सतीश कौशिक ने क्यों मांगी श्रीदेवी-बोनी कपूर से मांगी माफी?

सतीश कौशिक ने ट्वीट कर श्रीदेवी को याद किया और बोनी कपूर से माफी मांगी। दरअसल, साल 1993 में सतीश कौशिक ने ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ का निर्देशन किया था, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह असफल रही। इस फिल्म को बोनी कपूर ने प्रोड्यूस किया था और श्रीदेवी-अनिल कपूर मुख्य भूमिका में थे।

फिल्म रूप की रानी चोरों का राजा का पोस्टर
मुंबई। साल 1993 में श्रीदेवी और अनिल कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘रूप की रानी चोरों का राजा’ रिलीज़ हुई थी, जिसका निर्माण बोनी कपूर ने किया था और निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था। 

यह फिल्म बॉक्स ऑफिस डिज़ास्टर के रूप में जानी जाती है। इस फिल्म की वजह से बोनी कपूर को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ा था। इस बात को यूं तो 25 साल बीत गए हैं, लेकिन फिर भी शायद सतीश इस फिल्म की असफलता का जिम्मेदार खुद को मानते हैं। तभी तो इतने सालों बाद बोनी कपूर से सतीश ने माफी मांगी है। 

सतीश ने ट्विटर पर लिखा, ’25 साल पहले बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का प्रदर्शन बेहद खराब रहा, लेकिन ये मेरे पहले बच्चे की तरह था और ये हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा। आज मैं श्रीदेवी मैडम को याद कर रहा हूं और बोनी कपूर से माफी मांगना चाहूंगा, क्योंकि उन्होंने मुझे इस फिल्म से ब्रेक दिया, लेकिन इसकी रिलीज़ के बाद उन्हें खुद दिवालिया होना पड़ा था।’


ग़ौरतलब है कि इस फिल्म के फ्लॉप होने के बाद बोनी कपूर काफी कर्ज़े में डूब गए थे और फिर श्रीदेवी ने अपनी काफी प्रॉपर्टी बेच कर उनका कर्जा चुकाया था। 

यह फिल्म तकरीबन 89 करोड़ की लागत से बनाई गई थी। उस समय यह फिल्म सबसे ज्यादा बजट वाली फिल्म थी, क्योंकि तब 2-3 करोड़ की लागत से फिल्में बना करती थीं। 

बता दें इस बड़े बजट की फिल्म की स्टारकास्ट भी जबरदस्त थी। फिल्म में श्रीदेवी-अनिल कपूर की जोड़ी तो थी ही, साथ में अनुपम खेर और जैकी श्रॉफ भी अहम भूमिकाओं में थे। लेकिन इन सबके बावजूद भी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर काफी ठंडा रिस्पॉन्स मिला।

संबंधित खबरें।