सलमान खान ने कल एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थी, जिसमें वो एक बच्चे को अपने हाथों में उठाए हुए हैं। इस तस्वीर के साथ सलमान ने यह भी लिखा था कि वो इस लड़के को लॉन्च करने जा रहे हैं। तब से उस मिस्ट्री बॉय को लेकर लोगों ने पड़ताल शुरू कर दी थी। ख़ैर, सलमान ने अब इस मिस्ट्री बॉय की पहचान जाहिर कर दी। इस लड़के का नाम है, ज़हीर इक़बाल। बाकी की जानकारी के लिए आगे पढ़िए....

मुंबई। सोनाक्षी सिन्हा, ज़रीन खान, स्नेहा उल्लाल, डेज़ी शाह, अथिया शेट्टी, सूरज पंचोली, आयुष शर्मा...इन लोगों को हिन्दी सिने जगत में लाने का श्रेय सलमान खान को जाता है। बीते कुछ सालों में सलमान खान नए टैलेंट्स को फिल्म इंडस्ट्री में प्रवेश करवाने में काफी सक्रियता दिखा रहे हैं। इसी कड़ी में नया नाम है, ज़हीर इक़बाल।
दरअसल, कल सलमान ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वो एक बच्चे को अपनी बगल में दबाए हुए थे। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा था, ‘कल होगा लॉन्च...कल देखते हैं ये लड़का आज कैसा दिखता है।’
सलमान के इस ट्वीट के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया। अपने-अपने हिसाब से सबने अनुमान लगाया। लेकिन अलसुबह ही सलमान ने इस राज़ से पर्दे उठाया और बताया कि इस लड़के का नाम ज़हीर इक़बाल है।
ज़हीर के पिता इक़बाल और सलमान बचपन के दोस्त हैं। इनके बीच की गहराई का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि करीबी पारिवारिक समारोहों में इनका परिवार उपस्थित रहता है। हालांकि, उनका फिल्मी दुनिया से कोई वास्ता नहीं है।
ख़ैर, अब बात करते हैं, कि यदि फिल्मी दुनिया से कोई लेना-देना नहीं, तो फिर बॉलीवुड में आने की योजना कैसे बनीं। हुआ यूं कि सलमान की बहन अर्पिता की शादी में सलमान ने ज़हीर को परफॉर्म करते हुए नोटिस किया और फिर उनको अभिनेता बनाने का मन बना लिया।
सलमान ने ज़हीर को पूरा समय दिया और उनको ट्रेंड किया और जब वो पूरी तरह से तैयार हो गए हैं, तो उनको लॉन्च करने की घोषणा कर दी है। सलमान, ज़हीर को ‘ज़हीरो’ नाम से पुकारते हैं और ज़हीर का ट्विटर अकाउंट भी इसी नाम से बना हुआ है।
ज़हीर, अक्सर सलमान की तस्वीरों में नज़र आया करते थे, लेकिन तब तक उनकी सलमान से नज़दीकी जाहिर नहीं थी। सलमान ने ज़हीर का फोटोशूट खुद ही किया है। इससे पहले सलमान ने सिर्फ ऋतिक रोशन के फोटोशूट के लिए कैमरा संभाला था।
बता दें कि सलमान उन्हें कश्मीर पर बनी एक लव स्टोरी के जरिये बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे हैं। सलमान खान फिल्म्स, मुराद खेतानी और अश्विन वर्दे इस फिल्म को प्रोड्यूस करने जा रहे हैं। फिलहाल फिल्म का टाइटल और लीड एक्ट्रेस दोनों ही तय नही हुई हैं। हालांकि, इसे नितिन कक्कड़ निर्देशित करेंगे। नितिन इससे पहले साल 2013 में आई फिल्म ‘फिल्मिस्तान’ का निर्देशन कर चुके हैं।
वहीं सलमान ने ज़हीर के पिता इक़बाल को लेकर भी अपना एक राज़ ट्विटर पर खोला। उन्होंने एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘और ये मेरे बचपन का दोस्त इक़बाल है, किशोरावस्था में वो मेरा बैंक होता था। मुझे आज भी इसे 2011 रुपये देने हैं। शुक्र है भगवान का कि ये ब्याज नहीं लेता। बेटे को लॉन्च कर रहा हूं, तो बाप की फोटो तो पोस्ट कर सकता हूं। प्यारी फोटो।’
संबंधित ख़बरें