Sui Dhaaga : अनुष्का शर्मा को वरुण धवन ने कराई साइकिल की सवारी

वरुण धवन और अनुष्का शर्मा की आगामी फिल्म ‘सुई धागा’ से एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें अनुष्का शर्मा को वरुण साइकिल की सवारी करवाते नज़र आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वरुण ने यह सवारी एक या दो घंटे नहीं बल्कि दस घंटे तक करवाई है। 

सुई धागा में साइकिल की सवारी
मुंबई। इन दिनों वरुण धवन और अनुष्का शर्मा फिल्म ‘सुई धागा’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। हालांकि, कुछ दिन पहले अनुष्का शर्मा अपनी फिल्म ‘परी’ के लिए वापस मुंबई आई थीं। तब उनके पति विराट और उनकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं। 

ख़ैर, अब यशराज फिल्म्स की ‘सुई धागा’ के सेट से एक नई और दिलचस्प तस्वीर सामने आई है, जिसमें वरुण धवन साइकिल चला रहे हैं और पीछे कैरियर पर अनुष्का शर्मा बैठी हुई हैं। मध्यप्रदेश के चंदेरी में इस फिल्म की शूटिंग चल रही है। सूत्रों की माने, तो फिल्म में एक सीन है, जिसमें मौजी अपनी पत्नी ममता को साइकिल पर बैठा कर कहीं ले जाता है। 

अब इस फिल्म में वरुण बने हैं मौजी और अनुष्का बनी हैं ममता। इस सीन को करने के लिए दोनों सितारों को धूप में दस घंटे तक काम करना पड़ा। वरुण को तो अनुष्का को बैठा कर दस घंटे तक साइकलिंग भी करनी पड़ी। ये वाकई थका देने वाला अनुभव रहा होगा। 

फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहनी है कि फिल्म के निर्माता फिल्म को एकदम ज़मीनी रख कर बनाना चाहते हैं। तभी तो एक्टर्स के लुक से लेकर ड्रेस तक सब देसी रखा गया। वहीं इस फिल्म के किरदार जिस क्षेत्र से संबंध रखते हैं, वहीं साइकिल का ही इस्तेमाल किया जाता है। अब ऐसे में इनको साइकिल से सवारी तो करवानी ही पड़ेगी। 

ग़ौरतलब है कि दोनों सितारों के फिल्म के फर्स्टलुक को देखकर दिलचस्पी बढ़ गई है। जहां वरुण देसी पेंट-शर्ट में नज़र आए, वहीं अनुष्का ने भी देसी तरीक़े से साड़ी पहनी हुई थी। यहां तक कि साड़ी भी बेहद सस्ती सी लग रही थी। वहीं मेकअप की बात करें, तो सहज सी बिंदी और भरी मांग की सिंदूर में अनुष्का की तस्वीर सामने आई थी। 

वरुण हुए घायल

वहीं बीते दिनों ख़बरें आई थीं कि फिल्म के एक सीन के दौरान अभिनेता वरुण धवन घायल भी हो गए थे। दरअसल, वरुण को एक सीन करना था, जिसके लिए बॉडी डबल का प्रयोग करना था, लेकिन वरुण ने बॉडी डबल के प्रयोग से मना कर दिया। इस सीन को वो खुद ही शूट करना चाहते थे। इस सीन को शूट करने में टाइमिंग की गड़बड़ की वजह से वो घायल हो गए और उनके माथे पर कट्स भी आ गए। इस वजह से डॉक्टर को भी बुलाना पड़ा। हालांकि, वरुण ने चोट लगने के बाद भी शूटिंग रोकने से मना कर दिया। 

यह फिल्म शरत कटारिया के निर्देशन में बन रही है और इसे मनीष शर्मा प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह फिल्म 28 सितंबर 2018 को सिनेमाघरों में उतरेगी।

संबंधित ख़बरें