बॉलीवुड की इन हिट जोड़ियों का होगा ‘रीयूनियन’

इस साल कई हिट जोड़ियों को रीयूनियन देखने को मिलेगा। हाल ही में करण जौहर की फिल्म ‘कलंक’ के लिए माधुरी दीक्षित और संजय दत्त एक साथ काम करने को तैयार हो गए हैं। 21 साल बाद यह दोनों कलाकार किसी फिल्म में नज़र आएंगे। ऐसे ही कुछ और जोड़ियां हैं, जो अरसे बाद सिल्वर स्क्रीन पर नज़र आएंगी।

Bollywood hit pairs reunion this year

मुंबई। एक लंबे अरसे के बाद माधुरी दीक्षित और संजय दत्त स्क्रीन शेयर करने जा रहे थे। इन दोनों की आखिरी फिल्म ‘महानता’ थी, जो साल 1997 में रिलीज़ हुई थी। इसके बाद फिर कभी दोनों एक साथ सिल्वर स्क्रीन पर नज़र नहीं आए। हालांकि, 90 के दशक में इन दोनों की ‘प्रेम’ की चर्चा जोरों पर थी।

बाद में संजय दत्त कानूनी पचड़ों में फंसते चले गए और माधुरी भी ब्याह करके अमेरिका चली गई। फिलहाल दोनों अपनी-अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ गए हैं। ऐसे में साथ में काम करने से दोनों को गुरेज नहीं है। बता दें इस फिल्म में पहले श्रीदेवी को कास्ट किया गया था, लेकिन उनके अचानक निधन से अब उनकी जगह माधुरी को लिया गया है।

जब से माधुरी के फिल्म में आने की बाद सामने आई है, तब से ख़बरों का बाज़ार गर्म था कि संजय दत्त शायद यह फिल्म छोड़ दें, या फिर माधुरी उनको फिल्म से निकलवा दें। अब यह दोनों ही ख़बरें बुधवार को निराधार साबित हुई। करण जौहर ने स्टारकास्ट के साथ फिल्म का पोस्टर भी जारी कर दिया। पोस्टर में माधुरी के साथ संजय का भी नाम है। 

ख़ैर, जिस तरह से इन दोनों सितारों का सिल्वर स्क्रीन पर रीयूनियन होने जा रहा है, वैसे ही कुछ और हिट जोड़ियां, जो एक बार फिर रीयूनियन करेंगी।

सलमान खान-प्रियंका चोपड़ा

सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ में प्रियंका चोपड़ा कास्ट कर ली गई हैं और इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी गई है। अली अब्बास जफर के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रियंका और सलमान की जोड़ी अरसे बाद बन रही है। ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’, ‘सलाम ए इश्क़’ और ‘मुझसे शादी करोगी’ में प्रियंका, सलमान के साथ जोड़ी बना चुकी हैं। हालांकि, दस साल बाद इन दोनों की जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर नज़र आने वाली है।

सलमान खान-अनिल कपूर

यह दोनों कलाकार भी दस सालों के बाद स्क्रीन शेयर करने जा रहे थे। यह दोनों साल 2008 में आई फिल्म ‘युवराज’ में नज़र आए थे। फिलहाल यह दोनों दस साल बाद फिल्म ‘रेस 3’ में स्क्रीन शेयर करते नज़र आएंगे। दोनों अभिनेताओं को साथ देखने के लिए दर्शक काफी उत्सुक हैं। बता दें फिल्म ‘रेस 3’ में अनिल कपूर एक पुलिसवाले के किरदार में हैं, जबकि सलमान खान ग्रे शेड में नज़र आएंगे।

सोनम कपूर-रणबीर कपूर

फिल्म ‘सांवरिया’ से अपना एक्टिंग करियर शुरू करने वाले रणबीर कपूर और सोनम कपूर 11 साल के बाद एक बार फिर स्क्रीन शेयर करते नज़र आएंगे। बता दें कि फिल्म ‘सांवरिया’ के बाद इन दोनों ने कोई भी फिल्म नहीं की। बताया जाता है कि दोनों के बीच मतभेद हो गया था, जिसकी वजह से यह दोनों साथ काम नहीं करना चाहते थे। ख़ैर, समय बीता और यह दोनों अब एक साथ काम करने को तैयार हैं। यह दोनों संजय दत्त की बायोपिक ‘दत्त’ में स्क्रीन शेयर कर रहे हैं।

माधुरी दीक्षित-अनिल कपूर

कभी माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर ऑन स्क्रीन की हिट जोड़ी माने जाते थे। ‘बेटा’, ‘राम लखन’, ‘तेजाब’, ‘परिंदा’ और ‘पुकार’ सरीखी कई फिल्मों में इन दोनों की जोड़ी नज़र आई है। इनकी जोड़ी की आखिरी फिल्म ‘पुकार’ थी, जो साल 2000 में रिलीज़ हुई थी। उस फिल्म के बाद यह दोनों फिल्म ‘लज्जा’ में भी थे, लेकिन स्क्रीन शेयर नहीं किया था। इस लिहाज से अब तकरीबन 18 साल बाद यह दोनों एक बार फिर से स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। यह दोनों इंद्र कुमार की फिल्म ‘टोटल धमाल’ में नज़र आने वाले हैं।

संबंधित ख़बरें
21 साल बाद साथ आएंगे माधुरी दीक्षित और संजय दत्त
सलमान खान की ‘भारत’ में होगी प्रियंका चोपड़ा अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित करेंगे ‘टोटल धमाल’