'कोल्डप्ले' में दिखीं सोनम, उड़ा मज़ाक

इन दिनों बॉलीवुड सुंदरियां हॉलीवुड में जाने को बेक़रार दिख रही हैं। हॉलीवुड में अपनी उपस्थिति दर्ज़ कराने के लिए पांच सेकेंड की भूमिका करने से भी गुरज़ नहीं कर रही हैं। इसका ताज़ा उदाहरण हैं सोनम कपूर। सोनम कपूर रॉकबैंड 'कोल्डप्ले' के वीडियो सॉन्ग 'हिम फॉर द वीकेंड' में नज़र आईं। इसमें वे सिर्फ़ पांच सेकेंड के लिए ही दिखीं, जबकि इस एल्बम को करने से पहले काफी चर्चा थी कि दीपिका से पहले सोनम हॉलीवुड में इंट्री कर रही हैं। लेकिन इंट्री ऐसी होगी, तो सिवाय शर्मिंदगी के कुछ भी हाथ न लगेगा। आइए विस्तार से जानते हैं कि पूरा माजरा क्या है? क्यों सोशल साइट पर सोनम का मज़ाक उड़ रहा है।

सोनम कपूर रॉक बैंड 'कोल्डप्ले' के गाने 'हिम फॉर दी वीकेंड' में बियॉन्से नोलेस के साथ नज़र आईं। इसमें वो महज पांच सेकेंड के लिए ही दिखीं, जिसके बाद सोशन नेटवर्किंग साइट पर उनका मज़ाक उड़ा।
मुंबई। बॉलीवुड की फैशन दीवा सोनम कपूर रॉक बैंड 'कोल्डप्ले' के गाने 'हिम फॉर दी वीकेंड' में बेहद खूबसूरत नज़र आ रही हैं। यह पहली बार है, जब सोनम हॉलीवुड के किसी वीडियो में नजर आ रही हैं। 

सोनम की अपियरेंस को उनका हॉलीवुड डेब्यू कहा जा सकता है। कोल्डप्ले के इस वीडियो में बियॉन्से नोलेस के साथ सोनम कपूर के रहने की खूब चर्चा हुई, लेकिन 4 मिनट 26 सेकंड के वीडियो में सोनम कब आई और कब गईं पता ही नहीं चलता।

हॉलीवुड में बॉलीवुड ही छाप

आपको बता दें कि साल 2016 में बॉलीवुड, हॉलीवुड में अपनी जबरदस्त छाप छोड़ने को तैयार है। इस साल कई बॉलीवुड स्टार्स हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं, चाहे वो टेलीविजन हो, म्यूजिक वीडियो हो या फिल्में। 

प्रियंका चोपड़ा अमेरिकन टीवी के लिए 'क्वांटिको' तो कर ही रही हैं, लेकिन साथ ही में वे ड्वेन जॉनसन के साथ 'बेवॉच' सीरीज़ पर बनने वाली फिल्म में भी अहम भूमिका में होंगी। वहीं दीपिका पादुकोण अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म 'ट्रिपल एक्स' के लिए पसीना बहा रही हैं। इसमें दीपिका वीन डीज़ल के साथ स्क्रीन शेयर करेंगीं।

छिड़ा विवाद

'कोल्डप्ले' का यह एल्बम भारतीय परिवेश में शूट किया गया है, विजुअल में होली के रंगों को फोकस किया गया है। इस एल्बम में दिखने के बाद से सोनम कपूर चर्चा में हैं। यह चर्चा वीडियो में महज पांच सेकंड आने के लिए हो रही है। 

सोशल साइट यूजर्स उनके इतने कम वक्त के अपियरेंस पर जमकर मजाक उड़ा रहे हैं। इसमें अमेरिकी पॉप सेंसेशन बियॉन्से नोलेस के साथ इंडियन कल्चर को दिखाया गया है। ख़बर लिखे जाने तक इसे 94 लाख बार देखा जा चुका है।

ख़बरें थीं कि सोनम नामी ब्रिटिश बैंड 'कोल्डप्ले' के नए वीडियो में काम कर रही हैं। 'अ हेड फुल ऑफ ड्रीम्स' एल्बम के गाने 'हिम फॉर द वीकेंड' में उनके अच्छे रोल की उम्मीद थी। इंडिया में ए-लिस्ट एक्ट्रेस होते हुए उनका इतना मामूली कैमियो करने के लिए राजी होना भी अजीब लगता है।

सोशल साइट पर लोग इसे गेस्ट अपियरेंस भी मानने के लिए तैयार नहीं। गाने के अंत में उनके बस तीन शॉट हैं। 4 मिनट 20 सेकंड के इस वीडियो में सोनम की 3.36 मिनट पर इंट्री होती है और 3.46 तक केवल एक-एक सेकंड के तीन शॉट देकर चली जाती हैं।

बता दें कि पहले कहा गया था कि इस गाने में सोनम और बियॉन्से दिखेंगी। लेकिन जहां बियॉन्से पूरे गाने में हैं। वहीं, सोनम साइड आर्टिस्ट से भी कम वक्त के लिए नज़र आईं।

क्या है वीडियो में

वीडियो में भारतीय संस्कृति के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। इसकी शुरुआत एक मंदिर में हो रही आरती से होती है। इसके बाद यहां के रहन-सहन, ऐतिहासिक इमारतों, होली के त्योहार और बायोस्कोप दिखाया जाता है। वीडियों में बियॉन्से को बॉलीवुड अभिनेत्री रानी के तौर पर दिखाया गया है।

अब यह सब देखने के बाद भारतीय दर्शकों में नाराज़गी देखी जा रही है। इसके लिए वे सोशल साइट पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं। सोशल साइट यूजर्स का कहना है कि वीडियो में इंडियन कल्चर से ज्यादा यहां की गरीबी दिखाने की कोशिश की गई है।

इस वीडियों में क्रिस मार्टिन को झुग्गी के बच्चों के साथ होली खेलते दिखाया गया है। कुछ तो इसकी तुलना स्लमडॉग मिलेनियर से भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि कोल्डप्ले ने भारत में आकर भूखे नंगों की खोज भर ही की है। वहीं कुछ ने इस वीडियों के कॉन्सेप्ट को ही घिसापिटा बताया है।

वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें।

संबंधित ख़बरें
आगे हेमा मालिनी ने ज़मीन विवाद पर दी सफाई