अमिताभ बच्चन ही नहीं धर्मेंद्र ने भी भोजपुरी फिल्मों में आजमाई है किस्मत

भले ही भोजपुरी सिनेमा को इन दिनों दोयम दर्जे में गिना जाता हो, लेकिन कई बॉलीवुड सितारों ने भोजपुरी फिल्मों में किस्मत आजमाई है। अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की फिल्म के बारे में तो सबको पता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि अमिताभ बच्चन ने साल 1984 में अपने करियर की पहली भोजपुरी फिल्म की थी, जिसमें उनके साथ रेखा नज़र आई थीं। यही नहीं धर्मेंद्र, जैकी श्रॉफ, शत्रुघ्न सिन्हा और अजय देवगन सरीखे सितारे भी भोजपुरी सिनेमा में नज़र आ चुके हैं। पूरी रिपोर्ट विस्तार से यहां पढ़िए। 

Dharmendra Bhojpuri films
अमिताभ बच्चन का नाम आते ही हिन्दी फिल्मों के शौकीनों को भी उनकी भोजपुरी फिल्मों के नाम याद आ जाता है। फटाक से बोल पड़ेंगे कि दीपक सावंत की साल 2006 फिल्म 'गंगा', जिसमें अमिताभ के साथ हेमा मालिनी मुख्य भूमिका में थीं। वहीं जब साल 2012 में इस फिल्म का सीक्वल 'गंगा देवी' बना, तो उसमें अमिताभ बच्चन का साथ देने जया बच्चन आईं और साथ में दिखे गुलशन ग्रोवर। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में दिनेश लाल यादव थे। 

क्या आप जानते हैं कि अमिताभ बच्चन की पहली भोजपुरी फिल्म साल 1984 में आई थी, जिसमें उनके साथ रेखा नज़र आई थीं। हालांकि, इस फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस था और फिल्म में मुख्य भूमिका में अभिनेता सुजीत कुमार थे। 

धर्मेंद्र की भोजपुरी फिल्में

वहीं बॉलीवुड के ही-मैन ने भी भोजपुरी फिल्मों में दो-दो हाथ किए हैं। उन्होंने साल 2013 में भोजपुरी फिल्मों में डेब्यू किया था। उनकी डेब्यू फिल्म का नाम 'देस परदेस' था, जिसमें उनका लीड रोल था। इसके बाद धर्मेंद्र ने रवि किशन के साथ 'दुश्मन के खून पानी ह' और 'दरियादिल' सरीखी फिल्मों में काम किया। 

शत्रुघ्न सिन्हा की 'बिहारी बाबू'

'शॉटगन' शत्रुघ्न सिन्हा वैसे तो आते बिहार से हैं, लेकिन मज़ेदार बात यह है कि उनकी पहली भोजपुरी फिल्म का नाम भी 'बिहारी बाबू' ही है। दरअसल, शत्रुघ्न सिन्हा ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दिन संवारने की नियत से भोजपुरी फिल्मों में पदार्पण किया। 'बिहारी बाबू' के बाद 'राजा ठाकुर' और कुछेक फिल्मों में काम करने के बाद भोजपुरी फिल्मों से सन्यास ले लिया। 

मिथुन चक्रवर्ती की सुपरहिट भोजपुरी फिल्म

बंगाली बाबू मिथुन चक्रवर्ती ने भी भोजपुरी फिल्मों में हाथ आजमाया है। उनके खाते में 'सौतेला भाई', 'हम ही बानी मुखिया' और 'भोले शंकर' सरीखी फिल्में दर्ज है। इनमें से 'भोले शंकर' भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस ओपनिंग पाने वाली फिल्म कही जाती है। इसमें मिथुन के छोटे भाई का किरदार मनोज तिवारी ने निभाया था। 

अजय देवगन की 'धरती कहे पुकार के'

अजय देवगन ने भी भोजपुरी फिल्मों में काम किया है। साल 2006 में अजय ने भोजपुरी फिल्मों में डेब्यू किया था। अजय देवगन की भोजपुरी डेब्यू फिल्म का नाम 'धरती कहे पुकार के' था। इस फिल्म में अजय के साथ मनोज तिवारी अहम भूमिका में थे। फिल्म में अजय देवगन ने एसपी कुणाल सिंह का किरदार निभाया था। 

जैकी श्रॉफ की 'बलिदान'

जैकी श्रॉफ ने भी भोजपुरी फिल्मों में काम किया है। वैसे तो उन्होंने देशभर की 10 से ज्यादा भाषा की फिल्मों में काम किया है, जिनमें एक भोजपुरी भी है। जैकी श्रॉफ की भोजपुरी फिल्म का नाम 'बलिदान' है, जिसमें उने साथ रवि किशन थे। वहीं मनोज तिवारी के साथ उन्होंने 'हम हईं खलनायक' में काम किया है।

ये सितारे भोजपुरी सिनेमा के हो कर रह गए

सलमान खान की फिल्म 'बागी' के अपना एक्टिंग डेब्यू करने वाली नग़मा ने 'पंडित जी बताईं न बियाह कब होई' से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा और फिर वहीं की हो गईं। वहीं 'आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया' में नज़र आए विजय आनंद ने भी हिन्दी सिनेमा का दामन छोड़ भोजपुरी सिनेमा में अपना परचम फहराया है। वहीं कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने भी कई भोजपुरी फिल्मों में काम किया। फिलहाल तो कॉमेडी में अपनी पकड़ मजबूत बना कर हिन्दी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में छाए हुए हैं।

संबंधित ख़बरें