इस महीने से शुरू होगा ‘कॉफी विद करण’ का छठवां सीज़न

करण जौहर के सेलेब्रिटी चैट शो का दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार रहता है। अभी तक पांच सीज़न टेलीकास्ट हो चुके हैं, लेकिन अब छठवें सीज़न का इंतज़ार है। पहले ख़बरें थीं कि करण जौहर के व्यस्त होने के कारण ‘कॉफी विद करण’ का छठवां संस्करण साल 2019 में आएगा, लेकिन ताज़ा जानकारी के अनुसार करण इसी साल अपने इस शो को लेकर आ रहे हैं। 

कॉफी विद करण-6
मुंबई। निर्माता-निर्देशक करण जौहर के सेलेब्रिटी चैट शो के छठवें सीज़न को लेकर खुलासा हो गया है। पहले ख़बरें थीं कि यह शो साल 2019 में प्रसारित किया जाएगा, लेकिन ताज़ा जानकारी की माने तो यह शो इसी साल सितंबर से शुरू हो रहा है। 

अपने अतरंगे और चटपटे सवालों के लिए मशहूर करण का यह शो काफी पसंद किया जाता है। इसमें बॉलीवुड हस्तियां शिरकत करती हैं। जहां कॉफी के ज़ायके के साथ सितारों की ज़िंदगी के छुपे राज़ खुलते हैं। अभी तक करण के इस शो के पांच सीज़न आ चुके हैं। 

करण के इस चैट शो में करीना कपूर, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर, शाहिद कपूर तक सब शामिल हो चुके हैं। यानी कहा जा सकता है कि करण के इस शो में शामिल हुए मेहमानों की अच्छी खासी फेहरिस्त है। यहां तक कि करण के शो में कंगना रनौत भी शिरकत कर चुकी हैं। इसी चैट शो के बाद कंगना और करण के रिश्तों में तल्खियां आई थीं। 

ख़ैर, एक अंग्रेज़ी अख़बार की रिपोर्ट माने, तो ‘कॉफी विद करण-6’ का प्रसारण इसी साल सितंबर से शुरू होने जा रहा है। फिलहाल तो करण काफी व्यस्त चल रहे हैं। एक तरफ उनके जुड़वा बच्चे, तो दूसरी तरफ उनके वर्क कमिटमेंट्स की लंबी फेहरिस्त है। 

ग़ौरतलब है कि इन दिनों करण स्टार प्लस के रियलिटी शो ‘इंडियाज़ नेक्स्ट सुपरस्टार्स’ में बतौर जज नज़र आ रहे हैं। यह शो 8 अप्रैल को खत्म होने जा रहा है। जहां बीते साल ‘दिल है हिन्दुस्तानी’ में बादशाह के साथ नज़र आए थे, वहीं इस साल उन्होंने इस शो का हिस्सा बनने से मना कर दिया है। दरअसल, करण ‘इंडियाज़ नेक्स्ट सुपरस्टार्स’ के बाद अपनी फिल्म्स पर फोकस करना चाहते हैं, जिसके लिए वो टीवी से चार महीने का ब्रेक चाहते हैं।

अब चार महीने के बाद करण टीवी पर ‘कॉफी विद करण-6’ के साथ सितंबर में लौटेंगे। ख़बरें हैं कि करण के इस चैट शो के पहले मेहमान क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अदाकारा अनुष्का शर्मा बनेंगी। करण इस नई-नवेली जोड़ी के साथ ही इस चैट शो की शुरुआत करना चाहते हैं।

संबंधित ख़बरें