खिलौने में ढलेंगे ऋतिक रोशन

बॉलीवुड के पहले सुपरहीरों में शुमार अभिनेता ऋतिक रोशन अब जल्दी ही खिलौने में ढलने वाले हैं। दरअसल, खिलौना बनाने वाली एक बड़ी कंपनी ने ऋतिक रोशन की टीम से मुलाक़ात की है और इसी दौरान उनके मशहूर किरदारों पर आधारित खिलौनों की सीरीज़ बनाने की पेशकश भी की है। हालांकि, फिल्म 'कृष' के समय इसका मर्चेंडाइज बनाया गया था और बच्चों में वे काफी मशहूर भी रहे थे।

ऋतिक रोशन के किरदार के खिलौने बनाए जाएंगे
मुंबई। इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मोहेनजोदारो' में व्यस्त अभिनेता ऋतिक रोशन के खिलौने भी जल्दी ही बाज़ार में उपलब्ध हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि खिलौना बनाने वाली एक बड़ी कंपनी ने ऋतिक रोशन की टीम से मुलाक़ात की है और उनके किरदारों पर आधारित खिलौने बनाने की पेशकश भी की है।

ये खिलौने ऋतिक की फिल्मों के किरदारों पर आधारित होंगे, जिसमें 'कृष', 'धूम', 'बैंग-बैंग', 'जोधा अकबर', 'कोई मिल गया' और 'कहो ना प्यार है' के ऋतिक द्वारा अभिनीत किरदार होंगे। इन सभी किरदारों को खिलौने की शक्ल दी जाएगी जिससे बच्चे खेलेंगे।

दरअसल बच्चों के बीच ऋतिक रोशन काफी लोकप्रिय हैं, जिसके कारण उनके किरदारों को खिलौने के रूप में उतारा जा रहा है। ऋतिक के सुपरहीरो की इमेज बच्चों में काफी मशहूर है। फिल्म 'कृष' में कृष बनकर किसी भी जगह से कूद जाना, विलेन को मारना, स्टंट के साथ डांस करना। इन्हीं वजहों से ऋतिक की फिल्में बच्चों के लिए पूरा एंटरटेनमेंट पैक होती हैं।

इन्हीं कारणों से खिलौना कंपनी ने ऋतिक के चुनिंदा फिल्मों के किरदार को खिलौने के रूप में उतारने का फैसली लिया है। हालांकि, फिल्म 'कृष' के समय इसका मर्चेंडाइज बनाया गया था और खिलौनो की दुकान में यह उपलब्ध थे।

इस बारे में बात करते हुए ऋतिक ने कहा, 'मैं एक्शन हीरो और सुपर हीरो का बड़ा फैन हूं और उनसे संबंधित चीजों का मेरे पास कलेक्शन है। यदि मेरे संदर्भ में भी यह काम कर गया तो फिर यह देखना दिलचस्प होगा। '

फिल्म के निर्माता की इजाज़त के बाद ही इन किरदारों को खिलौने के रूप में ढाला जाएगा। यदि किसी निर्माता ने मना किया, तो उस किरदार को छोड़ दिया जाएगा।

संबंधित ख़बरें
                                                                                                     सुपरहिट गायक, फ़्लॉप हीरो 'मुकेश' पीछे

टिप्पणियाँ