किरण खेर को हुआ ब्लड कैंसर, अनुपम खेर-सिकंदर खेर ने किया कंफर्म

दिग्गज अभिनेत्री भाजपा सांसद किरण खेर ब्लड कैंसर से जूझ रही हैं। चार महीने पहले हाथ टूटने के बाद बीमारी का पता चला। फिलहाल किरण का इलाज मुंबई में चल रहा है और वो ठीक हो रही हैं। सबसे पहले चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण सूद ने यह जानकारी दी। बाद में इस ख़बर की किरण के पति अभिनेता अनुपम खेर और बेटे सिकंदर खेर ने भी पुष्टि करते हुए बताया कि वो रिकवर हो रही हैं।

kirron-kher-is-suffering-from-blood-cancer-husband-anupam-kher-and-son-sikandar-confirms

चंडीगढ़ से भाजपा सांसद अभिनेत्री किरण खेर ब्लड कैंसर से जूझ रही हैं। किरण को मल्टीपल मायलोमा नाम ग्रसित हैं, जो एक तरह का ब्लड कैंसर है। फिलहाल किरण की इलाज मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चल रहा है।

68 वर्षीय किरण खेर के ब्लड कैंसर से ग्रसित होने की जानकारी चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण सूद देते हुए बताया कि वो अभिनेत्री को यह बीमारी पिछले साल नवंबर में डिटेक्ट हुई थी।

अपने बयान में अरुण सूद ने कहा, 'पिछले साल 11 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित घर में किरण का बायां हाथ टूट गया था। चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में जांच कराने के बाद पता चला कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा है। बीमारी उनके बाएं हाथ से लेकर दाएं कंधे तक फैल चुकी थी। 4 दिसंबर को उन्हें मुंबई लाया गया, उन्हें इलाज के लिए कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में नियमित जाना पड़ता है।'

किरण की सेहत को लेकर उनके पति अभिनेता अनुपम खेर ने इसे लेकर आधिकारिक स्टेटमेंट सोशल मीडिया पर जारी किया। उन्होंने बेटे सिकंदर और अपने नाम से जारी स्टेटमेंट में लिखा है, 'फिलहाल उनका ट्रीटमेंट चल रहा है और हमें पूरा यकीन है कि वे पहले से ज्यादा मजबूती के साथ इससे बाहर आ जाएंगी। हम खुशनसीब हैं कि वे बेहतरीन डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। वे हमेशा फाइटर रही हैं।' अनुपम ने आगे किरण के लिए दुआ कर रहे फैन्स का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा है कि वे रिकवर हो रही हैं।

वहीं बेटे सिकंदर खेर ने भी सोशल मीडिया पर अपनी मां की सेहत को लेकर एक स्टेटमेंट जारी किया। सिकंदर अपने स्टेटमेंट में लिखते हैं,'अफवाहें स्थिति को बेहतर नहीं बना सकतीं। इसलिए मैं और मेरे पिता सभी को सूचित करना चाहते हैं कि मेरी मां को मायलोमा हो गया है, जो कि एक ब्लड कैंसर का प्रकार है। फिलहाल वो इलाज करवा रही हैं और विश्वास है कि वो पहले से ज्यादा मजबूत बनकर वापसी करेंगी। खुशकिस्मत हैं कि कमाल के डॉक्टर्स उनकी देखरेख कर रहे हैं। वो हमेशा से ही फाइटर रही हैं।'

वो आगे लिखते है, 'वो नेकदिल हैं और इसलिए उन्हें लोग काफी प्यार करते हैं... तो आप अपने दिल से और अपनी प्रार्थना में उनको प्यार भेजते रहें। वो अच्छे से रिकवर हो रही हैं और आप सभी के समर्थन और प्यार के लिए धन्यवाद। अनुपम और सिकंदर।'

बात करें किरण खेर बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्रियों में शुमार हैं। किरण ने साल 1983 में रिलीज हुई पंजाबी फिल्म 'आसरा प्यार दा' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था, जबकि उनकी पहली हिन्दी फिल्म साल 1988 में आई 'पेस्तोंजी' रही। किरण को साल 1996 में आई फिल्म 'सरदारी बेगम' के लिए पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार (स्पेशल जूरी) मिला। साल 1999 में आई बांग्ला फिल्म 'बारीवाली/द लेडी ऑफ द हाउस' के लिए उन्होंने दूसरा नेशनल अवॉर्ड जीता था। किरण की लोकप्रिय फिल्मों की बात करें, तो साल 2002 में 'आई देवदास', 2004 में आई 'वीर जारा', साल 2007 में आई 'ओम शांति ओम' और साल 2014 में आई 'खूबसूरत' सरीखी अन्य फिल्में शामिल हैं।

राजनीति करियर की बात करें, तो किरण ने साल 2014 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस के पवन बंसल और आम आदमी पार्टी की गुल पनाग को हराया था। साल 2019 में एक बार फिर वे पवन बंसल को हराकर लोकसभा सांसद चुनी गई थीं। पिछले साल कोरोना महामारी के बीच चंडीगढ़ में किरण के शहर से गुमशुदा होने के पोस्टर लगाए गए थे। कांग्रेस ने उन पर आरोप लगाया था कि वे महामारी में अपने लोकसभा क्षेत्र को नजरअंदाज कर रही हैं। बाद में एक वीडियो जारी कर किरण ने कांग्रेस के आरोपों का खंडन करते हुए पलटवार किया था।

किरण के बचाव में चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा था, 'पिछले साल दिसंबर तक वे चंडीगढ़ में ही थीं। वे सीनियर सिटिजन और डायबिटिक हैं। उन्हें लॉकडाउन के दौरान घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई थी। वे सिर्फ अपनी बीमारी का इलाज कराने के लिए शहर से बाहर गई थीं। बीमार होने के बावजूद किरण मेरे लगातार संपर्क में थीं और शहर से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर डिस्कशन कर रही थीं।'

किरण की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो उन्होंने पहली शादी मुंबई बेस्ड बिजनेसमैन गौतम बैरी से की थी, जिनसे उनका बेटा सिकंदर है। हालांकि, बाद में गौतम बैरी और किरण खेर ने अलग होने का फैसला कर लिया। गौतम से अलग होने के बाद किरण की नज़दीकियां अभिनेता अनुपम खेर से बढ़ी और फिर दोनों ने शादी कर ली। अनुपम और किरण दोनों की दूसरी शादी है।

संबंधित खबरें 

टिप्पणियाँ