हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक ‘सूरमा’ का ट्रेलर रिलीज़

अभिनेता दिलजीत दोसांझ और अभिनेत्री तापसी पन्नू अभिनीत फिल्म ‘सूरमा’ का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। यह फिल्म हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक है। इस ट्रेलर में एक खिलाड़ी के बनने की कहानी की कुछ झलकियां दिखाई गई हैं, जो काफी दिलचस्प और रोचक है। 

सूरमा का ट्रेलर जारी
मुंबई। बॉलीवुड में अपने पैर जमाने में जुटे अभिनेता दिलजीत दोसांझ की चौथी फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक ‘सूरमा’ में दिलजीत केन्द्रीय भूमिका निभा रहे हैं, जबकि तापसी पन्नू फिल्म में उनकी लव इंट्रेस्ट की भूमिका में नज़र आ रही हैं। फिल्म में अंगद बेदी भी अहम किरदार में हैं। 

ट्रेलर की शुरुआत में दिखाई देता है कि एक साधाराण पंजाबी लड़का, जिसे हॉकी प्लेयर लड़की से इश्क़ हो जाता है। अपने प्यार को पाने के लिए वो साधाराण पंजाबी लड़का भी हॉकी प्लेयर बनने निकल जाता है। इस खेल में वो अपना मुकाम भी हासिल करता है। 

साधाराण पंजाबी लड़के के किरदार में दिलजीत हैं, तो हॉकी प्लेयर लड़की की भूमिका तापसी निभा रही हैं। 

ट्रेलर में दिखाया गया है कि अपने करियर के बेहतरीन दौर से गुज़र रहे संदीप सिंह देश को मैडल दिलाने के लिए जी-जान से जुटे हुए, तभी अचानक एक दिन उनको गोली लग जाती है। गोली लगने के कारण उनको लकवा मार जाता है और व्हीलचेयर पर आ जाते हैं। इस हादसे के बाद न सिर्फ वो अपने खेल से दूर हो जाते हैं, बल्कि अपने प्यार को भी खो देते हैं। 

इन मुश्किलों से जूझते हुए भी संदीप ने हार नहीं मानी, वो अपनी मेहनत और लगन के बल पर आगे आते हैं। 

एक खिलाड़ी के संघर्ष की कहानी को निर्देशक शाद अली ने निर्देशित किया है। फिल्म 13 जुलाई को सिनेमाघरों में उतर रही है। 

संबंधित ख़बरें