'श्रीकृष्णा' सर्वदमन बनर्जी की फिल्म को मिल चुका है राष्ट्रीय पुरस्कार

रामानंद सागर के धारावाहिक 'श्रीकृष्ण' बने सर्वदमन बनर्जी की मधुर मुस्कान ने सबका मन मोह लिया था। इस किरदार ने उनको काफी मशहूर कर दिया था, लेकिन अब लाइमलाइट से दूर रहकर समाज सेवा में जुट गए हैं। 'पंख' नाम से एनजीओ चलाते हैं, जिसके जरिये लगभग 200 बच्चों की पढ़ाई लिखाई का ध्यान रखते हैं और उत्तराखंड की 50 गरीब महिलाओं को ढंग की जिंदगी बिताने लायक बनाने के लिए काम की ट्रेनिंग भी दिलवाते हैं।

Sarvadaman D.Banerjee aka 'Shri Krishna'
'रामायण' और 'महाभारत' के बाद एक और धारावाहिक जल्दी ही दोबारा प्रसारित होने जा रहा है। रामानंद सागर के धारावाहिक 'श्रीकृष्ण' के दोबारा प्रसारण की जानकारी डीडीनेशनल ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिये दी है।

जैसे ही इस धारावाहिक के दोबारा प्रसारण की जानकारी मिली, लोग इस धारावाहिक में 'कृष्ण' बने सर्वदमन बनर्जी की खोज-खबर करने लगे। इसलिए चलिये हम आपको बताते हैं कि आखिर इन दिनों सर्वदमन कहां हैं और क्या कर रहे हैं।

सर्वदमन पिछली बार सिल्वर स्क्रीन पर क्रिकेटर महेंद्र धोनी की बायोपिक 'एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में धोनी के कोच के किरदार में नज़र आये थे। हालांकि, बरसों पहले सर्वदमन ने अभिनय की दुनिया से अपना नाता तोड़ लिया था और आध्यात्म की तरफ मुड़ गए थे। 

इन दिनों वो ऋषिकेश में अपना एक मेडीटेशन सेंटर चलाते हैं, जहां लोग प्रकृति के बीच में मेडीटेशन करते हैं। यही नहीं वह 'पंख' नाम से एक एनजीओ चलाते हैं, जिसके जरिये तकरीबन 200 बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का ध्यान रखते हैं और उत्तराखंड की 50 गरीब महिलाओं को अच्छी तरह से ज़िंदगी बिताने लायक बनाने के लिए काम का प्रशिक्षण देते हैं। 

'श्रीकृष्ण' का सफर

रामानंद सागर के धारावाहिक 'श्रीकृष्ण' का प्रसारण साल 1993 से 1996 के बीच हुआ था। यह धारावाहिक काफी लोकप्रिय हुआ था। इसके किरदार और कलाकार दर्शकों के मन में बस गए थे। ख़ासतौर पर 'कृष्ण' बने सर्वदमन बनर्जी की मधुर मुस्कान पर दर्शक रीझ गए थे। पर्दे पर उनको देखकर लगता था, जैसे मानों, असल में भगवान ही इस भूमिका को निभा रहे हों। 

'श्रीकृष्ण' के बाद वो 'अर्जुन', 'जय गंगा मैया' और 'ओम नम: शिवाय' सरीखे धारावाहिकों में दिखाई दिये। इन सभी में वो या तो 'विष्णु' की भूमिका में दिखे या फिर 'कृष्ण' का चरित्र निभाया। 

नैशनल अवॉर्ड विनर फिल्म में सर्वदमन

सर्वदमन बनर्जी ने अपने एक्टिंग करियर में कई स्पिरीचुअल रोल्स निभाये हैं। साल 1983 में आदि शंकराचार्य पर बनी फिल्म 'आदि शंकराचार्य' में टाइटल रोल निभाया। इस फिल्म का निर्देशन जीवी अय्यर ने किया था। संस्कृत में बनी यह पहली भारतीय फिल्म है। इस फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। 

इसके बाद उन्होंने साल 1985 में 'श्री दत्ता दर्शनम' नाम की फिल्म की थी, जिसमें वो महान आध्यातमिक संत दत्तात्रेय की भूमिका में थे। वहीं साल 1998 में वो स्वामी विवेकानंद की बायोपिक में 'स्वामी विवेकानंद' की भूमिका निभाते दिखे। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती ने रामकृष्ण परमहंस की भूमिका निभायी थी और हेमा मालिनी मां काली के रोल में थीं।

फिल्म 'स्वामी विवेकानंद' के बाद सर्वदमन ने खुद के भीतर अध्यात्म को महसूस करना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि 'कृष्ण' की भूमिका करते समय ही उनका रुझान अध्यात्म की तरफ बढ़ने लगा था और फिर वो फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो गए। हालांकि, साल 2016 में आई फिल्म 'एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में धोनी के कोच के किरदार में दिखे थे। सर्वदमन ने हिन्दी के अलावा बंगाली और तेलुगू फिल्में भी अपने करियर में की हैं। 

बचपन से ही आध्यात्मिक 

सर्वदमन का कहना है कि उनके भीतर आध्यात्मिक उर्जा बचपन से ही जोर मार रही थी। पांच साल के थे तो बोलते नहीं थे। तब लोग सोचते थे कि लड़का गूंगा है। फिर पढ़ाई-लिखाई करके करियर बनाने के लिए एक्टिंग की फील्ड को चुना। इसी दौरान उनको 'श्रीकृष्णा' मिला। तभी से उनका मन एक्टिंग से उचाट होने लगा था। 

एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, 'मैंने 'कृष्णा' करते वक्त ही फैसला कर लिया था कि मैं 45-47 साल की उम्र तक ही काम करूंगा। बस फिर मुझे मेडिटेशन मिल गया और अब मैं पिछले 20 साल से वही कर रहा हूं।'

सर्वदमन बनर्जी का जीवन परिचय 

सर्वदमन डी बनर्जी का जन्म 14 मार्च 1965 को उन्नाव के मगरवाड़ा में हुआ था। कानपुर से स्कूली पढ़ाई-लिखाई करने के बाद सर्वदमन ने पुणे फिल्म इंस्टिट्यूट से ग्रेजुएशन की शिक्षा हासिल की। फिर उन्होंने अपने करियर में हिन्दी के अलावा तेलुगू और बंगाली फिल्मों में काम किया। हालांकि, उन्हें पहचान धारावाहिक 'श्रीकृष्णा' से मिली।

अब एक्टिंग छोड़ बीते बीस साल से ऋषिकेश में मेडिटेशन सीखाने के साथ समाज सेवा में मन लगाये हुए हैं।

सर्वदमन बनर्जी फेसबुक के बाद अब ट्विटर पर भी आ चुके हैं। जहां फेसबुक पर वो पहले से थे। वहीं ट्विटर पर हाल ही में उन्होंने अपना अकाउंट ओपन किया है। फिलहाल यह नहीं पता कि उनका यह अकाउंट ऑरिजनल है या फिर फैन ने फेक अकाउंट क्रिएट कर लिया है।

संबंधित ख़बरें 

टिप्पणियाँ