‘मेंटल है क्या’ में कंगना रनौत निभा रही हैं यह किरदार

इन दिनों फिल्म ‘मेंटल है क्या’ की शूटिंग में कंगना रनौत व्यस्त हैं। हाल ही में इस फिल्म में कंगना के किरदार को लेकर नया खुलासा हुआ है। यूं तो इस फिल्म के पोस्टर्स ने ही खलबली मचा दी थी। उसके बाद शूटिंग की तस्वीरों ने भी उत्सुकता बढ़ा दी है। 

मेंटल है क्या
मुंबई। कंगना रनौत अपने फिल्मों और किरदारों का चुनाव काफी देख-परख कर करती हैं। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने ‘मणिकार्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी’ की शूटिंग पूरी की है और अब वो अपने अगले प्रोजेक्ट ‘मेंटल है क्या’ में व्यस्त हो चुकी हैं। 

फिल्म ‘मेंटल है क्या’ में कंगना के अलावा राजुकमार राव भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की घोषणा के साथ ही दोनों के लुक पोस्टर्स भी रिलीज़ किए गए थे। इन पोस्टर्स ने दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। 

ख़ैर, फिलहाल कंगना के किरदार को लेकर एक नई जानकारी मिली है। ख़बरों की माने, तो कंगना फिल्म में वॉइस ओवर आर्टिस्ट के किरदार में नज़र आने वाली हैं। अपने इस किरदार में जान फूंकने के लिए कंगना कड़ी मेहनत कर रही हैं। 

फिल्म से जुड़े सूत्रों ने एक वेबपोर्टल को बताया है कि कंगना अपने किरदार में जान डालने के लिए प्रोफेशनल वॉइस ओवर आर्टिस्ट से ट्रेनिंग ले रही हैं। 

फिलहाल फिल्म की शूटिंग लंदन में चल ही है। यहां 35 दिन का शेड्यूल है। यह सबसे लंबा शूटिंग शेड्यूल है। दरअसल, लंदन के सेंट्रल लंदन, लंदन टॉवर ब्रिज, ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट और ब्रॉडवे थिएटर जैसी कई खूबसूरत जगहों पर कई अहम सीन फिल्माए जाने हैं, इसलिए इतना लंबा शेड्यूल रखा गया है। 

इस फिल्म को एकता कपूर और शैलेश सिंह प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं फिल्म का निर्देशन प्रकाश कोवलमुडी कर रहे हैं। फिल्म में कंगना और राजकुमार के अलावा अमायरा दस्तूर भी हैं। ख़बरें हैं कि अमायरा फिल्म में राजकुमार की लव इंट्रेस्ट की भूमिका में होंगी। 

फिल्म के किरदार में जान फूंकने के लिए राजुकमार राव भी पीछे नहीं हैं। कुछ दिनों पहले राजकुमार ने भी अपने कान छिदवाये हैं। 

बता दें राजकुमार राव और कंगना रनौत फिल्म ‘क्वीन’ में एक साथ नज़र आए थे। उसके बाद इस फिल्म में दिखाई देंगे। हालांकि, फिल्म के लिए कंगना पहली पसंद नहीं थी। कंगना से पहले इस किरदार के लिए करीना को प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन बोल्ड कंटेंट के चलते उन्होंने फिल्म करने से मना कर दिया। 

संबंधित ख़बरें