‘नमस्ते इंग्लैंड’ ने पूरा किया अर्जुन कपूर का सपना

अर्जुन कपूर का बरसों का सपना फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’ की वजह से पूरा होने जा रहा है। दरअसल, अर्जुन की दिली ख्वाहिश थी कि वो पंजाब में जाकर रहे और इस फिल्म की वजह से उनको यह मौका मिला है। ‘नमस्ते इंग्लैंड’ की शूटिंग के लिए पूरे 30 दिन अर्जुन पंजाब में रहेंगे।

अर्जुन कपूर  का सपना हुआ पूरा
मुंबई। एक फिल्म ने अर्जुन कपूर की दिली ख्वाहिश को पूरा कर दिया। अर्जुन खुद को कट्टर पंजाबी कहते हैं और चाहते थे कि वो एक पंजाबी मुंडे की तरह पंजाब में रहे और वहां का खान-पान और आब-ओ-हवा का पूरा का पूरा मज़ा लें।

उनकी इस इच्छा को फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’ ने पूरा कर दिया। दरअसल, इस फिल्म की शूटिंग के लिए अर्जुन पूरे तीस दिन पंजाब में बिताने जा रहे हैं। विपुल शाह की फिल्म की शूटिंग 22 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं।

वैसे तो अर्जुन पंजाब में कुछ वक्त बिताना चाहते थे, वो वहां की संस्कृति और भोजन सभी का लुत्फ उठाना चाहते थे, लेकिन ऐसा हो न सका। हालांकि, कई बार फिल्मों के प्रमोशन के लिए या किसी फिल्म के लिए एक या दो दिन के लिए अर्जुन पंजाब तो गए हैं, लेकिन उसे सिर्फ झलक भर ही मानते रहे हैं। अबकी बार वो पूरे एक महीना पंजाब में बिताएंगे। यह सोच कर ही वो काफी खुश हैं।

अर्जुन के करीबी सूत्र ने बताया कि फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’ की शूटिंग पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में पूरे एक महीने होगी। इन तीस दिनों में वो पूरी तरह से पंजाब में घुल-मिल जाना चाहते हैं।

बकौल अर्जुन मैं कई सालों से पंजाब जाकर वहां रहना चाहता था। पंजाबी होने के नाते मैं उस ज़मीन की आब-ओ-हवा को महसूस करना चाहता हूं। वहां का स्वाद और संस्कृति सबकुछ समाहित करना चाहता हूं। मैं पंजाब में शूट करने का इंतज़ार नहीं कर सकता। यह मेरी ज़िंदगी का सबसे यादगार शूट होने वाला है।

बता दें कि फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’ फिल्म ‘नमस्ते लंदन’ की सीक्वल है। फिल्म में अर्जुन के अपोज़िट परिणीति चोपड़ा होंगी।

संबंधित ख़बरें