16 अक्टूबर से शुरू हो रहा है 'बिग बॉस-10'

कलर्स टीवी के पॉपुलर रिएलिटी शो 'बिग बॉस 10' के ऑनएयर होने की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा कलर्स के सीईओ राज नायक ने अपने ट्विटर अकाउंट से की। एक प्रोमो के साथ उन्होंने यह जानकारी दी है। 'बिग बॉस 10' 16 अक्टूबर, रविवार को रात 9 बजे से शुरू हो रहा है। 

'बिग बॉस 10' 16 अक्टूबर से शुरू हो रहा है
मुंबई। चर्चित रिएलिटी 'बिग बॉस-10' का इंतजार सभी को है। सलमान भी इसके नए-नए प्रोमोज देते दिखे, जिससे लोगों के बीच 'बिग बॉस-10' को लेकर काफी जिज्ञासा है। अब इसके दर्शकों के लिए अच्छी ख़बर है। यह शो अगले महीने यानी 16 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। 

कलर्स चैनल के सीईओ राज नायक ने ट्वीट कर शो के एक नए प्रोमो और इसके ऑनएयर होने की जानकारी दी है। 16 अक्टूबर, रविवार को रात 9 बजे से शुरू हो रहा यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 10:30 बजे दिखाया जाएगा। 

ग़ौरतलब है कि इससे पहले शो के कई प्रोमो रिलीज किए जा चुके हैं। शो के होस्ट इस बार भी सलमान खान ही होंगे। हालांकि इस बार इस शो में आम आदमी की भी एंट्री होनी है। शो के प्रोमोज में सलमान कहते नजर आते हैं ‘जो कभी ना देखा वो होगा इस बार, आएंगे पहलवान, चित्रकार या बेचने वाले अखबार, क्योंकि ये आप ही का घर है यार'। इसकी टैग लाइन से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार शो में सबकुछ हटके होगा। इस बार शो की टैगलाइन है, ’बिग बॉस टेन, विद कॉमन विमेन और मेन।’

इनके नाम की है चर्चा 

आपको बता दें सीजन-6 में वाइल्ड कार्ड के जरिए आम आदमी काशिफ कुरैशी की एंट्री हुई थी, लेकिन काशिफ शो में टीआरपी नहीं ला पाए और एक ही हफ्ते में वो घर से एलिमिनेट हो गए थे। शायद यही कारण है कि प्रोड्यूर्स ने कॉमन मैन के साथ कुछ सिलेब्स को भी शो में लाने की सोची है। इस बार भी कुछ कंटेस्टेंट के शामिल होने की चर्चा तेज़ है। आइए बताते हैं उनके बारे में... 

कबीर बेदी: कहा जा रहा है कि कबीर बेदी 'बिग बॉस-10' में हो सकते है। ग़ौरतलब है कि उनकी बेटी पूजा बेदी ने भी 'बिग बॉस 5' का हिस्सा रह चुकी हैं। 

शाइनी आहूजा: 'बिग बॉस-10' में शाइनी आहूजा के होने की संभावना जताई जा रही है। कई हिट फिल्मों के हिस्सा रहे शाइनी पर साल 2009 में अपनी नौकरानी से रेप का आरोप लगा था।

सना सईद: इस बार सना सईद के आने की भी संभावना जताई जा रही है। शाहरुख खान फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में बाल-कलाकार के रूप में अभिनय की शुरुआत की थी और करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में भी नजर आई थीं। 

राहुल राज: 'बिग बॉस-10' में राहुल राज के नाम की भी चर्चा है। राहुल राज पर अपनी गर्लफेंड और टीवी एक्ट्रेस प्रत्यूषा बनर्जी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। फिलहाल उनपर केस चल रहा है। 

राजा महाजन: 'बिग बॉस-10' में राजा महाजन के होने की खबर है। इन्होंने कई रियलिटी शोज को होस्ट किया है। 

सुनील ग्रोवर : 'गुत्थी' के नाम से मशहूर सुनील ग्रोवर को भी 'बिग बॉस-10' देखा जा सकता है। 

अरमान जैन: 'बिग बॉस-10' में अरमान के होने की खबर है। बॉलीवुड के मशहूर कपूर खानदान से ताल्लुक रखने वाले अरमान जैन, राज कपूर की बहन रीमा जैन के बेटे हैं। अरमान ने फिल्म 'लेकर हम दीवाना दिल' से बॉलीवुड में कदम रखा था। 

राधे मां: 'बिग बॉस-10' में राधे मां की आने की संभवाना है। ग्लैमरस अंदाज में चौकी पर विराजमान राधे मां भले ही अपने भक्तों के बीच पूजी जाती हों, लेकिन उनका नाम कई विवादों से जुड़ा हुआ है। 

गुरमीत राम रहीम: वहीं गुरमीत राम रहीम के होने की अफवाह है। डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक और उपदेशक बाबा गुरमीत राम रहीम फिल्म और गानों में भी अपना हाथ आजमा चुके हैं। गुरमीत राम रहीम ने टीवी अभिनेता और जाने-माने कॉमेडियन कीकू शारदा उर्फ पलक को मिमिक्री करने के आरोप में जेल भिजवाया था। 

नक्षत्र बागवे: 'बिग बॉस-10' में नक्षत्र के होने की भी ख़बरे हैं। समलैंगिक मुद्दों पर फिल्में बनाने के कारण ये हमेशा चर्चा में रहते हैं. इन्होंने फिल्म 'हार्ट्स' में लीड रोल भी निभाया है।