मनोज मुंतशिर की 'अहिल्याबाई होल्कर' में नज़र आ सकती हैं प्रियंका चोपड़ा

लेखक-गीतकार मनोज मुंतशिर मराठा रानी अहिल्याबाई होल्कर पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। इस फिल्म से वो बतौर प्रोड्यूसर अपनी पारी की शुरुआत करने वाले हैं। वहीं मनोज, अहिल्याबाई के रोल के लिए प्रियंका चोपड़ा को कास्ट करना चाहते हैं, क्योंकि इस किरदार के लिए प्रियंका उनको सबसे सही चुनाव लगती हैं।

manoj-muntashir-making-ahilyabai-holkar-biopic-wants-priyanka-chopra-to-play-lead-in-the-film

लेखक-गीतकार मनोज मुंतशिर अब बतौर प्रोड्यूसर अपनी पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। प्रोड्यूसर के रूप में उनकी पहली फिल्म मराठा रानी अहिल्याबाई होल्कर की बायोपिक होगी। इस फिल्म को लेकर मनोज मुंतशिर का कहना है कि वो केंद्रीय भूमिका में प्रियंका चोपड़ा को कास्ट करना चाहते हैं।

प्रियंका चोपड़ा को ही रानी अहिल्याबाई होल्कर के किरदार के लिए चुनने के पीछे मनोज मुंतशिर ने बताया कि प्रियंका में इस किरदार को करने के लिए जरूरी आग, जुनून और विश्वास है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रियंका स्टारर संजय लीला भंसाली की फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' में परफॉर्मेंस शानदार थी। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में अभी तक प्रियंका से बात नहीं की है, क्योंकि अभी तक स्क्रिप्ट शुरूआती स्टेज में ही है। जैसे ही ये पूरी होगी, वे प्रियंका से इस बारे में जरूर बात करेंगे।

मनोज ने इस बारे में आगे बताया, 'जब हम महिला शासकों की बात करते हैं, तो हम रानी लक्ष्मीबाई पर ही ठहर जाते हैं। हालांकि, उनका देश के लिए उनके योगदान को नकारा नहीं जा सकता है, ना ही अहिल्याबाईजी का। जब औरंगजेब देश में मंदिरों को नष्ट कर रहा था, तब वह नए मंदिर बनवा रहीं थीं। हालांकि, इस फिल्म में इस पहलू पर फोकस नहीं करके, उनकी विरासत पर फोकस किया जाएगा। अहिल्याबाई होल्कर के शासन में इंदौर को नई उंचाईयों तक लेजाकर उन्होंने अपनी शासकीय क्षमता का परिचय दिया।'

फिल्म का नाम 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी' होगा। यह फिल्म के इसी साल फ्लोर पर आने की संभावना है। मनोज इस फिल्म में सह-लेखक और डायलॉग राइटर की तरह भी काम करेंगे। उनका कहना है कि इस फिल्म को हिन्दी, मराठी, तमिल और तेलुगु में बनाया जाएगा। फिल्म की बाकी स्टारकास्ट क्या होगी, अभी इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

उल्लेखनीय है कि मनोज मुंतशिर बॉलीवुड के जाने-माने लेखक हैं, जिन्होंने 'बाहुबली' सीरीज के हिन्दी डायलॉग और गीत लिखे हैं। मनोज मुंतशिर काफी समय से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, लेकिन इस सीरीज ने उन्हें जबरदस्त नाम और शोहरत दी है। 'बाहुबली' सीरीज के बाद मनोज मुंतशिर को साउथ इंडस्ट्री के निर्माता भी पूछने लगे हैं।

संबंधित ख़बरें
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी अगली बॉलीवुड फिल्म को लेकर किया खुलासा

टिप्पणियाँ