चीजों को अपने अंदर खोजने का मौका मिला और यह खोज अभी भी जारी है'।

फरहान आगे कहते हैं कि हम 'रॉक ऑन' की अगली किस्त पेश करने जा रहे हैं, हम उसी उत्साह से भरे हुए हैं जैसा कि आज से 8 साल पहले थे। उम्मीद करते हैं यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी। 'रॉक ऑन 2' में पहले भाग के लगभग सारे किरदार है बस श्रद्धा कपूर इस भाग में जुड़ी हैं।

फिल्म संगीत और उसके जुनून और दोस्ती के साथ की कहानी है। यकीन मानिए फिल्म में आपको कर्णप्रिय संगीत सुनने को मिलेगा। 11 नवंबर को रिलीज होने वाली 'रॉक-ऑन2' को शुजात सौदागार ने निर्देशित किया है। फिल्म में फरहान अख्तर, अर्जुन रामपाल, पूरब कोहली, प्राची देसाई और श्रद्धा कपूर हैं।

संबंधित ख़बरें