अजय देवगन की 'मस्ट वॉच' फिल्में

अजय देवगन के 51वें जन्मदिन पर उनकी 'मस्ट वॉच' फिल्मों की लिस्ट। अजय ने अपने करियर में एक्शन, रोमांटिक, कॉमेडी और इमोशनल तकरीबन सभी जॉनर में हाथ आजमाया और उसमें सफलता पायी है। ऐसे में उनके करियर की वो कुछ बेहद चुनिंदा फिल्मों की लिस्ट पर क्यों ने नज़र दौड़ाई जाए।

ajay devgan's must watch films

2 अप्रैल 1969 में जन्में अजय देवगन आज अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। अजय देवगन सिर्फ एक्टर ही नहीं, बल्कि डायरेक्टर और प्रोड्यूसर भी हैं। हालांकि, बतौर एक्टर वो ज्यादा सफल रहे हैं और आने वाले दिनों में प्रोड्यूसर के रूप में अपना दबदबा जमाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

अब बात करें अजय देवगन के फिल्मी करियर की, तो उन्होंने एक्शन फिल्मों से शुरुआत ज़रूर की, लेकिन उनकी फिल्मोग्राफी में कॉमेडी, रोमांटिक और इमोशनल ड्रामा फिल्मों की भरमार है। हाल ही में आई उनकी फिल्म 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। यह फिल्म अजय के करियर की 100वीं फिल्म थीं, जिसमें उनके साथ उनकी पत्नी अभिनेत्री काजोल ने स्क्रीन शेयर किया था।

ख़ैर, आज अजय देवगन अपनी सालगिरह मना रहे हैं, तो ऐसे में सिनेप्रेमियों के लिए उनकी 'मस्ट वॉच' फिल्मों की लिस्ट लेकर हम हाजिर हैं। इनमें से तकरीबन कई फिल्में ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

जख्म

महेश भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म साल 1998 में रिलीज़ हुई थी। इसमें अजय देवगन का किरदार एक ऐसे युवक का रहता है, जिसके घर में सभी धर्मों को एक नज़र से देखा जाता है, लेकिन उसकी मां की मौत को राजनीतिक फायदे के लिए मुद्दा बनाया जाता है। वहीं अपनी मां के अतीत में वो काफी उलझा रहता है।

फिल्म में अजय देवगन, सोनाली बेन्द्रे, पूजा भट्ट, आशुतोष राणा, नागार्जुन आदि मुख्य भूमिका में थे। अजय देवगन के फिल्मी करियर में यह फिल्म इसलिए भी ख़ास है, क्योंकि इससे पहले अजय को दर्शकों ने स्क्रीन पर एक्शन अवतार में ही देखा था। एक संजीदा अभिनेता के रूप में इसी फिल्म ने उनकी इमेज बनायी। इस फिल्म के लिए उनको सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।

हम दिल दे चुके सनम

संजय लीला भंसाली की साल 1999 में आई फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम', वैसे तो ऐश्वर्या राय और सलमान खान के कारण सुर्खियों में रही, लेकिन उसमें अजय देवगन की भूमिका को दर्शकों का काफी प्यार मिला। अजय फिल्म में एक ऐसे शख्स के किरदार में दिखे, जिसे शादी के बाद पता चलता है कि उसकी पत्नी किसी और से प्यार करती है। अब अपनी पत्नी को उसके प्रेमी से मिलवाने का फैसला करता है और इटली जाता है।

फिल्म में सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन और अजय देवगन मुख्य भूमिका में थे। हालांकि, फिल्म में अजय देवगन का किरदार काफी छोटा था, लेकिन फिल्म में अजय की परफॉर्मेंस सलमान और ऐश्वर्या पर भारी पड़ी। अजय का किरदार फिल्म में बाकी सभी पर भारी पड़ा। इस फिल्म के बाद अजय की फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ।

