‘संदीप और पिंकी फरार’ में बनेगी परिणीति-अर्जुन की जोड़ी

यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली फिल्म ‘संदीप और पिंका फरार’ में दिखेंगे परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर। इन दोनों की जोड़ी पहली बार पांच साल पहले आई फिल्म ‘इश्क़जादे’ में नज़र आई थी। फिल्म की आधिकारिक घोषणा यशराज फिल्मस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर की गई। 

परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर नज़र आएंगे संदीप और पिंकी फरार में
मुंबई। पांच साल पहले आई यशराज फिल्म्स की फिल्म ‘इश्क़जादे’ बॉक्स ऑफिस पर कामयाब रही थी। इस फिल्म में अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी नज़र आई थी। इस जोड़ी को लोगों ने काफी पसंद भी किया था।

हालांकि, फिल्म ‘इश्क़जादे’ परिणीति के करियर की दूसरी और अर्जुन कपूर की पहली फिल्म थी। अब एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर यह जोड़ा नज़र आने वाला है। यशराज फिल्म्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ की घोषणा की गई। 



दिबाकर बैनर्जी के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में अर्जुन और परिणीति लीड पेयर की रूप में नज़र आने वाले हैं। फिल्म में अर्जुन और परिणीति ऐसे किरदारों में होंगे, जो देश के अलग-अलग हिस्सों से ताल्लुक़ रखते हैं।

फिल्म को लेकर अर्जुन और परिणीति ने भी ट्विटर पर अपनी खुशी जाहिर की। उत्साहित परिणीति ने कहा कि ‘इश्क़जादे’ के बाद मैं और अर्जुन, दिबाकर के साथ काम करने का सपना देखा करते थे। परिणीति ने आगे लिखा कि उनकी फिल्में काफी अलग होती हैं और लोगों के मन पर अपनी छाप छोड़ जाती हैं। मैं इस फिल्म के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। 

वहीं अर्जुन ने कहा कि अपने घर (यशराज फिल्म्स) वापस लौटने के जैसा अहसास है। आदि सर और अपनी पहली को-स्टार के साथ काम करने का अनुभव कमाल का है। मैं दिबाकर और परिणीति के साथ फरार होने के लिए पूरी तरह तैयार और उत्साहित हूं। 

ग़ौरतलब है कि दिबाकर बैनर्जी की यशराज फिल्म्स के साथ यह तीसरी फिल्म होगी। इससे पहले दिबाकर ने यशराज फिल्म्स के साथ ‘तितली’ और ‘ब्योमकेश बख्शी’ बना चुके हैं। 

इस फिल्म के बारे में दिबाकर ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि यह मेरी पहली फिल्म है। मैं इस फिल्म में दो ऐसे लोगों की कहानी दिखाने वाला हूं, जो एक-दूसरे को देखना भी नहीं चाहते और एक-दूसरे के बिना रह भी नहीं पाते। 

संबंधित ख़बरें