परिणीती बनेंगी अयुष्मान की 'मेरी प्यारी बिंदू'

एक साल खाली बैठने के बाद आखिरकार परिणीति चोपड़ा ने अपनी आगामी फिल्म की घोषण कर ही दी। परिणीती यशराज बैनर तले बन रही फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदू' में गायिका का किरदार निभाने जा रही हैं। अपने वेट लॉस के बाद चर्चा में आई परी की आख़िरी फिल्म 'किल दिल' थी, जो बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। इसके बाद ख़बर आई थी कि परिणीती सलमान खान की फिल्म 'सुल्तान' की लीडिंग लेडी बनेंगी, लेकिन वो मौक़ा भी अनुष्का ने हथिया लिया। लेकिन परिणीती की मानें, तो वे अब 'फुल ऑन एक्शन' में आ चुकी हैं। इस साल वे कई अन्य प्रोजेक्ट्स में भी नज़र आएंगी। पूरी ख़बर के लिए आगे क्लिक करें।

परिणीती चोपड़ा अपनी अगली फिल्म में गायिका का किरदार करते नज़र आएंगी।
मुंबई। बॉलीवुड अदाकारा परिणीती चोपड़ा पूरे एक साल बाद रुपहले परदे पर वापसी कर रही हैं। चार साल के करियर में वे वापसी करने वाली शायद पहली अदाकारा होंगी। ख़ैर, परिणीती की आख़िरी रिलीज़ साल 2014 में आई फिल्म 'किल दिल' थी।

'किल दिल' के बाद परिणीति अपने दोस्तों के साथ समय बिता रही थी और उन्होंने फिल्मों से ब्रेक ले लिया। उन्होंने एक बयान में यह भी कहा था कि कुछ समय ब्रेक लेने के बाद अच्छी कहानी मिलेगी तो वापसी करेंगी। अब शायद परिणीती को वो अचछी स्क्रिप्ट मिल गई है। तभी तो वो कह रही हैं कि मैंने ख़ुद को गियरअप कर लिया है।

मंगलवार को 'यशराज फिल्म्स' ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें परिणीति चोपड़ा बता रही हैं कि वे एक साल बाद वापसी कर रही हैं। इस बार वह सिर्फ़ अभिनय करती ही नज़र नहीं आएंगी, बल्कि गाना भी गाएंगी। 'मेरी प्यारी बिंदू' नाम की इस फिल्म को 'बैंड बाजा बारात' और अब शाहरुख खान की फिल्म 'फैन' का निर्देशन कर रहे मनीष शर्मा प्रोड्यूस कर रहे हैं।

वहीं इस फिल्म का निर्देशन अक्षय रॉय कर रहे हैं। फिल्म में आयुष्यमान खुराना, परिणीती के अपोजिट होंगे। परिणीती का मानना ​​है कि आयुष्मान एक स्थापित और अच्छे गायक हैं, उनके सामने तो उनकी शुरुआत भर ही है। इस फिल्म में परिणीती की आवाज़ में गाने तो होंगे, लेकिन कितने होंगे, यह कहना जल्दबाजी होगी।

चलिए लंबे अरसे बाद ही सही, परी ने धमाकेदार वापसी तो की। वैसे वो अपने वेट लॉस के बाद बोल्ड फोटोशूट को लेकर काफी चर्चा में थीं। मंगलवार को यशराज फिल्म्स द्वारा जारी इस वीडियो में परिणीती गाना गाती नज़र आ रही हैं। इस फिल्म की शूटिंग अप्रैल में शुरू होकर जून में पूरी हो जाएगी। इसके बाद परिणीती नए प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हो जाएंगी।

संगीत की डिग्री

अपनी अगली फिल्म में गायिका का किरदार निभाने जा रही परिणीती ने एक अंग्रेजी अख़बार को बताया कि इस फिल्म में गायिका का किरदार निभा रही हूं। मुझे इस वीडियो में गाने के लिए संगीतकार सचिन -जिगर ने प्रोत्साहित किया और निर्देशक अक्षय रॉय ने भी दबाव बनाया। थोड़ी बहुत तैयारी के साथ कुछ ही घंटों में बिना ऑटो ट्यून के मैंने यह गाना रिकॉर्ड कर लिया। वैसे यह गाना ठीक -ठाक बन पड़ा है।

परिणीती आगे कहती हैं कि संगीत मेरे अंदर रचा बसा है। मेरे घर में गीत संगीत का माहौल है और लगभग सभी गाते हैं। यहां तक ​​कि मैंने तो शास्त्रीय संगीत को बक़ायदा सीखा है और संगीत में बीए ऑनर्स भी किया है।
अपनी यादों को साझा करते हुए परिणीती ने कहा कि किशोरावस्था से ही मैं गाने लगी थी। यहां तक ​​कि दीदी प्रियंका चोपड़ा और अंकल यानी प्रियंका के पापा के साथ मंच पर भी गाया करती थी।

जब गाने में महारत हासिल है और आवाज़ भी अच्छी है, तो अभी तक म्यूजिक एल्बम क्यों नहीं लॉन्च किया। जबकि प्रियंका का एक म्यूजिक एल्बम लॉन्च हो चुका है। इसके बारे में परिणीती अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहती हैं कि मुझे इंडस्ट्री में महज चार साल ही हुए हैं। पहले मैं ख़ुद को अभिनेत्री के रूप में स्थापित करना चाहती हूं। उसके बाद संगीत की तरु ध्यान दूंगी।

मचाएंगी 'धूम'

अफवाहों का बाज़ार गरम है कि 'धूम' फ्रेंचाइज़ी की अगली कड़ी में परिणिती नज़र आ सकती हैं। इस बार परी और ऋतिक रोशन की जोड़ी बन सकती है। इस एक्शन पैक्ड फिल्म में ईशा देओल, एश्वर्या राय, बिपाशा बसु और कटरीना कैफ़ सरीखी तारिकाएं नज़र आ चुकी हैं। इसके अलावा ख़बर यह भी कि 'बाहुबली' फेम अभिनेता प्रभाष भी 'धूम 4' का हिस्सा बन सकते हैं।

'धूम 3' को निर्देशित करने वाले विजय कृष्ण अचार्य ही 'धूम 4' का भी निर्देशन करेंगे। आपको बता दें कि 'धूम 3' हिंदी सिने इंडस्ट्री में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी।

संबंधित ख़बरें
आगे फिल्म समीक्षा: फितूर