द लीजेंड ऑफ भगतसिंह

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' साल 2002 में रिलीज़ हुई थी। स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के जीवन पर आधारित इस फिल्म में दिखाया जाता है कि बचपन से अंग्रेजों का अत्याचार देखकर भगत सिंह निडर बन जाते हैं और फिर अंग्रेजों से डट कर मुकबला करते हैं।

अजय देवगन के अलावा फिल्म में सुशांत सिंह, अखिलेन्द्र मिश्रा, अमृता राव, राज बब्बर सरीखे कलाकार भी अहम किरदारों में थे। जब अजय देवगन की यह फिल्म आई, तब फिल्म इंडस्ट्री में भगत सिंह पर फिल्म बनाने की होड़ मची हुई थी। एक दौर ऐसा भी था, जब भगतसिंह पर एक साथ पांच फिल्मे बन रही थीं। लेकिन उन फिल्मों पर अजय देवगन स्टारर ‘द लीजेंड ऑफ भगतसिंह’ भारी पड़ी। फिल्म में अजय ने भगतसिंह की आक्रामकता, जुनून और देशप्रेम को बड़ी बारीकी से निभाया था। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।

गंगाजल

प्रकाश झा की साल 2003 में रिलीज़ हुई फिल्म में अजय देवगन ने सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस अमित कुमार का किरदार निभाया था। एसपी अमित कुमार का तबादला ऐसे शहर में होता है, जहां अपराध की दर बहुत ज्यादा है। अमित कुमार को अपराधियों के साथ-साथ भ्रष्ट अधिकारियों से भी निबटना पड़ता है।

फिल्म में अजय देवगन के अपोजिट ग्रेसी सिंह थीं। वहीं फिल्म में मुकेश तिवारी, अखिलेन्द्र मिश्रा, मोहन जोशी, मोहन अगाशे, यशपाल शर्मा आदि अहम किरदारों में थे।

पुलिस ऑफिसर की भूमिका में अजय देवगन का काफी पसंद किया गया। फिल्म के ट्रीटमेंट के लिए निर्देशक की भी काफी तारीफें हुईं।

मस्ती

साल 2004 में रिलीज़ हुई एडल्ट कॉमेडी फिल्म में अजय देवगन की कॉमिक टाइमिंग की काफी तारीफें हुई थीं। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। यह तीनों दोस्त अपनी शादीशुद जीवन से ऊब चुके हैं और फिर अरसे बाद इनकी एक-दूसरे से मुलाकात होती है अपनी मैरिड लाइफ में रोमांच भरने के लिए कोशिशों में जुट जाते हैं, लेकिन दिक्कत तब हो जाती है, जब एक मर्डर केस में तीनों फंस जाते हैं। इस फिल्म को दर्शकों ने कापी पसंद किया गया, जिसके बाद 'मस्ती' के कई सीक्वल बने।

फिल्म में अजय के अलावा रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय, अमृता राव, तारा शर्मा, जेनेलिया डिसूजा, लारा दत्ता, सतीश शाह, अर्चना पूरण सिंह, राखी सावंत भी प्रमुख भूमिका में थे।

रेनकोट

ओ हेनरी की शॉर्ट स्टोरी पर बेस्ड फिल्म 'रेनकोट' का निर्देशन ऋतुपर्णों घोष ने किया था, जो साल 2004 में रिलीज़ हुई थी। फिल्म में अजय देवगन के साथ ऐश्वर्या राय मुख्य भूमिका में थी। फिल्म की कहानी दो लवर्स, मनु और नीरू की है, जो बद्किस्मती से बिछड़ जाते हैं। फिर एक दिन उनकी मुलाकात होती है। दोनों किस तरह से अपनी ज़िदगी बिता रहे हैं, इस पर काफी बातें करते हैं। मनु को नीरू से मदद चाहिए, लेकिन नीरू की हालत और भी खराब रहती है।

यह फिल्म अजय देवगन के करियर की अलहदा फिल्मों में से एक है, क्योंकि एक ही कमरे के सेट में पूरी फिल्म बना ली गई है। अजय द्वारा फिल्म में की गई भावपूर्ण अभिनय की काफी तारीफें हुईं। इस फिल्म में ऐश्वर्या और अजय के अलावा सुरेखा सीकरी, अन्नू कपूर भी ख़ास भूमिका में थे।

