रणवीर सिंह ने दाढ़ी-मूंछ ‘कुर्बान’ कर बदला ‘लुक’

रणवीर सिंह ने एक बार फिर अपना लुक चेंज़ कर लिया है और अपने लुक चेंज़ प्रोसेस के वीडियो को उन्होंने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ के लिए ही उन्होंने पहले अपनी दाढ़ी और मूंछे बढ़ाई थीं। 

रणवीर सिंह बिफोर एंड आफ्टर लुक
मुंबई। रणवीर सिंह ने अपने दाढ़ी-मूंछ की कुर्बानी दे दी है और ख़बरें हैं कि यह कुर्बानी निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ के लिए दी गई है। 

दरअसल, इस फिल्म में रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने अपनी दाढ़ी-मूंछ दोनों को बढ़ाया था। कुछ दिनों तक तो सार्वजनिक समारोहों में वो बकायदा आंखों में सूरमा लगा कर पहुंचा करते थे। 

ख़ैर, अब रणवीर ने अपनी काफी बढ़ा चुकी दाढ़ी-मूंछों को ट्रिम करवा दिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म ‘पद्मावती’ के लिए ही रणवीर ने यह कदम उठाया है। दरअसल, रणवीर जल्दी ही अलाउद्दीन खिलजी के युवावस्था वाले दिनों की शूटिंग करने वाले हैं। 

रणवीर उन बॉलीवुड कलाकारों में शुमार हैं, जो अपनी हर एक्टिविटी को अपने फैंस के साथ साझा करते हैं। अब ऐसे में नए लुक के प्रोसेस को भी सोशल करने का मन बनाया। 

रणवीर ने सबसे पहले अपनी कटी हुई दाढ़ी-मूंछ की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की और कैप्शन लिखा, ‘आई विल मिस यू’। फिर ट्रिमिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। साथ ही नए लुक और पुराने लुक यानी ‘बिफोर-आफ्टर’ की तस्वीर भी साझा की।

रणवीर सिंह ने अपनी कटी दाढ़ी मूंछ की तस्वीर डाली

उनके इन वीडियो पर फोटो पर फैंस भी खूब लाइक और कमेंट कर रहे हैं। 

वैसे, यह कारनाम रणवीर कोई पहली दफा नहीं कर रहे हैं। इससे पहले भी जब उन्होंने फिल्म ‘बाजीराव-मस्तानी’ के लिए अपनी मूंछे बढ़ाई थी, तो उसको भी उन्होंने अपनी कथित गर्लफ्रेंड अभिनेत्री दीपिका से कटवाया था। 

रणवीर की मूंछों को दीपिका ने कैंची कुतरा था और इस मौक़े का वीडियो भी रणवीर ने साझा किया था। अपने अलहदा स्टाइल, लुक्स के साथ हमेशा कुछ न कुछ करते ही रहते हैं। कई बार तो उनका स्टाइल स्टेटमेंट और ड्रेसिंग सेंस लोगों को हैरत में डाल देता है। 

ग़ौरतलब है कि हाल ही में जी क्या पत्रिका द्वारा जारी साल 2017 के 50 प्रभावशाली युवाओं में रणवीर सिंह का नाम भी शामिल हुआ। इस इवेंट में भी रणवीर हमेशा की तरह ‘हटकर’ के लिबास में नज़र आए। 

हर बार की तरह इस बार भी सबका रिएक्शन उनके इस अवतार पर मिला-जुला ही रहा। लेकिन रणवीर की कथित गर्लफ्रेंड दीपिका की प्रतिक्रिया चौंकाने वाली रही। 

दरअसल, रणवीर ने ट्विटर पर इस इवेंट में पहनी ड्रेस के साथ एक तस्वीर शेयर की, बता दें रणवीर का यह आउटफिट डिज़ाइनर राजेश प्रताप सिंह ने तैयार किया था। रणवीर की इस तस्वीर को दीपिका ने री-पोस्ट करते हुए लिखा, ‘नहीं…!’ इसके साथ ही उन्होंने तीन इमोटिकॉन्स भी शेयर किए, जिनकी आंखें बंद थीं।

संबंधित ख़बरें