Rudra: The Edge of Darkness: 'रूद्र' बन कर ओटीटी डेब्यू करने जा रहे हैं अजय देवगन

अजय देवगन 'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने जा रहे हैं। इस क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज़ में उनका नाम 'रूद्र' है। बता दें कि 'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' इदरीस एल्बा के ब्रिटिश शो 'लूथर' का हिन्दी रीमेक है। हिन्दी रीमेक यानी 'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' में इदरीस एल्बा के किरदार में अजय देवगन नज़र आएंगे। इस सीरीज को बीबीसी वन और एप्लॉज़ एंटरटेनमेंट मिल कर प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि यह हॉटस्टार पर रिलीज होगी।

ajay-devgn-to-debut-on-ott-with-rudra-the-edge-of-darkness-remake-of-idris-elba-luther

बीते कुछ दिनों से अजय देवगन के डिजिटल डेब्यू को लेकर ख़बरें आ रही थीं। अब इन ख़बरों की पुष्टि खुद अजय देवनग ने कर दी है। अजय, हॉटस्टार स्पेशल्स की क्राइम ड्रामा सीरीज 'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' से अपनी डिजिटल पारी शुरू करने जा रहे हैं।

इस क्राइम थ्रिलर सीरीज में अजय देवगन एक पुलिस ऑफिसर की भूमिका में होंगे, जो उनके अभी तक के कॉप अवतारों से अलग होगा। यह सीरीज डिज़्नी प्लस हॉटस्टार वीआईपी पर स्ट्रीम की जाएगी।

इस सीरीज की शूटिंग जल्दी ही शुरू होने वाली है। मुंबई के आइकॉनिक लोकेशंस पर इसकी शूटिंग होगी। 'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' का निर्माण एप्लॉज़ एंटरटेनमेंट और बीबीसी स्टूडियोज़ साथ मिलकर कर रहे हैं।

अपने डिजिटल डेब्यू को लेकर अजय ने कहा, 'मेरी हमेशा से कोशिश यही रही है कि काबिल लोगों के साथ बेहतरीन काम करूं। 'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' बांधकर रखने वाले कहानी है और इस सफर की शुरुआत करने का मुझे बेसब्री से इंतज़ार है। पर्दे पर पुलिस वाले का किरदार निभाना मेरे लिए नया नहीं है, लेकिन इस बार यह किरदार ज़्यादा गहरा, मुश्किल और डार्क है। मुझे इस किरदार के व्यक्तित्व ने सबसे अधिक प्रभावित किया। सम्भवत: यह मौजूदा दौर में सबसे ग्रे कैरेक्टर है।'

बतौर निर्माता अजय पहले ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू कर चुके हैं। उनकी होम प्रोडक्शन फिल्म 'त्रिफंग' नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी, जिसमें काजोल मुख्य भूमिका में थीं।

'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' ब्रिटिश साइकोलॉजिकल क्राइम ड्रामा सीरीज 'लूथर' का भारतीय रूपांतरण है। नील क्रॉस क्रिएटेड सीरीज में इदरीस एल्बा ने डीसीआई जॉन लूथर का रोल निभाया था। वहीं रूथ विल्सन ने एलिस मोर्गन की भूमिका निभाई थी। साल 2010-2019 के बीच इसके पांच सीजन आ चुके हैं। पहले सीजन में 6 एपिसोड्स थे। बीबीसी वन पर इसका प्रसारण हुआ था।

डिज्नी प्लस हॉटस्टार के प्रेसीडेंट और हेड सुनील रायन ने कहा कि 'रूद्र' का निर्माण बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। देश में इस तरह की कहानियों को अब तक नहीं दिखाया गया है। इसे मेट्रो के साथ-साथ देश की बाक़ी जनता को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है।

एप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के सीईओ समीर नायर ने कहा कि 'रूद्र- द ऐज ऑफ डार्कनेस' हमारा सबसे बड़ा शो है, जिसमें अजय देवगन लीड रोल में हैं। यह सीरीज इसी साल रिलीज की जाएगी।

बता दें कि अजय की फिल्म 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' भी डिज़्नी प्लस हॉटस्टार वीआईपी पर इसी साल रिलीज होने वाली है।

संबंधित ख़बरें
अजय देवगन ने शुरू की 'लूथर' के रीमेक की तैयारी

टिप्पणियाँ