ओंकारा

विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी फिल्म 'ओंकारा' साल 2006 में रिलीज़ हुई। यह क्राइम ड्रामा शेक्सपीयर के 'ओथेलो' से प्रेरित थी, जिसमें लंगड़ा, ओंकारा का उत्तराधिकारी बनने का सपना देखता है, लेकिन केसु को उत्तराधिकारी बना दिया जाता है, जिससे लंगड़ा के गुस्से से बौखला जाता है और फिर वह बदला लेने के लिए उतावला हो जाता है। फिल्म उत्तर भारत के राजनीतिक हालात और अपराधिक पृष्ठभूमि को भी दर्शाती है।

अजय देवगन की यह फिल्म मनोरंजन के साथ गहरे अर्थ समेटे हुए है। अजय ने फिल्म में जबरदस्त अदायगी दिखायी थी। फिल्म में अजय के अलावा करीना कपूर खान, सैफ अली खान, विवेक ओबेरॉय, बिपाशा बसु, कोंकणा सेन शर्मा, नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में थे।

वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई

साल 2010 में रिलीज़ हुई फिल्म 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई' की कहानी मुंबई अंडरवर्ल्ड कुख्यात गैंगस्टर्स हाजी मस्तान और दाऊद इब्राहीम पर बेस्ड थी। सुल्तान मिर्जा ने अपराध की दुनिया में अपना दबदबा बनाया और वह गरीबों की मदद से भी कभी पीछे नहीं हटा। अपने शागिर्द शोएब से उसके मतभेद हुए और दोनों अपनी शर्तों पर मुंबई पर राज करने की कोशिश करते हैं।

मिलन लुथरिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में के डायलॉग जानदार थे। वहीं बेजोड़ सीन्स और एक्शन की भरमार थी। अजय ने अपने किरदार को बड़ी बारीकी से निभाया था। 'सुल्तान मिर्ज़ा' के किरदार में वो क्या बखूबी ढले थे। अजय की एक्टिंग इस फिल्म की यूएसपी है।

वहीं फिल्म में अजय के अपोज़िट कंगना रनौत थीं। फिल्म में अजय और कंगना के अलावा इमरान हाशमी, प्राची देसाई, रणदीप हुड्डा अहम भूमिका में थे।

सिंघम

रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म 'सिंघम' अजय देवगन की सफल फ्रेंचाइज़ी फिल्मों में से एक है। साल 2011 में आई इस फिल्म में अजय ने एक निडर पुलिस ऑफिसर 'बाजीराव सिंघम' का किरदार निभाया है। फिल्म में अजय का किरदार किसी शक्तिशाली, भ्रष्ट और खतरनाक व्यक्ति से उलझने में हिचकिचाता नहीं है। फिल्म में जब भी अजय का किरदार पर्दे पर दहाड़ता था, सिनेमाहॉल में सीटियां और तालियां बजने लगती थीं।

रोहित शेट्टी की फिल्म में अजय के अलावा काजल अग्रवाल, प्रकाश राज ख़ास किरदारों में थे। अजय देवगन की फिल्म आम जनता को तो पसंद आई ही, लेकिन पुलिस महकमे ने भी पुलिसकर्मियों को भी यह फिल्म दिखाई।

दृश्यम

साल 2015 में आई फिल्म 'दृश्यम' का निर्देशन निशिकांत कामत ने किया था। फिल्म में दिखाया गया है कि गोआ की आईजीपी का बेटा लापता है। पुलिस को विजय और उसके परिवार परशक है, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी पुलिस विजय के खिलाफ कोई सबूत नहीं जुटा पाती।

अजय के अलावा फिल्म में श्रेया सरन, तब्बू, ईशिता दत्ता, रजत कपूर, कमलेश सावंत मुख्य भूमिका में हैं।

संबंधित ख़बरें
अजय देवगन की अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट देखकर चकरा जाएंगे आप