‘ऑफिस-ऑफिस’ के मुसद्दीलाल और भाटिया बने समधी

मशहूर चरित्र अभिनेता पंकज कपूर और सुप्रिया पाठक की बेटी सना की सगाई अभिनेता मनोज पाहवा और सीमा पाहवा के बेटे मयंक के साथ कर दी गई है। इस गुपचुप सगाई की जानकारी दिवंगत अभिनेता ओमपुरी की पत्नी नंदिता पुरी के ताज़ा बयान के बाद हुई। पंकज कपूर और मनोज पाहवा को मशहूर हास्य धारावाहिक ‘ऑफिस-ऑफिस’ में साथ में देखा गया था। 

सना कपूर और मयंक पाहवा की हुई गुपचुप सगाई
मुंबई। निजी ज़िंदगी को लाइम लाइट से दूर रखने वालों में अभिनेता पंकज कपूर का नाम भी शुमार है। जिस तरह अपने बेटे अभिनेता शाहिद कपूर की गुपचुप सगाई कर बिना शोरगुल के शादी कर दी थी। ठीक उसी परिपाटी को आगे बढ़ाते हुए अपनी बेटी सना की भी सगाई कर दी है। 

बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकारों में गिने जाने वाले अभिनेता पंकज कपूर और अदाकारा सुप्रिया पाठक ने अपनी बेटी सना की सगाई, अभिनेता मनोज पाहवा और सीमा पाहवा के बेटे मयंक से कर दी है। 

कपूर और पाहवा परिवार इस जानकारी को गुप्त ही रखना चाहता था, लेकिन दिवंगत अभिनेता ओमपुरी की पत्नी नंदिता पुरी के बयान ने इस राज को खोल दिया। 

हाल ही में नंदिता ने अपने बयान में बताया था कि हमलोग पंकज कपूर की बेटी सना और मनोज पहवा के बेटे मयंक की सगाई में जाने वाले थे। तब ओम ने मुझे फोन किया और इससे पहले कि मैं वहां पहुंचती वो मेरे घर आ गए।

मुसद्दीलाल और भाटिया

ये दोनों अभिनेता मशहूर कॉमेडी सीरियल ‘ऑफिस-ऑफिस’ में मुसद्दीलाल और भाटिया के किरदारों में काफी पसंद किए गए थे। जहां मुसद्दीलाल बने पंकज कपूर ऑफिसों के चक्कर काटते दिखाई देते थे। वहीं भ्रष्ट और चटोरे कलर्क की भूमिका में मनोज पाहवा नजर आते थे।

यह धारावाहिक काफी सराहा गया था। इसके बाद इस धारावाहिक पर फिल्म भी बनी, जिसमें ये दोनो अभिनेता अपने उसी किरदारों में नज़र आए। इसके अलावा दोनों की पत्नियां सीमा पाहवा और सुप्रिया पाठक भी बेहतरीन अदाकाराएं हैं। 

कौन है मयंक पाहवा

मयंक, मनोज पाहवा और सीमा पाहवा के बेटे हैं और वो एक परफॉर्मिंग आर्टिस्ट हैं। वहीं सना कपूर ने फिल्म ‘शानदार’ से अपने सिने करियर का आगाज़ किया था। इस फिल्म में सना ने आलिया की बहन का किरदार निभाया था।

अपने किरदार में जान डालने के लिए सना ने 15 किलो वजन भी बढ़ाया। इस फिल्म के लिए सना को साल 2015 में 'बिग स्टार मोस्ट एंटरटेनिंग एक्ट्रेस डेब्यू' का अवॉर्ड भी मिल चुका है।

संबंधित ख़बरें