नहीं रहे बॉलीवुड के सबसे चार्मिंग अभिनेता शशि कपूर

बॉलीवुड के पितामह कहे जाने वाले पृथ्वीराज कपूर के सबसे छोटे बेटे अभिनेता शशि कपूर का 79 साल की उम्र में निधन हो गया। शशि कपूर, राज कपूर और शम्मी कपूर के छोटे भाई थे। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 

शशि कपूर का हुआ निधन
मुंबई। हिन्दी सिने जगत के सबसे चार्मिंग अभिनेताओं में से एक शशि कपूर ने फानी दुनिया को अलविदा कह दिया। 79 साल के शशि कपूर ने मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में आखिरी सांस ली। कई बार बाइपास सर्जरी करवा चुके शशि कपूर फिलहाल सीने में इंफेक्शन से पीड़ित थे। बीते दिन सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थे।

शशि कपूर न सिर्फ उम्दा अभिनेता थे, बल्कि उन्होंने बतौर प्रोड्यूसर भी काफी काम किया है। सिनेमा जगत में दिए गए योगदान के लिए उनको साल 2011 में उनको पद्मभूषम से नवाजा गया। फिर साल 2015 में उन्हें 2014 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शशि कपूर, राज कपूर और शम्मी कपूर के छोटे भाई थे। बता दें कि शशि कपूर का असली नाम बलबीर कपूर था। उन्होंने बतौर चाइल्ड एक्टर अपने भाई राज कपूर की फिल्म ‘अवारा’ और ‘आग’ में काम किया। 

शशि कपूर ने अपने सिने करियर में तकरीबन 160 फिल्मों, जिनमें 148 हिंदी और 12 अंग्रेज़ी फिल्में शामिल हैं, में काम किया।

60-70 के दशक में उनकी कई यादगार फिल्मों में बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया। उन फिल्मों ‘जब जब फूल खिले’, ‘कन्यादान’, ‘शर्मीली’, ‘आ गले लग जा’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘चोर मचाए शोर’, ‘दीवार’, ‘कभी-कभी’ और ‘फकीरा’ के साथ और भी कई शुमार हैं। 

साल 1984 में पत्नी जेनिफर की कैंसर से मौत के बाद शशि कपूर काफी अकेले रहने लगे थे और उनकी तबीयत भी बिगड़ती गई। बीमारी की वजह से शशि कपूर ने फिल्मों से दूरी बना ली। शशि कपूर और जेनिफर के तीन बच्चे हैं। उनकी बेटी संजना और बेटे करण और कृणाल।

संबंधित ख़बरें