सोनाक्षी सिन्हा करेंगी ‘सर्कस’, ‘पापा’ बनेंगे सुनील शेट्टी

अब ख़बर है कि सोनाक्षी सिन्हा कॉरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस की फिल्म ‘सर्कस’ में मुख्य भूमिका निभाती नज़र आएंगी। फिल्म में उनका किरदार ट्रेपीज़ आर्टिस्ट का होगा। वहीं इस फिल्म में अभिनेता सुनील शेट्टी उनके पिता की भूमिका में होंगे। 

सोनाक्षी सिन्हा की अगली फिल्म होगी सर्कस
मुंबई। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने एक के बाद एक महिला केंद्रित भूमिका करती जा रही हैं। हाल ही में ‘अकीरा’ और फिर ‘नूर’ में अपनी दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोहा। अब ख़बर है कि वो बॉस्को मार्टिस की फिल्म ‘सर्कस’ में अहम भूमिका निभाने जा रही हैं।

कॉरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस फिल्म निर्देशन में अपना कदम रखने जा रहे हैं। उनकी डेब्यू फिल्म का नाम ‘सर्कस’ होगा। पहले ख़बर थी कि इस फिल्म को बॉस्को ने कुछ बेहद अहम बदलावों के चलते थोड़े दिनों के लिए टाल दी है, लेकिन ताज़ा जानकारी के अनुसार बॉस्को जल्दी से फिल्म की शूटिंग शुरू करना चाहते हैं। 

वहीं पहले इस फिल्म परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिका निभा रही थीं, लेकिन कुछ दिनों पहले ही परिणीति ने बॉस्को के इस प्रोजेक्ट से अपना हाथ खींच लिया। वहीं परिणीति के अपोज़िट सूरज पंचोली को बॉस्को ने साइन किया था, लेकिन सूरज भी अपने अन्य कमिंटमेंट का बहाना कर फिल्म से अलग हो गए। 

बॉस्को की इस फिल्म को बचाने के लिए सोनाक्षी आगे आई हैं। इस फिल्म में सोनाक्षी के किरदार के बारे में बताया जा रहा है कि वो एक ट्रेपीज़ आर्टिस्ट के किरदार में होंगी। वहीं दूसरी तरफ उनके पिता की भूमिका में सुनील शेट्टी होंगे। 

सुनील इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। सुनील को लगता है कि यह फिल्म लार्जर देन लाइफ की परिभाषा को साकार करती है। साथ ही सोनाक्षी के साथ काम करने को लेकर भी वो ख़ासे उत्साहित हैं। 

इस फिल्म को लेकर एक और बात सामने आई है कि फिल्म के दोनों कलाकारों को जिम्नॉस्ट और एक्रोबेट्स की कला को भी सीखना होगा, क्योंकि फिल्म में फ्लैशबैक में ट्रेपेज़ के सीक्वेंस होंगे। वहीं ख़बर है कि दोनों कलाकार एक अंतरराष्ट्रीय दल के साथ वर्कशॉप करेंगे। इस वर्कशॉप के जरिये ही वो अपनी तैयारी पूरी करेंगे। 

इस फिल्म की शूटिंग जुलाई में शुरू होने की संभावना है। ‘सर्कस’ की अधिकतर शूटिंग अमेरिका में की जाएगी।

संबंधित ख़बरें