दीपिका को अवॉर्ड मिलने पर होती ज़्यादा खुशी - भंसाली

63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा होने के बाद सितारों की प्रतिक्रियाएं बाहर आ रही है। किसी को अवॉर्ड मिलने की खुशी है, तो कोई किसी अपने को अवॉर्ड न मिल पाने का मलाल जता रहा है। इसी कड़ी में फिल्म निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली की भी प्रतिक्रिया आई है। भंसाली कहना है कि कंगना एक बेहतरीन अदाकारा हैं, लेकिन 'बाजीराव मस्तानी' की अभिनेत्री दीपिका को अवॉर्ड मिलता तो ज़्यादा खुशी होती।

संजय लीला भंसाली को 'बाजीराव मस्तानी' के लिए 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का खिताब मिला, लेकिन दीपिका को सर्वश्रेष्ठ अदाकारा का पुरस्कार न मिलने पर वो दुखी हैं।
मुंबई। फिल्मकार संजय लीला भंसाली को 'बाजीराव मस्तानी' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। इसके लिए उन्होंने एक प्रेसवार्ता आयोजित की और इस पुरस्कार के मिलने पर खुशी जताई। 

भंसाली ने कहा कि बीते 25 सालों के मेहनत का नतीज़ा आज मुझे मिला। एक सपने को कई सालों से जी रहा था और जब वो परदे पर आया, तो बहुत सारी खुशिया लाया। दरअसल, भंसाली अपनी फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' को काफी पहले से बनाना चाह रहे थे। लेकिन कुछ न कुछ कारणों से हर बार टल जाती थी।

आखिरकार उन्होंने इसे बना ही लिया। निजी पुरस्कार समारोहों के साथ राष्‍ट्रीय पुरस्कार भी इस फिल्म के नाम दर्ज हो गय। लेकिन, भंसाली काे एक बात का मलाल भी है। उन्हें उनकी फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' की 'मस्तानी' यानी दीपि‍का को अवॉर्ड न मिलने का दुख है। 

आपको बता दें कि इस साल सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री कंगना और सर्वश्रेष्‍ठ अभिनेता अमिताभ बच्चन को घोषित किया गया है। भंसाली ने प्रेसवार्ता में कहा कि कंगना एक बेहतरीन अभिनेत्री हैं, लेकिन मेरी दिली इच्छा थी कि दीपिका या प्रियंका यह पुरस्कार जीतें। दीपिका की अदाकारी जबरदस्त थी और प्रियंका की भी लाजवाब थी।

उन्होंने कहा, ‘ज्यूरी को कंगना बेहतर लगीं और मैं भी इससे सहमत हूं। उन्होंने ‘तनु वेड्स मनु रिट्नर्स’ में कमाल का काम किया है। मैं कंगना के लिए बहुत खुश हूं, लेकिन बतौर निर्माता-निर्देशक चाहता था कि प्रियंका या दीपिका जीतें।’

भंसाली को ‘बाजीराव मस्तानी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भविष्य में कंगना को फिल्म में लेने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मैं भविष्य के बारे में बात नहीं कर सकता। यह योजना पर निर्भर करता है। 

कंगना को 'बेस्ट गिफ्ट '

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को रोमांटिक हास्य फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' के लिए 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री घोषित किया गया। फिल्म में दोहरी भूमिका निभाई थी। कंगना ने इस पुरस्कार को अपने जन्मदिन का सर्वश्रेष्ठ तोहफा बताया है। 

कंगना ने एक बयान में कहा, ‘यह मेरे लिए अब तक का जन्मदिन का सबसे बेहतरीन तोहफा है। मैं बहुत उत्साहित हूं और खुद को धन्य महसूस कर रही हूं, खास तौर पर इसलिए क्योंकि मेरे साथ ही अमिताभ बच्चन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया है।' 

कंगना ने तीसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किया है। इससे पहले वह साल 2009 में आई फिल्म ‘फैशन' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार अपने नाम कर चुकी हैं और बीते साल वे ‘क्वीन' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार पा चुकी हैं। 

संबंधित ख़बरें
आगे बिपाशा बनेंगी करण की 'तीसरी' पत्नी