कंगना रनौत और राजकुमार राव करेंगे ‘थ्रिलर’

एक बार फिर राजकुमार राव और कंगना रनौत स्क्रीन शेयर करते नज़र आएंगे। इस बार इन दोनों को साथ लाने का काम एकता कपूर और शैलेश आर सिंह करने जा रहे हैं। फिलहाल कंगना ‘मणिकार्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ में व्यस्त हैं और राजकुमार राव ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ की तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन जल्दी ही ये दोनों कलाकार इस थ्रिलर फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। 

कंगना रनौत और राजकुमार राव करेंगे थ्रिलर फिल्म
मुंबई। राजुकमार राव और कंगना रनौत ने फिल्म ‘क्वीन’ में स्क्रीन शेयर किया था। इसके बाद ये दोनों माहिर कलाकार अलग-अलग फिल्मों में नज़र आए। लेकिन अब एकता कपूर और शैलेश आर सिंह इन दोनों कलाकारों को एक साथ लेकर आ रहे हैं। 

दरअसल, ये दोनों प्रोड्यूसर मिलकर एक ‘थ्रिलर’ फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसके लिए कंगना रनौत और राजकुमार राव के नाम पर मुहर लग चुकी है। इस थ्रिलर को साउथ के मशहूर निर्देशक के राघवेंद्र राव के बेटे प्रकाश कोवेलामुडी करने वाले हैं। साथ ही इस फिल्म की स्क्रिप्ट को प्रकाश कोवेलामुडी की पत्नी कनिका ढिल्लो ने लिखा है। 

एक अंग्रेजी अखबार में छपी ख़बर की माने, तो यह फास्ट पेस्ड फिल्म होगी, जिसको लंदन और मुंबई में सेट किया गया है। राजकुमार राव ने हाल ही में इस फिल्म की स्क्रिप्ट सुनी है और उनको काफी पसंद आई है। अब सबकुछ ठीक रहा, तो इस फिल्म की शूटिंग मार्च से शुरू हो सकती है। 

फिलहाल राजकुमार राव ‘फन्ने खान’ के अलावा शैली धर की फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ पर काम कर रहे हैं। उसके बाद वो एकता कपूर की इस फिल्म को लेकर तैयारियां शुरू करेंगे।

वहीं कंगना रनौत इन दिनों ‘मणिकार्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ की शूटिंग कर रही हैं। उसके बाद वो भी इस थ्रिलर को लेकर तैयारियां शुरू कर देंगी। हालांकि, अभी तक इस थ्रिलर फिल्म का टाइटल तय नहीं किया गया है और आधिकारिक पुष्टि भी होना बाकी है। 

इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट्स की माने, तो दोनों कलाकार एक बार फिर से काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। कुछ समय पहले ही राजकुमार राव ने एक इंटरव्यू में कंगना की तारीफ करते हुए कहा था कि हम दोनों अच्छे दोस्त हैं। इस दोस्ती की शुरुआत ‘क्वीन’ के से पर ही हुई थी। कंगना को खुश करना बड़ा ही आसान है।

संबंधित ख़बरें